UP Accident: सड़क पर आए पशु को बचाने में पलटी बोलेरो, वृद्ध समेत दो की मौत, दो घायल; पहुंची पुलिस
Sonbhadra News: सोनभद्र के बट गांव के पास सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने के प्रयास में बोलेरो पलट गई। हादसे में निकेश पासवान और मुराहू की मौत हो गई, जबकि अजय शुक्ला व अनिल देव पांडेय घायल हो गए। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बट गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अमिलिया गांव निवासी संतोष शुक्ला का पुत्र अजय शुक्ला (22) अपनी बहन को वाराणसी छोड़ने बोलेरो से गया था। उसके साथ गांव निवासी मुराहू (72), नरोत्तमपुर निवासी अनिल देव पांडेय (28) तथा जयमोहनी निवासी निकेश पासवान (27) भी वाहन में सवार थे। बहन को वाराणसी छोड़ने के बाद सभी देर रात वापस अपने गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि सुकृत के आगे बट गांव के पास सड़क पर अचानक एक पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
मचा कोहराम
राहगीरों की सूचना पर सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने निकेश पासवान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने तक मुराहू ने भी दम तोड़ दिया।
अजय शुक्ला और अनिल देव पांडेय का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
कोतवाल रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने के दौरान वाहन का अनियंत्रित होकर पलटना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।