जहांगीराबाद (सीतापुर)। पुरैनीगंज के श्री श्याम सत्संग भवन में शनिवार शाम श्याम सतरंगी फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रात भर श्रद्धालु खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर रहे। इसके अलावा हवन कुंड की अग्नि से अखंड श्याम ज्योति का आविर्भाव हुआ। खाटू श्याम का फूलों से विशेष अलौकिक शृंगार कर उन्हें छप्पन भोग लगाया गया। इस दौरान उत्साह और हर्षोल्लास के साथ फूलों की होली खेल कर गजरा उत्सव भी मनाया गया। श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
भजन गायक अम्बर श्रीवास्तव ने देवा ओ देवा गणपति देवा...भजन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भजन गायक राहुल सिंधी ने, बाबा तुम जो मिल गए फूलों जैसे खिल गए...भजन गाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। बाराबंकी से आए गायक शानू सोनी ने, मेरी नैया का खिवैया है मेरा सांवरा... भजन सुनाया तो भक्ति भाव में डूबकर श्रद्धालु थिरकने लगे। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को श्याम खजाना भी दिया गया। आयोजकों ने कलाकारों सहित गणमान्य लोगों को श्रीश्याम चूनर पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर आयोजक सांवरा सेठ एवं संयोजक श्री श्याम परिवार के शिव प्रसाद सिंघल, बसंत खेतान, विजय कुमार अग्रवाल, अमित सिंघल, पंकज खेतान, मनीष बंसल, रवि प्रकाश बंसल, राज कुमार अग्रवाल, अमन श्रीवास्तव, नितिन मंगल, प्रदीप जायसवाल आदि मौजूद रहे।