Meerut: हस्तिनापुर में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, नहर किनारे मिला शव, कई दिन से थे लापता
हस्तिनापुर में मध्य गंग नहर पटरी के पास एक लापता बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रहमापुर निवासी रूपराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
हस्तिनापुर कस्बे में मध्य गंग नहर पटरी के पास एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव रहमापुर निवासी रूपराम के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिन से घर से लापता थे।
तीन दिन से लापता थे बुजुर्ग
परिजनों के अनुसार रूपराम कस्बे में चाऊमीन की ठेली लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया गया कि पिछले चार दिनों से सड़क किनारे उनकी स्कूटी खड़ी देखी जा रही थी, जिससे लोगों में आशंका बढ़ गई थी। देर रात पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई तो सड़क से कुछ दूरी पर जंगल की ओर उनका शव पड़ा मिला।
यह भी पढ़ें: Meerut: बिना मान्यता चलने वाले स्कूलों पर कार्रवाई, संयुक्त टीम करेगी जांच और बंद कराएगी स्कूल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, जिससे कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इलाके में दहशत, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
बुजुर्ग का शव मिलने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।