Ghazipur News: बाएं हाथ पर खून के निशान, बगल में पड़ी थी कीटनाशक दवा; टहलने निकले बुजुर्ग की मिली लाश
Ghazipur News: कासिमाबाद के सोनबरसा गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे अधेड़ बच्चू बिंद का शव मिला। वह शुक्रवार रात खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। घटनास्थल से प्लास्टिक की थैली में कीटनाशक दवा और मृतक के हाथ पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: गाजीपुर के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शनिवार सुबह प्रभु नारायण सिंह महाविद्यालय के गेट के सामने सड़क किनारे अधेड़ का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से प्लास्टिक की थैली में कीटनाशक दवा मिली है। वहीं, मृतक के बाएं हाथ पर खून के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मृतक की पहचान सोनबरसा गांव निवासी बच्चू बिंद (50) पुत्र स्व. नफई बिंद के रूप में हुई। मृतक के बड़े पुत्र धर्मेंद्र बिंद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे पिता खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने समझा कि वह शौच के लिए कहीं गए होंगे। इसके बाद सभी लोग सो गए।
शनिवार सुबह करीब छह बजे गांव का एक युवक दूध लेने के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसने महाविद्यालय के गेट के सामने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बच्चू बिंद के रूप में की।
घटनास्थल मृतक के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस को सड़क किनारे एक प्लास्टिक की थैली में कीटनाशक दवा मिली। मृतक के बाएं हाथ पर खून के निशान मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बच्चू बिंद के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बताया गया कि मृतक के छोटे पुत्र छोटू बिंद की अप्रैल में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। घटना के बाद से मृतक की पत्नी सानदेई समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र धर्मेंद्र बिंद की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।