UP: मालखाने के हथियारों की रिश्तेदारों के साथ तस्करी का खेल, हेड मोहर्रिर का राज खुलते ही महकमे में हड़कंप
मेरठ के मवाना में पुलिस ने अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कांधला थाने के हेड मोहर्रिर पर मालखाने से हथियार लाकर तस्करी कराने का आरोप लगाया है। पुलिस फरार पुलिसकर्मी और उसके साथी की तलाश कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के मवाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के एक कथित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी केशू यादव ने पूछताछ में बताया कि उसका चचेरा भाई और शामली के कांधला थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव कथित तौर पर थाने के मालखाने से हथियार और कारतूस लाकर उसे बेचने के लिए देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और उसका साथी तुषार फरार हैं।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
सीओ मवाना पंकज लवानिया के अनुसार, बृहस्पतिवार रात पुलिस टीम मखदूमपुर अड्डे और कुड़ी कमालपुर नहर पुल के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नहर पुल के पास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गांव मटौरा निवासी 22 वर्षीय केशू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल, .38 बोर की एक रिवॉल्वर, .315 बोर के तीन तमंचे, .315 बोर के छह कारतूस, .32 बोर का एक कारतूस और 1550 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में हेड मोहर्रिर का नाम सामने आया
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान केशू यादव ने बताया कि बरामद हथियार और कारतूस उसका चचेरा भाई अमित कुमार यादव उपलब्ध कराता था। अमित कुमार यादव वर्तमान में शामली जिले के कांधला थाने में मालखाने के हेड मोहर्रिर के पद पर तैनात है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि अमित कुमार यादव अपने पद का कथित रूप से फायदा उठाकर कांधला थाने से हथियार और कारतूस लाता था और उन्हें बेचने के लिए केशू यादव तथा तुषार को देता था। पुलिस का कहना है कि हथियारों की बिक्री से होने वाली कमाई का आधा हिस्सा अमित यादव को दिया जाता था, जबकि बाकी रकम केशू और तुषार आपस में बांटते थे।
पुलिसकर्मी और साथी की तलाश में दबिश
सीओ मवाना के अनुसार, इस कथित हथियार तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी केशू यादव के अलावा हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और मटौरा निवासी तुषार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरार हेड कांस्टेबल अमित कुमार यादव और उसके साथी तुषार की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि अमित यादव का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और शामली के कांधला थाने में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।