बेहतर अनुभव के लिए ऐप चुनें।
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Shamli News ›   crime news

Shamli News: पितृ दोष के नाम पर ठगने वाले फर्जी ज्योतिषाचार्यों का खुलासा, चार गिरफ्तार

Meerut Bureau मेरठ ब्यूरो
Updated Thu, 02 Apr 2026 01:33 AM IST
विज्ञापन
crime news
शामली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्य। संवाद - फोटो : Archive
विज्ञापन
शामली। देशभर में लोगों को पितृ दोष बताकर पूजा-पाठ के नाम पर आभूषण ठगने वाले फर्जी ज्योतिषाचार्यों के गिरोह का शामली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने 50 से अधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। चारों आरोपी खुद को मथुरा, हरिद्वार और काशी के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य बताकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे।
Trending Videos

पुलिस ने आरोपियों के पास से शामली के व्यापारी अशोक कुमार से ठगे गए आठ लाख 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि 20 मार्च 2026 को मोहल्ला नया बाजार निवासी बैटरी व्यापारी अशोक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने पूजा-पाठ कराने के बहाने उनके घर से करीब 125-130 ग्राम सोने के आभूषण ठग लिए, जिनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस ने हापुड़ के सिंभावली निवासी गिरोह के सरगना राजेश उर्फ गंगाशरण, अलीगढ़ के चंडौस निवासी श्रीनिवास, रामपुर निवासी (हाल निवासी चंद्रलोक कॉलोनी, हापुड़) भवानी शंकर और हापुड़ की चंद्रलोक कॉलोनी निवासी जतन को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि भिक्षा मांगने के बहाने घर में प्रवेश कर वे पितृदोष बताकर पूजा-पाठ का झांसा देते थे। इसी बहाने उन्होंने शामली के व्यापारी अशोक कुमार के यहां से करीब 30 लाख रुपये के आभूषण ठग लिए और फरार हो गए थे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि शामली के अलावा उन्होंने जोधपुर, फिरोजाबाद, चंदौसी, पलवल, आगरा, हरिद्वार, गाजियाबाद, लखनऊ, मथुरा, हापुड़, सीतापुर और बुलंदशहर, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, मेरठ व पानीपत में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। चारों आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी कर बेचे गए आभूषणों की रकम में से आठ लाख 20 हजार रुपये नकद, एक बैग, दो फर्जी ज्योतिष डिग्रियां, एक ज्योतिष पत्रिका और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है।

......

दिल्ली से बनवाई थी फर्जी ज्योतिषाचार्य की डिग्री
शामली। एसपी ने बताया कि आरोपी राजेश और श्रीनिवास ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने दिल्ली में कई वर्ष पूर्व ज्योतिषाचार्य की फर्जी डिग्रियां बनवाई थीं। इन्हीं डिग्रियों के आधार पर वे लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी करते थे। ठगी की रकम को आपस में बराबर बांट लिया जाता था।

.....

ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को ज्योतिषाचार्य बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। पहले वे पीड़ित के घर जाकर उसके जीवन से जुड़ी सामान्य बातें बताकर भरोसा कायम करते थे। इसके बाद पितृ दोष या ग्रह दोष का डर दिखाकर पूजा कराने की बात कहते थे।
पूजा के दौरान वे पीड़ित से सोने के आभूषण एक कलश में रखने को कहते थे। इसी दौरान पहले से तैयार नकली पोटली से असली आभूषण बदल देते थे और मौके से फरार हो जाते थे।


......

खुद को बताते थे नामचीन ज्योतिषाचार्य
एसपी ने बताया कि आरोपी पूछताछ में खुद को मथुरा, हरिद्वार और काशी के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य बताते थे ताकि लोग आसानी से उन पर विश्वास कर लें। अपने नाम के साथ ‘ज्योतिषाचार्य’ और ‘पंडित’ शब्द जोड़कर लोगों को प्रभावित करते थे।

......

हरिद्वार में बेच दिए थे आभूषण
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शामली के व्यापारी से ठगे गए आभूषण हरिद्वार के एक सराफा व्यापारी को बेच दिए थे। पुलिस अब संबंधित सराफा व्यापारी से पूछताछ कर रही है।

......

टीम को मिलेगा 25 हजार रुपये का इनाम
एसपी ने बताया कि मामले का खुलासा करने में कोतवाली प्रभारी सचिन शर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी फर्जी पंडित या ज्योतिषाचार्य के बहकावे में न आएं और किसी भी तरह की पूजा के नाम पर आभूषण या नकदी देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed