सफीपुर। स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के बीच शिक्षकों ने अमान्य और मानकविहीन विद्यालयों को बंद कराने की मुहिम छेड़ी। गांव सनहा घाट चौराहे पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने स्कूलों के संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
संजीव संखवार और अमित तिवारी के नेतृत्व में कई शिक्षक प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने अमान्य और मानकविहीन विद्यालयों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शिक्षकों का कहना था कि ऐसे स्कूल अभिभावकों को गुमराह करते हैं। बच्चों को दिशाहीन और निम्न श्रेणी की शिक्षा दे रहे हैं। इन स्कूलों में योग्य शिक्षकों, सुरक्षा मानकों और उचित बुनियादी ढांचे की गंभीर कमी है।
शिक्षकों ने बताया कि शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के बावजूद इन स्कूलों में सत्र 2026-27 के लिए दाखिले हो रहे हैं। इनमें नियमित रूप से कक्षाएं भी लग रही हैं। दूसरी ओर शिक्षा विभाग इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। शिक्षकों ने विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए। विरोध प्रदर्शन में ज्ञानेंद्र कुशवाहा, राजवीर यादव, संतोषी देवी, अनूप साहू, नरेंद्र सिंह, ममता, संजय त्यागी, सारिका, विवेक पाल, शरद, सूर्यकांत और सुनील सहित कई शिक्षक शामिल रहे।