Meerut: कांवड़ियों के दो गुटों में मारपीट, हेड कांस्टेबल से भी धक्का-मुक्की, गंगाजल चोरी की दूसरी घटना
दिल्ली-दून हाईवे पर बाइक और पैदल कांवड़ियों के बीच मामूली टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल से भी अभद्रता की गई। दूसरी ओर हरिद्वार में मेरठ के एक शिवभक्त का गंगाजल चोरी हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल नए गंगाजल की व्यवस्था कर उसकी यात्रा दोबारा शुरू कराई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के दौराला क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे पर रविवार देर रात बाइक की टक्कर के बाद पैदल और बाइक सवार कांवड़ियों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के वेश में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी दौराला भेजा।
बाइक की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार नई दिल्ली की देवली कॉलोनी निवासी विकास मिश्रा हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौतमबुद्धनगर के बिसरख निवासी सोनू यादव और उसका साथी गुड्डू बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। आरोप है कि उनकी बाइक विकास की कांवड़ से टकरा गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: Baghpat: सास-बहू और जेठानी-दौरानी ने साथ उठाई कांवड़, दिया पारिवारिक एकता का संदेश
बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल से भी अभद्रता
मारपीट की सूचना पर कांवड़ियों के वेश में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कांवड़ियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और हेड कांस्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की व मारपीट कर दी। घटना में हेड कांस्टेबल समेत कई कांवड़ियों को चोटें आईं।
पुलिस ने घायलों का कराया उपचार
दौराला पुलिस ने मौके से एक बाइक और एक स्कूटी कब्जे में ली। घायल सोनू, आयुष, सागर, विकास और गुड्डू को सीएचसी दौराला भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पूछताछ में सामने आया कि बाइक सवार कांवड़िए हरिद्वार जाते समय एक ढाबे पर अपना बैग भूल गए थे। बैग लेने के लिए वे वापस कांवड़ मार्ग पर लौटे, तभी यह विवाद हो गया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बाइक की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों का मेडिकल कराकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
उधर, हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ के पास मेरठ के मोदीपुरम निवासी अर्जुन उर्फ भोले की कांवड़ से गंगाजल चोरी होने का मामला सामने आया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और नए गंगाजल की व्यवस्था कराई। इसके बाद कांवड़ यात्री ने अपनी यात्रा दोबारा शुरू की। सीओ बहादराबाद संजय चौहान ने बताया कि पुलिस ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराकर श्रद्धालु को सुरक्षित उसके गंतव्य के लिए रवाना कराया।