क्षेत्र के बचरा गांव में बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने अंगूठा लगवाकर राशन न मिलने के विरोध में फिर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जून माह के राशन वितरण का निर्धारित अंतिम दिन होने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि बभनी ब्लॉक के बचरा गांव में स्थित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से उन्हें राशन नहीं दिया जा रहा है। आरोप है कि कोटेदार ने पहले ही अंगूठा लगवा लिया है। लाभार्थियों का कहना है कि वितरण तिथि पर उनसे मशीन में अंगूठा लगवाकर बाद में राशन देने का आश्वासन दिया गया था। यह आश्वासन पिछले दो महीनों से दिया जा रहा है, लेकिन अब तक उन्हें राशन प्राप्त नहीं हुआ है। कुछ लोगों से तो वितरण मशीन में अंगूठा भी लगवा लिया गया है। दुकानदार ने राशन खत्म होने की बात कही जा रही है, जिससे ग्रामीण दो-तीन किलोमीटर दूर से आकर दुकान के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बीते शनिवार को तहसील दिवस में शिकायत भी लोगों ने की थी। मंगलवार को आपूर्ति निरीक्षक की तरफ से जांच की जानी थी, लेकिन शिकायतकर्ताओं से न तो संपर्क किया गया और न ही दुकान के स्टॉक का निरीक्षण किया गया। दस जून को राशन वितरण का आखिरी दिन था, मगर उस दिन भी राशन का वितरण नहीं हुआ। आपूर्ति निरीक्षक परवेज असलम का कहना है कि जांच करने गया लेकिन शिकायतकर्ता से संपर्क नहीं हो सका जिसके वजह से जांच पूरी नहीं हो सकी। इससे आक्रोशित होकर राजनरायन, राजकुमार, लल्लू सिंह, अमरजीत, श्रवण, हीरालाल, राम-लखन, वंशलाल, रूपनारायण, सुदामा, राम औजार, बासदेव, वीरशाह, बैजनाथ, गया, रामल्लू, श्रीभगवान, राजू सिंह, विद्यासागर, रजकलिया, कौशल्या, सुनीता, रीना, मानकुंवर, सीता देवी, सीताकुंवर आदि शामिल रहे। इस संबंध में दुद्धी एसडीएम निखिल यादव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।