'मुझे बचा लो, ये लोग मार देंगे': पत्नी को काॅल कर रोने लगा पति, सोमवार से है लापता; खंगाले जा रहे सीसीटीवी
Varanasi News: साड़ी कारीगर लक्ष्मण मौर्य चार दिनों से लापता है। उसने पत्नी को फोन कर जान का खतरा बताते हुए बचाने की गुहार लगाई और रोते हुए अपना वीडियो भी भेजा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: आदमपुर थाना क्षेत्र के विजयीपुरा (कोनिया) निवासी साड़ी कारीगर लक्ष्मण मौर्य (35) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। लापता होने के बाद उसने अपनी पत्नी को फोन कर जान का खतरा बताते हुए बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद उसने रोते हुए अपना एक वीडियो भी भेजा। चार दिन बीतने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार लक्ष्मण मौर्य सोमवार सुबह घर से सरैया स्थित एक साड़ी कारखाने में काम करने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन लक्ष्मण ने पत्नी को फोन किया। पत्नी का आरोप है कि फोन पर वह बेहद डरा और घबराया हुआ था। उसने रोते हुए कहा, "मुझे बचा लो, ये लोग मुझे मार देंगे।" बातचीत के कुछ देर बाद उसने पत्नी के मोबाइल पर अपना एक वीडियो भी भेजा, जिसमें वह भावुक होकर रोता दिखाई दे रहा है। वीडियो मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
परिवार का कहना है कि पिछले चार दिनों से रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन लक्ष्मण का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शुक्रवार को उसकी पत्नी आदमपुर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की।
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस लक्ष्मण के मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही युवक का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।