सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Impact of Rapid and Meerut Metro: Meerut will become the hub of housing in NCR-West UP

रैपिड और मेरठ मेट्रो का असर: एनसीआर-वेस्ट यूपी में आवासों का हब बनेगा मेरठ, बढ़ेगा फ्लैट कल्चर और कॉलोनियां

संकल्प रघुवंशी, मेरठ Published by: मोहम्मद मुस्तकीम Updated Mon, 23 Feb 2026 12:43 PM IST
विज्ञापन
सार

Meerut News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ को मेट्रो की सौगात दे दी है। रैपिड भी अब मोदीपुरम से लेकर दिल्ली के सराय काले खां तक चल गई है। ऐसे में दिल्ली और आसपास के लोगों का रुझान मेरठ की तरफ बढ़ना तय माना जा रहा है। 

Impact of Rapid and Meerut Metro: Meerut will become the hub of housing in NCR-West UP
मेरठ के मोहकमपुर से गुजरती रैपिड ट्रेन।
विज्ञापन

विस्तार

मेरठ के गली-कूचों में नए युग की ताजगी और आधुनिकता की रोशनी फैल गई है। दिल्ली, एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ आवासीय हब के रूप में रफ्तार पकड़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में बढ़ती जमीन की कीमतों और सीमित उपलब्धता के चलते निवेशक और घर खरीदार मेरठ की ओर आकर्षित हो रहे हैं। रियल एस्टेट डेवलपर्स की रिपोर्ट में मेरठ को वाइब्रेंट सिटी के रूप में स्थान दिया गया है। शहर में विकसित हो रही प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टाउनशिप के लिए मोहिउद्दीनपुर और छज्जूपुर में 150 हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है। अप्रैल से इस परियोजना में प्लॉटिंग की तैयारी शुरू हो जाएगी।
Trending Videos

 

आवास एवं विकास परिषद की ओर से गंगा एक्सप्रेस-वे और बिजली बंबा बाईपास पर सलेमपुर, ततीना, नरहेड़ा, बजौट आदि दस गांव की भूमि पर न्यू टाउनशिप बनाई जानी है। शासन इसे मंजूरी दे चुका है और विभाग की ओर से किसानों से सहमति के आधार जमीन लेने को कैंप लगाए जा रहे हैं। लोगों के रुझान का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आवास एवं विकास परिषद की ओर से माधवपुरम में 30 प्लॉट के लिए आवेदन मांगे गए थे। इनके लिए 2029 आवेदन आए, जो संपत्तियों के प्रति रुझान साफ बता रहा है। इसमें मेरठ ही नहीं दिल्ली, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुड़गांव, चंडीगढ़ तक से लोगों ने आवेदन किए थे।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

नमो भारत के शुरू होने से अब दिल्ली तक का सफर महज 55 मिनट में तय हो जाएगा। शहर के भीतर मेट्रो चलेगी। इसके 13 स्टेशन हैं, जबकि नमो भारत मेरठ साउथ से अभी तक न्यू अशोक नगर तक चल रही थी। अब शहर में भी नमो भारत का प्रवेश हो गया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद अब नमो भारत से दिल्ली जाना आसान हो जाएगा। नमो भारत के मेरठ साउथ, शताब्दीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन हैं। दिल्ली से कनेक्टिविटी बढ़ने का सीधा असर लोगों के आवासीय क्षमता पर पड़ेगा।

प्रधानमंत्री ने उद्घाटन के दौरान कहा कि अब दिल्ली में नौकरी करने वालों को वहां किराए पर रहने की मजबूरी नहीं होगी। स्पष्ट है कि गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव आदि क्षेत्रों में नौकरी करने वाले मेरठ के लोग अब अपडाउन कर सकेंगे। एनसीआरटीसी की रिपोर्ट के मुताबिक नमो भारत के चलने से सड़कों से एक लाख वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। इससे कार्बन उत्सर्जन भी कम होगा, जो पर्यावरण हित में है। जागृति विहार एक्सटेंशन में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
 

