हाईवे पर हादसा: गश्त पर निकले उपनिरीक्षक की कार ट्रेलर से टकराई, मौत; हमराही कांस्टेबल की हालत गंभीर
Jaunpur News: अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर गश्त के दौरान उपनिरीक्षक की कार ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पुलिस ने घायल कांस्टेबल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर मंगलवार रात गश्त के दौरान पूराकलंदर थाने के उप निरीक्षक आकाश यादव की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और गंभीर रूप से घायल उप निरीक्षक आकाश यादव की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसा हाईवे पर दौलतपुर के नौवां कुआं स्थित मौलवी की चक्की के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गश्त के दौरान अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद उप निरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या मामले की जांच के बाद निकले थे गश्त पर
हादसे से पहले आकाश यादव पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव में 20 वर्षीय अंकिता चौरसिया की संदिग्ध मौत की जांच कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे अंकिता का शव घर की छत के हुक से दुपट्टे के सहारे लटका मिला था। सूचना पर उप निरीक्षक यादव फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच पूरी करने के बाद वह कांस्टेबल प्रदीप कुमार के साथ क्षेत्र में गश्त पर निकले थे।
पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद उप निरीक्षक आकाश यादव के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन लाया गया, जहां गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वर्ष 2023 बैच के उप निरीक्षक आकाश यादव मूल रूप से मिर्जापुर के रहने वाले थे। अंतिम सलामी के बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक जनपद मिर्जापुर के लिए रवाना कर दिया गया।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने पर अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद और भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता पुलिस लाइन पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने भी घटना पर शोक जताया। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।