Meerut: 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल; तेजाब पीने के बाद खुला मामला
मेरठ के सरधना क्षेत्र में 10वीं की छात्रा ने दो युवकों पर अपहरण कर दुष्कर्म करने, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। छात्रा के तेजाब पीने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के सरधना क्षेत्र में 10वीं की छात्रा ने दो युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। छात्रा द्वारा तेजाब पीने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
ट्यूशन आते-जाते छेड़छाड़ का आरोप
पीड़िता के भाई की तहरीर के अनुसार 17 वर्षीय छात्रा पिछले चार महीने से ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले अमान और अमन रास्ते में उसके साथ लगातार छेड़छाड़ करते थे। विरोध करने या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
यह भी पढ़ें: Kanwad Yatra: मेरठ में आज से वन-वे ट्रैफिक, डायवर्जन लागू, मेट्रो व नमो भारत स्टेशनों के ये गेट रहेंगे बंद
कार में ले जाकर दुष्कर्म और वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक 26 मई को ट्यूशन से लौटते समय दोनों आरोपी उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि इस दौरान अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए गए। इसके बाद वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया गया।
ब्लैकमेल और रुपये मांगने का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी छात्रा पर लगातार दबाव बनाते रहे। वहीं 28 जुलाई को जुबैर नाम के एक युवक ने भी फोन कर उसके पास फोटो होने का दावा किया और मिलने का दबाव बनाया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने रुपये की भी मांग की थी।
तेजाब पीने के बाद सामने आया मामला
परिजनों के अनुसार लगातार ब्लैकमेल से परेशान होकर छात्रा ने तेजाब पी लिया। अस्पताल में होश आने के बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में नामजद दो मुख्य आरोपी अमान और अमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। अस्पताल में भर्ती छात्रा की स्थिति सामान्य होने पर उसके विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।