सेंट्रल मार्केट विवाद: सेटबैक पॉलिसी का विरोध, पलायन के पोस्टर लेकर धरने पर बैठी महिलाएं, बच्चे भी शामिल
मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट विवाद को लेकर सेक्टर-2 के लोग धरने पर बैठ गए। स्थानीय निवासियों ने सेटबैक पॉलिसी का विरोध करते हुए प्रशासन से निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।
विस्तार
मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को सेक्टर-2 के स्थानीय निवासी धरने पर बैठ गए और सेटबैक पॉलिसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि उनके मकान पहले से ही छोटे हैं। ऐसे में यदि सेटबैक नीति लागू की गई तो उनके घरों का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: ATS की जांच में खुलासा: नेपाल भागने की फिराक में था उवैद, आकिब ने दिए थे पाकिस्तानी हैडलर्स के नंबर
दी आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय निवासियों ने साफ शब्दों में कहा कि वे अपने घरों में किसी भी हालत में सेटबैक पॉलिसी लागू नहीं होने देंगे। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने इस नीति को जबरन लागू करने की कोशिश की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से इस मामले में पुनर्विचार करने और आम लोगों के हित में व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की। उनका कहना है कि इस नीति से हजारों परिवारों के सामने आवास का संकट खड़ा हो सकता है। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में तोड़ी जा रही है दुकान और खुल रहा है बाजार
शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट में नगर निगम की कार्रवाई के तहत कई दुकानों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सेटबैक पॉलिसी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत यह कदम उठाया जा रहा है।
इस बीच बाजार भी धीरे-धीरे खुलने लगा है। कुछ दुकानदारों ने दुकानें खोल दी हैं, जबकि कई व्यापारी और स्थानीय लोग अभी भी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात है ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके।