अयोध्या गोलीकांड: ...जब शहर में लगा था कर्फ्यू, हर मोहल्ले से हुई थी गिरफ्तारी, उस वक्त को भूल न पाएंगे लोग
Meerut News : अयोध्या गोलीकांड को लोग कभी भूल नहीं पाएंगे। संयुक्त व्यापार संघ के संरक्षक अरुण वशिष्ठ ने बताया कि 1990 से 1992 के बीच उन्हें दो बार गिरफ्तार किया गया था। उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह की सरकार थी।
विस्तार
लालकृष्ण आडवाणी की अध्यक्षता में निकाली गई श्रीराम रथ यात्रा के बाद अयोध्या में 30 अक्तूबर 1990 से दो नवंबर 1990 के बीच गोलीकांड हुआ। घटना का वीडियो बनाया गया। वीडियो में पुलिस निहत्थे कारसेवकों को घरों से खींच-खींचकर निकाल रही थी। हर घर में यह वीडियो कैसेट चलाई गई।
इसके बाद हर बच्चे, युवा और बुजुर्ग में आक्रोश पनप गया। सैकड़ों लोगों ने राम मंदिर आंदोलन में शामिल होने की शपथ ली। मेरठ में विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी, यात्राएं निकालीं गईं। पुलिस ने सैकड़ों कारसेवकों को गिरफ्तार भी किया।
संयुक्त व्यापार संघ के संरक्षक अरुण वशिष्ठ ने बताया कि 1990 से 1992 के बीच उन्हें दो बार गिरफ्तार किया गया। उस वक्त मुलायम सिंह मुख्यमंत्री थे। हर सक्रिय भाजपाई, आरआरएस और विहिप के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की गई। उनके अतिरिक्त विजय कर्णवाल, कैप्टन देवरथ, कुलवंत सिंह, जतन स्वरूप, कृष्ण अवतार रस्तौगी की भी गिरफ्तारी हुई।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने बताया कि अयोध्या गोलीकांड के समय वह भाजपा महानगर महामंत्री थे। मेरठ से लगातार जत्थे अयोध्या के लिए रवाना हो रहे थे। लाला का बाजार में वह रह रहे थे। घरों में अयोध्या गोलीकांड की वीसीआर पर पिक्चर दिखाई गई। शहर में विभिन्न जगह बैठक हुई। इससे पूर्व रथ यात्रा में भी सक्रिय रहे।
यह भी पढ़ें: Mission 2024: कांग्रेस ने मेरठ से किया चुनावी शंखनाद, इमरान मसूद बोले- राम हमारे आराध्य, हम सब राम के वंशज
हर हिंदू ने सुनी थी साध्वी ऋतंभरा की ऑडियो
संयुक्त व्यापार संघ मंत्री संजीव जिंदल ने बताया कि कंकरखेड़ा से भी काफी संख्या में कारसेवक राम मंदिर आंदोलन में शामिल होने के लिए गए। विजय त्रिपाठी, सुरेश मल्होत्रा, मुकेश कुमार सहित कई कारसेवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शामली जेल में रखा। बाजार में लगातार प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया गया। घर-घर में साध्वी ऋतंभरा की ऑडियो बज रही थी।
यह भी पढ़ें: Shamli News: ISI एजेंट कलीम का भाई तहसीम गिरफ्तार, फरार सदस्यों की तलाश जारी