UP: शादी से तीन महीने पहले किशोरी ने लगाया फंदा, वीडियो भी किया रिकॉर्ड; पिता की बात सुनकर पुलिस हैरान
Bhadohi News: भदोही के सुरियावां क्षेत्र में 17 वर्षीय रीना चौहान ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। तीन माह बाद उसकी शादी होनी थी। घटना से पहले उसने वीडियो भी रिकॉर्ड किया। परिजनों ने मंगेतर पर दहेज मांगने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव में शनिवार को 17 वर्षीय रीना चौहान ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले किशोरी ने अपना वीडियो भी रिकॉर्ड किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों ने मंगेतर पर मानसिक प्रताड़ना और दहेज की मांग का आरोप लगाया है।
खरगपुर गांव निवासी लक्ष्मण चौहान ने बताया कि उनकी बेटी रीना चौहान की शादी आगामी 28 नवंबर को वाराणसी के बाबतपुर निवासी संजय चौहान से तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं, लेकिन शनिवार को हुई घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पिता के अनुसार, घटना के समय वह अपनी पत्नी और अन्य परिजनों के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। रीना उनके लिए नाश्ता लेकर खेत पहुंची थी। कुछ देर परिवार के साथ रहने के बाद वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए घर लौट गई। कुछ समय बाद गांव के लोगों ने सूचना दी कि रीना घर में फंदे से लटकी हुई है। परिजन तत्काल घर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ने लगाया दहेज मांगने का आरोप
घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किशोरी घर के अंदर साड़ी से फंदा तैयार करती दिखाई दे रही है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि जिस युवक से रीना की शादी तय हुई थी, वह लगातार जल्दी शादी करने का दबाव बना रहा था। साथ ही दहेज की मांग को लेकर भी उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
प्रभारी निरीक्षक अश्वनी त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।