इंटीग्रेटेड टाउनशिप में हर वर्ग के लिए होंगे मकान
पहले फेज के अंतर्गत मेडा 50 हेक्टेयर में ब्लॉक तैयार करेगा, जिसमें अप्रैल से प्लॉटिंग की तैयारी है। ढाई हजार करोड़ से विकसित होने वाले टाउनशिप में चौड़ी सड़कें होंगी और आसपास के गांव से फीडर मार्ग के जरिए कनेक्टिविटी होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते साल 4 अगस्त को मेरठ आकर नई टाउनशिप का शिलान्यास किया था। 
 

मेडा की प्लानिंग के मुताबिक इंटीग्रेटेड टाउनशिप में आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षिक, ग्रुप हाउसिंग, अस्पताल, हेल्थ क्लब आदि के लिए प्लॉट होंगे। इनमें उच्च आय वर्ग, मध्यम आय वर्ग, अल्प आय वर्ग और दुर्बल आय वर्ग के लिए मकान और प्लॉट होंगे। टाउनशिप में निवेशकों को लाने के लिए ग्रुप हाउसिंग के प्लॉट भी होंगे। मेडा स्वयं और निजी निवेशकों के जरिए टाउनशिप को विकसित करेगा।
 

इसी साल शुरू हो जाएगा गंगा एक्सप्रेस-वे
बिजौली से प्रयागराज तक बन रहे 594 किमी. लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का काम बेहद तेजी से चल रहा है। माना जा रहा है कि मई-जून तक इसे शुरू कर दिया जाएगा। मेरठ में 22 किमी. में गंगा एक्सप्रेस-वे का दायरा है। इस पर काम पूरा हो चुका है। वहीं अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील क्षेत्र में 23.60 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क बनकर तैयार हो गई है। 12 अक्तूबर निर्माण की अंतिम तिथि है। इससे पहले ही प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटिंग का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। 
 

गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण 12 चरणों में ही किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 36,400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अभी यह छह लेन का एक्सप्रेस वे है। लेकिन बाद में इसे आठ लेन तक चौड़ा किया जा सकेगा। 594 किमी. लंबा एक्सप्रेस-वे 12 जिलों के 516 गांवों से होकर गुजरेगा। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर बिजौली गांव से शुरू होकर यह एनएच-19 पर जुदापुर दादू गांव में पास तक होगा। गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ के बाद हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ से होता हुआ प्रयागराज पर खत्म होगा।
 

मेरठ में बढ़ेगा रियल एस्टेट
नमो भारत के शुरू होने से दिल्ली तक कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी। ऐसे में गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के लोगों की मेरठ में आवक होगी। यहां जमीन की कम कीमत होने से बेहतर आवासीय सुविधा मिलेंगी।
- अतुल गुप्ता, प्रबंध निदेशक एपेक्स ग्रुप।
 

संपत्तियों में बढ़ रहा रुझान
शहर में बन रहे एक्सप्रेस-वे और नमो भारत का चलना लोगों में संपत्तियों के प्रति रुझान बढ़ा रहा है। विभाग की व्यावसायिक संपत्तियों की ई-नीलामी में चार गुना तक संपत्ति की बोली लोग लगा रहे हैं।
- सुनील कुमार शर्मा, संपत्ति प्रबंधक आवास एवं विकास परिषद
 

फ्लैट खरीदने का बढ़ेगा चलन
अभी तक मेरठ में अपनी जमीन और अपनी छत का ही ट्रेंड है। अब दिल्ली तक नमो भारत के चलने से इसमें बदलाव आना निश्चित है। आने वाले दिनों में फ्लैट में रहने का चलन भी बढ़ने की उम्मीद है।
- कमल ठाकुर, महामंत्री रियल एस्टेट डेवलपर्स एसोसिएशन
 

मेरठ में शिफ्ट होंगे दिल्ली के लोग
दिल्ली में जमीन की कीमतें बहुत अधिक हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में यह भी संभव है कि दिल्ली से संपत्ति बेचकर लोग मेरठ में रहने लगें। ऊंची कीमत पर बेची गई संपत्ति से वह मकान और व्यापार दोनों कर सकेंगे।
- अजय गुप्ता, प्रबंध निदेशक इंडसवैली प्रा. लि.

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed