Meerut: किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, होटल में शराब पिलाकर की दरिंदगी, 25 दिन से थी लापता, सात गिरफ्तार
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय किशोरी को 25 दिन बाद हरियाणा के पानीपत से बरामद किया गया। किशोरी ने ओयो होटल में शराब पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले में सात आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के खरखौदा क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी को ओयो होटल ले जाकर पहले शराब पिलाई गई और फिर तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। 25 दिन बाद पुलिस और विशेष अभियान दल ने किशोरी को हरियाणा के पानीपत से बरामद कर लिया। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
25 अप्रैल से लापता थी किशोरी
जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल को खरखौदा कस्बे से किशोरी लापता हो गई थी। अगले दिन किशोरी की मां ने गंगानगर निवासी एक युवक के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार तलाश में जुटी हुई थी। करीब 25 दिन बाद खरखौदा पुलिस और विशेष अभियान दल ने किशोरी को हरियाणा के पानीपत से बरामद किया। पूछताछ में किशोरी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
यह भी पढ़ें: कपसाड़ कांड: उलझा उम्र का सवाल, मेडिकल रिपोर्ट में 19 साल, अब अदालत 29 मई को तय करेगी आरोपी बालिग या नाबालिग
होटल में शराब पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार किशोरी घर से निकलकर मेरठ पहुंची थी। वहां खरखौदा क्षेत्र के नालपुर गांव निवासी आकाश और ऋषभ उसे अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। आरोप है कि दोनों युवक उसे लालपुर स्थित एक होटल में ले गए, जहां उनका साथी सलमान भी पहुंच गया।
किशोरी का आरोप है कि वहां उसे पहले शराब पिलाई गई और फिर तीनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पूरी रात होटल में रखने के बाद अगले दिन सुबह उसे गांव कैली के पास छोड़ दिया गया।
हरिद्वार से पानीपत पहुंची किशोरी
होटल से निकलने के बाद किशोरी हरिद्वार पहुंच गई। वहां उसकी मुलाकात पानीपत निवासी हर्ष और शनि से हुई। दोनों युवक उसे अपने साथ पानीपत ले गए और अपने परिचित जाहिद के घर ठहरा दिया। इसी दौरान पुलिस को किशोरी के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के साथ ही हर्ष, शनि और जाहिद को भी हिरासत में ले लिया।
एक और युवक पर दुष्कर्म का आरोप
पूछताछ में किशोरी ने खरखौदा निवासी सैंकी नामक युवक पर भी कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आकाश, ऋषभ उर्फ मनदीप, सलमान और सैंकी समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं जिस युवक के खिलाफ शुरुआत में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जांच में उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
पॉक्सो अदालत में दर्ज हुए बयान
मेडिकल परीक्षण के बाद किशोरी को पॉक्सो अदालत में पेश किया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। अधिकारियों के अनुसार अब किशोरी को किशोर न्यायालय में भी पेश किया जाएगा, जिसके बाद तय होगा कि उसे किसके सुपुर्द किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई जारी है।