Weather Update: मेरठ में आधी रात को जमकर बरसा सावन, उमस और गर्मी से मिली राहत, आज भी बारिश के आसार
Weather Update: बुधवार की उमस भरी गर्मी के बाद मेरठ में आधी रात को सावन के बादल जमकर बरसे। तेज बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिली। गुरुवार सुबह से भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। हालांकि कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, लेकिन कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों को मौसम ने बड़ी राहत दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ में बुधवार को पूरे दिन उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे, लेकिन देर रात मौसम ने करवट ली और सावन के बादल जमकर बरसे। आधी रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला गुरुवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहा। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि कई स्थानों पर जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।
पूरे दिन उमस ने किया बेहाल, रात में बदला मौसम
बुधवार सुबह से ही वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण लोग पसीने से तरबतर रहे। दोपहर में हल्की फुहार पड़ी, लेकिन इससे राहत नहीं मिली। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और आधी रात के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। गुरुवार सुबह भी कई इलाकों में रिमझिम और तेज बारिश का दौर जारी रहा।
यह भी पढ़ें: Kanwar Yatra 2026: केसरिया रंग में रंगा हाईवे, बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा मेरठ
बारिश से कांवड़ियों को मिली राहत
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कांवड़ यात्रा कर रहे शिवभक्तों को बुधवार तक उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। रात की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, जिससे पैदल चल रहे कांवड़ियों को काफी राहत मिली। हाईवे किनारे लगे सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं को पेयजल, शरबत और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कई इलाकों में जलभराव, यातायात भी प्रभावित
लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोगों को भीगते हुए निकलना पड़ा। बारिश के चलते कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार भी धीमी रही।
अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार मानसून सक्रिय बना हुआ है। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है तथा मौसम सुहावना बना रहेगा।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 51 रहा। गंगानगर में AQI 44, जयभीम नगर में 50, एमआईईटी कॉलेज में 81 और पल्लवपुरम में 59 दर्ज किया गया।