BSF जवान की एलानिया हत्या: होली पर पड़ोसियों ने दी थी गोली मारने की धमकी दी थी, चार पर दर्ज की प्राथमिकी
मेरठ के धनपुर गांव में बीएसएफ जवान नैन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। होली पर हुए विवाद में पड़ोसियों द्वारा धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में बीएसएफ के सिपाही नैन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार को उनका शव घर के कमरे में चारपाई पर पड़ा मिला, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब शनिवार दोपहर तक नैन सिंह अपने कमरे से बाहर नहीं निकले। पास के कमरे में सो रही छोटे भाई की पत्नी प्रियंका ने गली से बच्चों को बुलाकर कमरे में देखने के लिए भेजा। अंदर जाकर बच्चों ने देखा कि नैन सिंह के सिर में गोली लगी हुई है और वह चारपाई पर पड़े हैं। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: BSF जवान की हत्या: भाई की पत्नी बोली-रात को धमाका हुआ, बाहर देखा तो कुछ न था, 12 घंटे चारपाई पर पड़ा रहा शव
सूचना मिलने पर इंचौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह और एसओजी देहात प्रभारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की।
यह भी पढ़ें: BSF जवान की हत्या: भाई की पत्नी बोली-रात को धमाका हुआ, बाहर देखा तो कुछ न था, 12 घंटे चारपाई पर पड़ा रहा शव
होली पर हुई थी कहासुनी, दी थी धमकी
मृतक के पिता गरीब सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में पड़ोसी महेश और उसके बेटों प्रेम, नीशू और शिवम पर हत्या का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार कई साल पहले जमीन को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हुआ था, जो बाद में खत्म हो गया था।
हालांकि होली के मौके पर गाली गलौज को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया। आरोप है कि उस दौरान महेश और उसके बेटों ने उनके घर पर पथराव और फायरिंग की थी और उसी समय नैन सिंह को गोली मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि उस समय वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी तहरीर नहीं ली और उन्हें वहां से भगा दिया।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पड़ोसी महेश और उसके बेटे प्रेम, नीशू और शिवम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने महेश और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छुट्टी पर घर आया था जवान
परिजनों के अनुसार नैन सिंह बीएसएफ में सिपाही थे और उनकी तैनाती गुवाहाटी में थी। वह छह मार्च को छुट्टी लेकर घर आए थे और एक अप्रैल को वापस ड्यूटी पर जाने वाले थे। नैन सिंह की पत्नी कोमल पिछले दो वर्षों से पारिवारिक विवाद के कारण मेरठ में अलग रह रही है। उनके दो बच्चे हैं, जिन्हें वह चार दिन पहले ही फाजलपुर स्थित नाना के घर छोड़कर आए थे।