कांस्टिट्यूशन क्लब चुनाव ने खींचा ध्यान: गृहमंत्री अमित शाह ने किया मतदान, बालियान-रूडी में कांटे का मुकाबला
कांस्टिट्यूशन क्लब नई दिल्ली के सचिव प्रशासन पद पर डॉ. संजीव बालियान और राजीव प्रताप रूडी के बीच कड़ा मुकाबला, अमित शाह समेत दिग्गज नेताओं ने डाला वोट, देर रात तक गिनती जारी।
विस्तार
मतदान में कुल 707 वोट पड़े। इनमें 38 पोस्टल बैलेट से डाले वोट भी शामिल रहे। गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत अन्य प्रमुख लोगों की मौजूदगी ने मतदान के दौरान लोगों का ध्यान खींचा।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 12 अगस्त को आपके शहर में क्या हुआ
रुडी करीब 25 साल से पद पर काबिज हैं। तीन बार वह चुनावी मुकाबले में जीते, जबकि पिछली दो बार से वह निर्विरोध चुने जाते रहे। इस बार उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. बालियान ने उनके सामने नामांकन किया। भाजपा खेमे के ही दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला रहा।
चुनाव को पूर्व मंत्री बालियान की सियासी पकड़ से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पहली बार रूडी को कड़ी टक्कर मिली, लेकिन देखने वाली बात यह होगी कि नतीजों पर कितना असर पड़ेगा।
यह भी पहुंचे मतदान करने के लिए
पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, पूर्व सांसद कादिर राना और पूर्व मंत्री सईदुज्जमां भी मतदान करने के लिए क्लब पहुंचे थे। बिजनौर के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने भी मतदान किया।
भाजपा नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा
मुजफ्फरनगर। कांस्टिट्यूशन क्लब के मतदान और मतगणना के दौरान दिल्ली में भाजपा नेताओं और पूर्व केंद्रीय मंत्री के समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, अमित चौधरी, पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी, पूर्व विधायक अशोक कंसल, भाकियू अराजनैतिक के प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक, अशोक बालियान, अचिंत मित्तल समेत अन्य समर्थक दिल्ली पहुंचे।