Railway News: 17 जुलाई से दौड़ेगी छेहर्टा-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर, पीएम दिखा सकते हैं हरी झंडी; जानें खासियत
Varanasi News: 17 जुलाई से छेहर्टा-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू होगा। पहले इसका शुभारंभ 12 जुलाई को प्रस्तावित था। संत रविदास एक्सप्रेस नाम से चलने वाली यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। रेलवे के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: छेहर्टा और वाराणसी के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का संचालन अब 17 जुलाई से शुरू होगा। रेलवे ने पहले 12 जुलाई से प्रस्तावित इस ट्रेन के संचालन की तिथि में बदलाव कर दिया है। इस नई ट्रेन का नाम संत रविदास एक्सप्रेस रखा गया है। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली यह ट्रेन पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए तेज और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसी अवसर पर जालंधर के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। रेलवे ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं।
निर्धारित समय के अनुसार छेहर्टा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस (14624) प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे छेहर्टा से रवाना होगी। यह ट्रेन 2:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद दोपहर 2:30 बजे वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगी। रास्ते में विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरते हुए अगले दिन सुबह 7:25 बजे लखनऊ और दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी में वाराणसी-छेहर्टा संत रविदास एक्सप्रेस (14623) प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी। ट्रेन रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन शाम 4:35 बजे अमृतसर तथा शाम 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे का मानना है कि इस नई सेवा से पंजाब, लखनऊ, जौनपुर और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी और आरामदायक रेल सेवा मिलेगी। साथ ही धार्मिक, व्यावसायिक और पारिवारिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा। नई स्लीपर वंदे भारत सेवा शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।