UP: क्रिकेट बॉल ढूंढते समय 9 साल के बच्चे को लगा करंट, चीखते हुए पहुंचे दंपती; कटिया मार बिजली जलाने का आरोप
Mau News: मऊ के बल्लीपुरा में क्रिकेट खेलते समय गेंद लेने गया नौ वर्षीय मुहम्मद सैफ करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने मकान में अवैध बिजली कनेक्शन होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। बालक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मऊ में शहर कोतवाली क्षेत्र के बल्लीपुरा मोहल्ले में क्रिकेट खेल रहे नौ वर्षीय मुहम्मद सैफ के करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले में पीड़ित के पिता ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में चुन्नू अहमद ने बताया कि उनका बेटा मुहम्मद सैफ मोहल्ले के बच्चों के साथ गली में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद पास के एक मकान में चली गई। सैफ जैसे ही गेंद लेने के लिए मकान के अंदर गया, वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस मकान में हादसा हुआ, वहां मकान मालिक और किरायेदार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि घर में अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे पूरे परिसर में करंट फैल गया। आरोप है कि मकान मालिक ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट और जानलेवा हमला भी किया गया था।
घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बिजली व्यवस्था की जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
शहर कोतवाल प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।