आईपीएल: ऑनलाइन जुआ खेल रहे चार लोग गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बरामद; सट्टेबाजी पर पुलिस का एक्शन
Varanasi News: पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के जुआ या सट्टेबाजी में शामिल न हों और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
विस्तार
UP News: वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन जुआ खेल रहे चार लोगों को पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कैंट की टीम और एसओजी-2 की टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 30,070 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब इन मोबाइलों की जांच कर नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस ने की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में संजय राय (34) निवासी गणेश नगर कॉलोनी, कैंट, मृणाल सिंह (32) निवासी विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार, कैंट, अभिषेक सिंह (35) निवासी नारायणपुर, शिवपुर और विश्वजीत सिंह उर्फ शानू (35) निवासी डीआईजी कॉलोनी, कैंट शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।