एक करोड़ की साइबर ठगी: जस्ट डायल से जाल, सैकड़ों बनाए शिकार, अंतरराज्यीय गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार
बागपत पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जस्ट डायल के जरिए लोगों को झांसे में लेकर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं।
विस्तार
बागपत पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जस्ट डायल प्लेटफार्म पर कॉल करने वाले लोगों को झांसे में लेकर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, कार, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
शनिवार को पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम बली निवासी व्यापारी संदीप अग्रवाल ने नौ अप्रैल को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर जस्ट डायल (Justdial) प्लेटफार्म के माध्यम से सॉफ्ट ड्रिंक सप्लाई के लिए कॉल की थी। इसके बाद उनके पास अज्ञात नंबरों से कॉल आने लगीं और आरोपियों ने खुद को सप्लायर बताकर झांसे में ले लिया।
आरोपियों ने सॉफ्ट ड्रिंक सप्लाई करने का भरोसा देकर उनसे करीब 80 लाख रुपये के माल की बुकिंग करवा ली। इसके एवज में व्यापारी से अलग-अलग बैंक खातों में 2.15 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए, लेकिन न तो माल उपलब्ध कराया और न ही रकम वापस की।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल मार्केट विवाद: सेटबैक पॉलिसी का विरोध, पलायन के पोस्टर लेकर धरने पर बैठी महिलाएं, बच्चे भी शामिल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी पुत्र प्रमोद और आदित्य सिंह उर्फ लक्की पुत्र नागेंद्र सिंह निवासी ग्राम गुरगवां थाना जलालाबाद (शाहजहांपुर), उत्कर्ष प्रताप सिंह पुत्र उदयवीर सिंह निवासी ग्राम पिथनापुर थाना अमृतपुर, अंकुर सिंह पुत्र इतेंद्र सिंह और आकाश सिंह पुत्र पुष्पेंद्र सिंह निवासी ग्राम तुषोर थाना राजेपुर (फर्रुखाबाद), आयुष पाल पुत्र संजय कुमार पाल निवासी सूर्यनगर भरवालिया थाना लालगंज (बस्ती), अतुल सिंह पुत्र उदय प्रकाश सिंह निवासी आदित्यपुरम कॉलोनी (अयोध्या) और सुमित पुत्र उमेश कुमार निवासी जगदीशपुर पोस्ट कमलापुर (सीतापुर) शामिल हैं।
हथियार, कार और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, एक तमंचा .312 बोर, दो कारतूस, एक हुंडई ऑरा कार, 11 मोबाइल फोन, चार लैपटॉप, 24 सिम कार्ड, एक टैबलेट और दो डेबिट/एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
गिरोह का सरगना अश्वनी
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का सरगना अश्वनी है। गिरोह के कई सदस्य उच्च शिक्षित भी हैं। इनमें अतुल, उत्कर्ष और अंकुर सिंह एमबीए, आयुष पाल बीसीए, सुमित बीबीए तथा आदित्य सिंह बीएससी का छात्र है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।