Rampur: दस हजार की रिश्वत लेता यूपी पुलिस का दरोगा गिरफ्तार, महिला अफसर ने मिशन शक्ति केंद्र के कमरे में पकड़ा
स्वार में रिश्वत लेने के आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) मुरादाबाद यूनिट की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए स्वार कोतवाली में तैनात दरोगा ओमकार नाथ को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम उसे तत्काल ही अपने साथ थाना अजीमनगर ले गई, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दरोगा को एक महिला द्वारा दिए गए शिकायती पत्र की जांच के नाम पर शिकायतकर्ता के पक्ष में रिपोर्ट लगाने पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है।थाना अजीमनगर अंतर्गत सींगनखेड़ा गांव निवासी यशवीर सिंह का उनकी पत्नी पूजा रानी से कुछ विवाद चल रहा था।
पूजा रानी का मायका स्वार कोतवाली क्षेत्र के गद्दीनगली गांव का है। इनका विवाद अजीमनगर पुलिस में पहुंचा था जिसकी जांच दरोगा ओमकार नाथ ने की थी। बताते हैं कि मामले का निपटारा होने के बाद जांच अधिकारी का स्वार कोतवाली में तबादला हो गया।
आरोप है कि इसके बाद भी दरोगा ने यशवीर सिंह पर दस हजार रुपये देने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता ने दरोगा की बातचीत मोबाइल में रिकार्ड कर ली। उसने साक्ष्यों समेत इस मामले में एंटी करप्शन मुरादाबाद को शिकायत की थी। एंटी करप्शन की टीम ने दरोगा की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया।
एंटी करप्शन की इंस्पेक्टर राखी के नेतृत्व टीम मंगलवार को दोपहर लगभग एक बजे स्वार कोतवाली पहुंची और योजनाबद्ध ढंग से मिशन शक्ति केंद्र कमरे में जाकर दरोगा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। टीम आरोपी दरोगा को तत्काल ही उठाकर अपने साथ अजीमनगर थाने ले गई। जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
हरदोई जिले का मूल निवासी है दरोगा
आरोपी दरोगा ओमकार नाथ मूलरूप से शुक्लापुर भगत थाना माधोगंज जिला हरदोई का रहने वाला है, फिलहाल उनका परिवार आशुतोष सिटी होटल ग्रीन लेवल के पीछे थाना इज्जतनगर में रह रहा है। आरोपी दरोगा की सर्विस लगभग चार साल की रह गई है और उनकी सेवानिवृति 30 सितंबर 2030 है।
अजीमनगर थाने में अभियोग पंजीकृतइस मामले में थाना अजीमनगर में मामला दर्ज कर लिया गया है। अजीमनगर थानाध्यक्ष कर्मपाल सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता यशवीर सिंह की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। इसे एंटी करप्शन थाने को स्थानांतरित किया जा रहा है।
रिश्वत लेने के मामले में आरोपी दरोगा ओमकार नाथ को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एंटी करप्शन टीम कर रही है। - अनुराग सिंह एएसपी