सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   UP: Five teams raid in three states in search of gangster Udham Singh; Video showing Tashan to CO goes viral

UP: गैंगस्टर उधम सिंह की तलाश में तीन राज्यों में पांच टीमों की दबिश; CO को टशन दिखाते हुए वीडियो वायरल

अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ Published by: Mohd Mustakim Updated Fri, 15 May 2026 02:31 AM IST
विज्ञापन
सार

Meerut News: प्रदेश की माफिया सूची में शामिल ऊधम सिंह पर 25 हजार का इनाम घोषित होने के बाद घेराबंदी तेज हो गई है। उसने एक व्यक्ति को गुमराह कर फर्जी तरीके से जमानत ली और बाहर आ गया। 

UP: Five teams raid in three states in search of gangster Udham Singh; Video showing Tashan to CO goes viral
तत्कालीन सीओ सरधना आरपी शाही के साथ उधम सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

योगी सरकार की माफिया सूची में शामिल पश्चिमी यूपी के गैंगस्टर उधम सिंह की तलाश में यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में पुलिस की पांच टीमें दबिश दे रही हैं। फर्जी ढंग से जमानत पाने के मामले में बुधवार रात को एसएसपी अविनाश पांडेय ने इस गैंगस्टर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। एक तरफ पुलिस गैंगस्टर की घेराबंदी में जुटी है, दूसरी ओर उसका सीओ के साथ एक पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें वह तत्कालीन सीओ के साथ टशन दिखाकर वीडियो बनवाता नजर आ रहा है।
Trending Videos

 

चार साल आठ महीने बाद 26 मार्च को उन्नाव जेल से जमानत पर रिहा हुए डी-50 गैंग के सरगना उधम सिंह पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत कराने का आरोप है। बीती नौ अप्रैल 2026 को उसके खिलाफ सरूरपुर थाने में फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेजों के आधार पर जमानत कराने के मामले में अनवर ने प्राथमिकी दर्ज कराई। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

अनवर का आरोप है कि शेखर नामक व्यक्ति ने बिना किसी दलाली के ऋण पास कराने का भरोसा दिलाकर उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड ले लिए थे। शेखर ने उसे सरधना कचहरी ले जाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए। इसके बाद ऋण पास कराए बिना उसे धमकाकर भगा दिया गया। बाद में पता चला कि ऋण पास कराने के नाम पर लिए गए दस्तावेज और हस्ताक्षर उधम सिंह को जमानत दिलाने में इस्तेमाल किए थे।
 

जमानत रद्द कर जारी किया गया गैर जमानती वारंट
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने इसकी रिपोर्ट न्यायालय को भेजी। इसके बाद न्यायालय ने गैंगस्टर की जमानत रद्द कर दी। न्यायालय ने ऊधम के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। अब इनाम घोषित करने के बाद न केवल पुलिस बल्कि एसटीएफ भी उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
 

सीओ साहब के साथ भी वीडियो बनाना है
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 22 जुलाई 2021 का बताया जा रहा है। तत्कालीन सीओ सरधना आरपी शाही सरूरपुर पुलिस के साथ उधम सिंह के गांव करनावल स्थित उसके घर पहुंचे थे। पुलिस टीम ने पूछताछ के लिए गैंगस्टर से थाने चलने की बात कही थी। यहां गैंगस्टर टशन दिखाता हुआ कहता दिख रहा है कि सीओ साहब के साथ भी (वीडियो) बनाना है। उनके साथ जा रहा हूं। 
 

पुलिस और उधम सिंह के परिवार के लोग वीडियो में दिख रहे हैं और हंस भी रहे हैं। एक महिला यह कहती सुनी जा सकती है कि हम भी तो (वीडियो में) आएं। इस वीडियो में सीओ का एक गैंगस्टर के सामने पुलिस वाला रौब दिखाई नहीं दे रहा है।
 

दो अप्रैल को ढेर हुआ था उधम का शूटर आशु उर्फ मोंटी
मुरादाबाद की निर्यात फर्म बजीर चंद्र के मालिक आशु ढल से गैंगस्टर उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु उर्फ मोंटी चड्ढा ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। वह एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मोंटी मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद समेत वेस्ट यूपी और एनसीआर में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए कुख्यात था। वह हापुड़ के हाफिजपुर थानाक्षेत्र के मीरापुर गांव का रहने वाला था।
 

50 से अधिक प्राथमिकी दर्ज, खौफ से मुंह नहीं खोलते गवाह
उधम सिंह पर 50 से अधिक हत्या, रंगदारी, लूट और डकैती की प्राथमिकी दर्ज हैं। गैंगस्टर योगेश भदौड़ा से गैंगवार को लेकर भी वह चर्चाओं में रहा है। उसने 2011 में गाजियाबाद अदालत में आत्मसमर्पण किया था। वह दस साल तक जेल में बंद रहा और जेल से ही अपना गैंग चलाता रहा। खौफ के कारण गवाह उसके खिलाफ गवाही नहीं देते। इसके चलते वह कई प्राथमिकी दर्ज में बरी भी हुआ। 

साल 2021 में उसे जमानत मिली और वह जेल से बाहर आया। रिहाई के बाद 19 जुलाई 2021 को उसने सरकारी बैंक स्टाफ को धमकाया। उसने 30 लोगों को जबरन लोन देने को कहा। इन्कार पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। उधम सिंह पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के अंतर्गत कार्रवाई भी की गई थी।


 

ये बोले अधिकारी
गैंगस्टर उधम सिंह की तलाश में पांच टीमें जुटीं हैं। उसके ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। उसके करीबियों से भी उसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
- अभिजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक देहात
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed