बीच गंगा में बंद हुआ बजड़े का इंजन: 40 यात्रियों का जल पुलिस ने किया रेस्क्यू, 30 मिनट तक हो-हल्ला; परेशानी
Varanasi News: वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गंगा नौकायन के दौरान अस्सी घाट के सामने एक बजड़े का इंजन अचानक बंद हो गया। इससे 40 यात्री करीब 30 मिनट तक बीच धारा में फंसे रहे। सूचना पर पहुंची जल पुलिस और अन्य नाविकों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। तकनीकी खराबी को घटना का कारण बताया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गंगा में नौकायन का आनंद लेने निकले करीब 40 यात्रियों की उस समय सांसें अटक गईं, जब उनका बजड़ा बीच धारा में अचानक बंद हो गया। घटना रविवार सुबह अस्सी घाट के सामने हुई, जहां तकनीकी खराबी के कारण बजड़े का इंजन काम करना बंद कर दिया। करीब आधे घंटे तक यात्री बीच गंगा में फंसे रहे। बाद में जल पुलिस और अन्य नाविकों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार सामने घाट से एक बजड़े पर सवार होकर 40 यात्री गंगा में नौकायन के लिए निकले थे। बजड़ा रविदास घाट से चलकर अस्सी घाट की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान अस्सी घाट के सामने पहुंचते ही उसका इंजन अचानक बंद हो गया। चालक ने इंजन को दोबारा चालू करने की कई बार कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे बजड़े पर सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर जल पुलिस सक्रिय हुई। जल पुलिस प्रभारी सुजीत त्रिपाठी ने बताया कि बजड़ा राजू साहनी का है। पूछताछ में नाविक ने बताया कि स्टार्टर की बैटरी डिस्चार्ज हो जाने के कारण इंजन स्टार्ट नहीं हो पा रहा था। तकनीकी खराबी के चलते बजड़ा बीच गंगा में रुक गया था।
स्थिति को देखते हुए अन्य नाविकों को तत्काल मौके पर बुलाया गया। उनकी सहायता से यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और बजड़े को किनारे तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
रेस्क्यू के दौरान यह भी पाया गया कि कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, जो सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
जल पुलिस प्रभारी ने बताया कि यह पूरी घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई थी। बजड़ा संचालक को भविष्य में सुरक्षा मानकों का पालन करने और नियमित रूप से तकनीकी जांच कराने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।