प्रसव कक्ष में अंधेरा: 45 मिनट तक सीएचसी दुर्गाकुंड में बत्ती गुल, टार्च लेकर भटकते रहे तीमारदार; परेशानी
Varanasi News: वाराणसी के सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित सीएचसी दुर्गाकुंड में गुरुवार रात बिजली गुल होने से करीब 45 मिनट तक अंधेरा रहा। जनरेटर की व्यवस्था न होने से गर्भवती महिलाओं समेत मरीज परेशान रहे। तीमारदार मोबाइल की टॉर्च जलाकर मरीजों की देखभाल करते नजर आए। रात करीब 11:30 बजे बिजली आने पर राहत मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीएमओ कार्यालय परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गाकुंड में बृहस्पतिवार रात बिजली कटने से करीब 45 मिनट तक अंधेरा छाया रहा। अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। तीमारदार मोबाइल की टॉर्च जलाकर अपने मरीजों की देखभाल करते नजर आए। रात करीब 11:30 बजे बिजली आने के बाद मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली।
सीएमओ कार्यालय के मुख्य गेट के पास ही सीएचसी दुर्गाकुंड स्थित है। यहां गर्भवती महिलाओं के साथ बच्चों की ओपीडी भी संचालित होती है। बृहस्पतिवार रात करीब 10:45 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। देखते ही देखते अस्पताल के बाहर से लेकर अंदर वार्ड और ऑपरेशन थिएटर तक अंधेरा छा गया। उस समय एक महिला को प्रसव के लिए तीमारदार अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जबकि कुछ महिलाएं पहले से प्रसव के बाद भर्ती थीं।
बिजली गुल होने के बाद मरीजों के तीमारदार मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में अपने मरीजों की देखभाल करते रहे। अस्पताल में अंधेरा होने से ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों को भी मरीजों को दवा देने और उनकी निगरानी करने में परेशानी हुई। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों ने जनरेटर नहीं चलाए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि बिजली कटने के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए थी।
करीब 45 मिनट तक बिजली नहीं रहने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए। खासकर प्रसव के लिए पहुंची महिलाओं और पहले से भर्ती मरीजों को अंधेरे में रहना पड़ा। ऑपरेशन थिएटर जैसे संवेदनशील स्थान पर भी बिजली गुल होने से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ी।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि सीएचसी में पहले से जनरेटर की व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से बिजली कटने पर समस्या हुई। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी के साथ बातचीत कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।