"चाहे तुझको रब बुला ले, हम न रब से डरने वाले"..., साथी को बचाने के लिए 16 आईपीएस अफसरों की जद्दोजहद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बैचमेट सुरेंद्र दास को बचाने के लिए 16 आईपीएस अफसर दिन-रात जद्दोजहद कर रहे हैं। यूपी, दिल्ली में एक्मो मशीन नहीं मिली तो साथियों ने मशक्कत कर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मदद से मुंबई से मशीन और डॉक्टरों की टीम चार्टर प्लेन से बुलाई। कानपुर में रीजेंसी अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि विदेश के भी किसी हॉस्पिटल में सुरेंद्र को इलाज के लिए भर्ती कराते तो इसी तरह से इलाज किया जाता। इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता है।
सुरेंद्र कुमार दास के जहरीला पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही लखनऊ इंटेलीजेंस की एसीपी चारू निगम, लखनऊ के एसपी विक्रांत, लखनऊ के आईजी सुजीत पांडेय, फतेहपुर की एसपी पूजा यादव, उत्तराखंड में तैनात आईपीएस मंजूनाथ कानपुर पहुंच गए। डॉक्टरों से बात कर पूछा कि सबसे बेहतर इलाज कैसे और कहां मिल सकता है।
डॉक्टरों ने बताया कि जिंदगी बचाने के लिए लाइफ सपोर्ट सिस्टम एक्मो मशीन की जरूरत है। उससे कृत्रिम दिल और फेफड़े मूल अंगों को आराम देकर उसे सुधारने में मदद करेंगे। इसके बाद सभी आईपीएस ने लखनऊ, दिल्ली समेत देश के कई हॉस्पिटलों में पता किया लेकिन कहीं भी पोर्टेबल एक्मो मशीन नहीं मिली।
आखिरकार साथियों का प्रयास रंग लाया और स्वास्थ्य मंत्रालय की मदद से मुंबई से डॉक्टरों की टीम और एक्मो मशीन का प्रबंध किया गया। चार्टर प्लेन से चंद घंटे में डॉक्टरों की टीम एक्मो मशीन के साथ रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंच गई।
इसके बाद से आईपीएस रवीना त्यागी और उनके पति आईआरएस गौरव, आईपीएस डॉ. सतीश, अभिनंदन, अनूप, दिल्ली में तैनात राजीव रावल, अंकित मित्तल, श्लोक और मनीलाल पाटीदार रीजेंसी पहुंच गए। डॉक्टरों से लेकर इलाज तक का जिम्मा सभी ने मिलकर उठाया।
सुरेंद्र कुमार के स्वास्थ्य के लिए उनके मित्रों और शुभ चिंतकों ने सोशल मीडिया पर दुआओं का दौर शुरू किया है। मां इंदू पूजन-पाठ कर रही हैं। जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर के व्यवस्थापक रामराज यादव के मुताबिक मंदिर में एसपी के जीवन की रक्षा के लिए लगातार पूजा-पाठ चल रहा है।
3.50 लाख रुपये पुलिस मुख्यालय से जारी
एसपी पश्चिम संजीव सुमन ने बताया कि सुरेंद्र कुमार के इलाज के लिए पुलिस मुख्यालय से बजट जारी कराने की कोशिश की जा रही है। अभी तक तीन किस्तों में 3.50 लाख रुपये पुलिस मुख्यालय से जारी हो चुका है। मुंबई से टीम बुलाने में आईपीएस चारू निगम, पूजा यादव, डॉ.मंजूनाथ, मंजू राठी, विशाल सिंह, रवीना त्यागी और उनके पति गौरव, लखनऊ के आईजी सुजीत कुमार ने अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया।
केंद्रीय स्वास्थ्य निदेशालय के जनसंपर्क अधिकारी सचिन ने भी संपर्क किया। शुक्रवार को भी उनके बैच के कई आईपीएस के अलावा कई सीनियर आईपीएस अफसर भी अस्पताल में डटे रहे। एडीजी अविनाश चंद्र, एसएसपी अनंत देव ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हाल लिया।