फोटो 31 एचएएमपी 04- मृतक जितेंद्र वर्मा की फाइल फोटो। परिजन
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। बिरखेरा गांव निवासी राजकुमार वर्मा ने बताया कि उसका बड़ा भाई जितेंद्र वर्मा (32) पुत्र महावीर परिवार सहित अलग रहता था। उसके हिस्से में ढाई बीघा खेती है, जिसे उसने गिरवी रखा है। वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। बताया कि तीन दिन पहले उसकी ऑटो खराब हो गई थी, जिसे ठीक कराने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। उसने गांव में कई लोगों से उधार लेने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसे उधार नहीं दिया। आशंका जताई कि इसी से परेशान होकर उसने गुरुवार को सुबह करीब नौ बजे सल्फास खा लिया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी ज्योति, पुत्र शुभम, सुभाष एवं अर्पित को रोता बिलखता छोड़ गया है। पुलिस कानपुर में ही उसका पोस्टमार्टम करा रही है। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है, अगर कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद