Meerut: किसानों ने किया कमिश्नरी का घेराव, गेट पर लगा ताला, सड़क पर हुक्का और ट्रैक्टर पर डीजे से प्रदर्शन
मेरठ में भाकियू टिकैत के बैनर तले किसानों ने कमिश्नरी और कलक्ट्रेट का घेराव किया। कमिश्नरी गेट पर ताला लगने के बाद किसानों ने सड़क पर बैठकर हुक्का पीया और ट्रैक्टर पर डीजे बजाकर प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले बड़ी संख्या में किसानों ने मंगलवार को कमिश्नरी और कलक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान हाथों में गन्ना और ज्वार की फसल लेकर कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य द्वार पर ताला लगवा दिया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। बाद में किसानों ने कमिश्नर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा और कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया।
कमिश्नरी के मुख्य द्वार पर लगा ताला, भारी पुलिस बल तैनात
मंगलवार सुबह करीब सवा 11 बजे बड़ी संख्या में किसान कमिश्नर कार्यालय के बाहर पहुंचे। किसानों ने हाथों में गन्ना और ज्वार की फसल लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने और हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने कमिश्नर कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगवा दिया।मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। किसान कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे और प्रशासन के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें: Meerut: कांवड़ यात्रा में डीजे की प्रतियोगिता पर रोक, स्टंटबाजी भी नहीं चलेगी, त्रिशूल-तलवार ले जाने पर पाबंदी
जिलाध्यक्ष ने दी चेतावनी, 10 मिनट में ज्ञापन नहीं लिया तो हंगामे के आसार
धरने के दौरान भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान दो घंटे से धरने पर बैठे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 10 मिनट में कमिश्नर ने ज्ञापन स्वीकार नहीं किया तो स्थिति बिगड़ सकती है। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद कमिश्नर के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और किसानों से ज्ञापन लिया।
हुक्का पीया, ट्रैक्टर पर डीजे बजाकर किया प्रदर्शन
कमिश्नर के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपने के बाद किसान हाथों में ज्वार की फसल लेकर नारेबाजी करते हुए करीब 500 मीटर दूर कलक्ट्रेट की ओर बढ़े। वहां उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कमिश्नर कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर हुक्का पीया। ट्रैक्टरों पर डीजे बजाकर नृत्य किया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का आरोप था कि समय मांगने के बावजूद अधिकारी उनसे मुलाकात नहीं करते हैं। इसी को लेकर किसानों में नाराजगी है और उन्होंने लंबित मांगों के समाधान की मांग की।