UP News: नाम और पता बदलकर दोबारा पासपोर्ट बनवाने का आरोप, तीन सगे भाइयों पर FIR; ऐसे करते थे खेल
Azamgarh News: आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रौनापार थाना क्षेत्र में नाम और पता बदलकर दोबारा पासपोर्ट बनवाने के आरोप में तीन सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस जांच में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पुराने पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर नए पासपोर्ट जारी कराने की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ से प्राप्त पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कराई गई थी। जांच में रौनापार थाना क्षेत्र के गांगेपुर गांव निवासी अमरजीत यादव, चन्द्रजीत यादव और शिवानंद यादव के खिलाफ गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस जांच के अनुसार चन्द्रजीत यादव ने पहले अपने वास्तविक नाम से पासपोर्ट बनवाया था, लेकिन बाद में इन्द्रजीत नाम से नया पासपोर्ट जारी करा लिया। इसी प्रकार अमरजीत यादव ने पहले एक पते पर पासपोर्ट बनवाया और बाद में नाम व पता बदलकर दूसरा पासपोर्ट हासिल कर लिया। वहीं शिवानंद यादव ने भी पहले अपने नाम से पासपोर्ट बनवाया था और बाद में आनंद यादव नाम से नया पासपोर्ट जारी कराया।
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि तीनों भाइयों ने पुराने पासपोर्ट की जानकारी छिपाकर फ्रेश कैटेगरी में नए आवेदन किए। इसके लिए नए दस्तावेज तैयार कराए गए, जो पासपोर्ट नियमों के विपरीत पाए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने और नए दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट प्राप्त करने का प्रयास किया, जो कूटरचना और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले में रौनापार थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।