तीसरे दिन मिली दोनों लाशें: रेलिंग तोड़ गंगा गिरा था ट्रैक्टर, फूल गया था पूरा शरीर; कपड़े-कागजात से हुई पहचान
Ghazipur News: गाजीपुर के सुहवल क्षेत्र में वीर अब्दुल हमीद सेतु से गंगा में गिरे ट्रैक्टर हादसे में लापता दो युवकों के शव तीसरे दिन बरामद हुए। एसडीआरएफ और गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
विस्तार
UP News: जमानियां सर्किल के सुहवल थाना क्षेत्र स्थित वीर अब्दुल हमीद सेतु से गंगा नदी में गिरे ट्रैक्टर हादसे में लापता दोनों युवकों के शव रविवार को तीसरे दिन बरामद कर लिए गए। घटना के बाद से चल रहे सर्च ऑपरेशन के बाद जब दोनों के शव मिले तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार के अनुसार, यह हादसा बीते शुक्रवार की देर शाम हुआ था। हमीद सेतु पर एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 15 फीट लंबी रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा। हादसा इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही ट्रैक्टर नदी में समा गया।
हादसे के समय ट्रैक्टर पर सवार कालूपुर निवासी उपेंद्र यादव (40) और मेदनीपुर निवासी कृष्णा उर्फ टिल्लू (25) लापता हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को भी लगाया गया, जिन्होंने लगातार तीन दिनों तक गंगा में तलाश अभियान चलाया।
रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली और दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी पूरी की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमीद सेतु पर सुरक्षा व्यवस्था और रेलिंग की मजबूती को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस हादसे के बाद एक बार फिर से पुल की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।