Meerut: कमरे में डबल बेड के नीचे बना था तहखाना, अंडरग्राउंड चल रही थी हथियार फैक्टरी, कई राज्यों में सप्लाई
मेरठ में पुलिस ने अल्लीपुर गांव में डबल बेड के नीचे बने तहखाने में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 11 शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में पिस्टल, तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में पुलिस ने एक बड़े शस्त्र तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अल्लीपुर गांव में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि हथियार बनाने की यह फैक्टरी मकान के तहखाने में चल रही थी, जिसका रास्ता डबल बेड के नीचे छिपाया गया था।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में बने और अधबने हथियार, कच्चा माल और उपकरण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हथियारों की सप्लाई करता था।
यह भी पढ़ें: Meerut: मेरठ में अप्रैल में ही जून जैसी तपिश, 72 घंटे तक लू का अलर्ट, आंधी से शहर की बिजली भी गुल
कब्रिस्तान के पास किराये के मकान में चल रही थी फैक्टरी
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि लोहियानगर क्षेत्र से लंबे समय से शस्त्र निर्माण और तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसके बाद स्वाट टीम, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और लोहियानगर पुलिस को जांच के लिए लगाया गया।
जांच में सामने आया कि अल्लीपुर गांव में कब्रिस्तान के पास एक किराये के मकान में अवैध शस्त्र फैक्टरी संचालित की जा रही थी। यहां पिस्टल और तमंचे बनाए जाते थे। पुलिस ने असलम निवासी इस्लामाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों उमर निवासी खतौली, इरफान निवासी मुरादाबाद, नदीम और रहीमुद्दीन निवासी अल्लीपुर के नाम बताए।
डबल बेड के नीचे छिपा था तहखाने का रास्ता
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मकान के अंदर गुप्त तहखाना बना रखा था, जिसका रास्ता एक डबल बेड के नीचे छिपाया गया था। बाहर से देखने पर किसी को भी इसका अंदाजा नहीं होता था।
तहखाने में पूरी तरह से हथियार बनाने की फैक्टरी स्थापित थी, जहां मशीनें और उपकरण लगाए गए थे। पुलिस को यहां से .32 बोर की 8 पिस्टल मैगजीन सहित, तीन अधबनी पिस्टल, दो स्लाइड, दो बैरल, 12 मैगजीन, एक ग्राइंडर और कई अन्य उपकरण बरामद हुए।
दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में सप्लाई
एसएसपी के अनुसार यह गिरोह वेस्ट यूपी के कई जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब तक हथियारों की सप्लाई करता था। आरोपियों ने पूछताछ में सैकड़ों पिस्टल और तमंचे बेचने की बात भी स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि एक पिस्टल 35 हजार से 65 हजार रुपये तक में बेची जाती थी। फिलहाल पुलिस हथियार खरीदने वालों की पहचान करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

कमेंट
कमेंट X