Meerut Metro: पीएम मोदी की मेरठ जनसभा की तैयारियां तेज, लगा जर्मन हैंगर, 1200 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
PM Modi Meerut Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेरठ जनसभा को लेकर मोहिउद्दीनपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। जर्मन हैंगर का काम अंतिम चरण में है और 1200 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे। SPG टीम भी जल्द मेरठ पहुंचेगी।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को लेकर मोहिउद्दीनपुर में तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। सभा स्थल पर लगाए जा रहे अत्याधुनिक जर्मन हैंगर का 80 प्रतिशत कार्य रविवार शाम तक पूरा कर लिया गया है।
सोमवार से पंडाल के भीतर पीएम के मुख्य मंच (डायास) का निर्माण कार्य शुरू होगा। 200 से अधिक कर्मचारी दिन-रात पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मोहिउद्दीनपुर स्थित इंटीग्रेटेड न्यू टाउनशिप की जमीन से पीएम मोदी कई बड़े संदेश देने की तैयारी में हैं। राजनीतिक जानकार इसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के आगाज के रूप में देख रहे हैं।
पीएम यहां से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन की सौगात देंगे। साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे, जेवर एयरपोर्ट और क्षेत्र के अन्य एक्सप्रेस-वे का उल्लेख कर विकास की तस्वीर पेश करेंगे। पीएम मोदी और योगी गन्ने के बढ़ाए गए रेट का हवाला देकर भी किसानों को साधने का काम कर सकते हैं। किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारी सभी को साधने की तैयारी जनसभा स्थल पर चल रही तैयारियों में भी देखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: UP: बिना नागरिकता के 30 साल से मेरठ में रह रहीं मां-बेटी, ISI के लिए जासूसी का आरोप, एफआईआर दर्ज
सुगम आवागमन के लिए बनाई जा रही भव्य गैलरी
प्रशासन ने जनसभा स्थल तक पहुंचने के लिए व्यापक रूट प्लान तैयार किया है। दिल्ली रोड से छज्जुपुर जाने वाले मार्ग पर नाले की पुलिया के पास एक सुंदर गैलरी बनाई जा रही है।गेझा रोड और दिल्ली रोड के दूसरे संपर्क मार्गों से भी जनता को सभा स्थल तक लाने की व्यवस्था है। पीएम के आगमन के चलते पीडब्ल्यूडी और एनसीआरटीसी ने दिल्ली रोड को गड्ढा मुक्त करने और जर्जर बिजली तारों को बदलने का काम तेज कर दिया है।
मोहिउद्दीनपुर और मोहकमपुर में हेलिपैड तैयार
रविवार शाम जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, नगरायुक्त सौरभ गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सभा स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि जर्मन हैंगर का काम लगभग 90% (अंतिम चरण) तक पहुंच गया है। सभा स्थल पर 5 और शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास मोहकमपुर फेज-2 में 5 हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। डीएम ने धूल कम करने के लिए पानी के छिड़काव और पार्किंग व्यवस्था को समय से दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
22 फरवरी को होने वाले इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, उप मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की प्रबल संभावना है। 10 हेलिपैडों का निर्माण इस बात का संकेत है कि यह केवल एक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं बल्कि एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक शक्ति प्रदर्शन होगा जिसका असर यूपी के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों पर भी पड़ेगा।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड करेगा आज से चेकिंग
मेरठ। मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी मेरठ दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए बारह सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर ली गई है, जिन्हें विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी सुरक्षा जांच अभियान में शामिल होंगे। मंगलवार को दिल्ली से विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के अधिकारी मेरठ पहुंचेंगे और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
मोहिउद्दीनपुर में प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी, कमिश्नर भानू चंद्र गोस्वामी, जिलाधिकारी डा. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुलिस अधीक्षकों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से संबंधित सभी पहलुओं पर चर्चा की।
नोडल अधिकारी एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मेरठ जोन का पुलिस बल बीस फरवरी तक मेरठ पहुंच जाएगा जिसकी सूची तैयार की जा रही है। लखनऊ मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों के साथ व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात होने वाले पुलिस अधीक्षकों, उप-अधीक्षकों, निरीक्षकों, उप-निरीक्षकों, हेड कांस्टेबल और महिला कांस्टेबल की विस्तृत सूची सोमवार शाम तक अंतिम रूप से तैयार कर ली जाएगी।
तैयार किया रुट डायवर्जन प्लान
मेरठ। प्रधानमंत्री के मेरठ आगमन को लेकर यातायात पुलिस ने एक विस्तृत रुट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि यह प्लान आज जारी कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से एसपी यातायात ने अपनी टीम के साथ मिलकर इस योजना को अंतिम रूप दिया है। संवाद