UP: स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद घर लौट रहे भाजपा नेता के बेटे की मौत, ऑटो से टकराई थी बाइक; मातम में खुशियां
जिले की भाजपा नेत्री विद्या सिंह के बेटे दीपक की प्रयागराज के मांडा क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। स्वतंत्रता दिवस मनाकर बाइक से लौटते समय गौरीशंकर के पास ऑटो ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल दीपक ने प्रयागराज ले जाते समय दम तोड़ दिया। शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: मिर्जापुर में जिगना थाना क्षेत्र के नेगुरा रिबई सिंह गांव निवासी भाजपा नेत्री के 22 वर्षीय बेटे दीपक सिंह की शनिवार सुबह प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद बाइक से घर लौटते समय गौरीशंकर के पास तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दीपक ने प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
नेगुरा रिबई सिंह गांव निवासी भाजपा छानबे मंडल की उपाध्यक्ष विद्या सिंह के बेटे दीपक सिंह करीब दो माह से मध्यप्रदेश के चाकघाट में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में नौकरी कर रहे थे। पिता केशराज सिंह ने बताया कि दीपक स्वतंत्रता दिवस मनाने के बाद शनिवार को बाइक से घर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे मांडा थाना क्षेत्र के गौरीशंकर के पास सामने से आए ऑटो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। परिजन भी मौके पर पहुंचे। घायल दीपक को उपचार के लिए प्रयागराज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दीपक दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे और अविवाहित थे। उनके बड़े भाई विकास सिंह सोनभद्र में नौकरी करते हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। प्रयागराज में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शनिवार शाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
शव पहुंचने की सूचना पर भाजपा जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह, वीरेंद्र कुमार तिवारी, इंद्र कुमार सिंह, राजेंद्र पाठक, सुजीत मोदनवाल समेत कई भाजपा नेता और ग्रामीण उनके घर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और दीपक के निधन पर गहरा दुख जताया। अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।