काशी विद्यापीठ: पांच जिलों के 30 हजार विद्यार्थी, 11 मार्च से देंगे सेमेस्टर परीक्षा; जानें एग्जाम की टाइम
Varanasi News: नोडल केंद्रों से ही परीक्षा केंद्रों को कॉपियां भिजवाई जाएंगी। प्राचार्यों को परीक्षा खत्म होने के बाद संकलन केंद्र पर कॉपियों को जमा करवाने को कहा गया है। मूल्यांकन के लिए कॉपियां यहीं से विश्वविद्यालय में मंगाई जाएंगी।
विस्तार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाराणसी समेत पांच जिलों में यूजी की सेमेस्टर परीक्षा की तिथि जारी कर दी गई है। 11 मार्च से शुरू परीक्षा 30 मार्च तक चलेगी। इसमें बीए, बीएससी के करीब 30 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे। विवि की ओर से जिलेवार बनाए गए नोडल केंद्रों पर कॉपियां भिजवाने के साथ ही अन्य तैयारियां अंतिम दौर में हैं। परीक्षा दोपहर 2 से 4 बजे तक कराई जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से समय से प्रवेश, परीक्षा, परिणाम जारी करने के कुलाधिपति के आह्वान के बाद से पीजी की परीक्षा चल रही है। इस बीच स्नातक में बीए, बीएससी प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
परीक्षा विभाग की ओर से जो कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें वाराणसी, चंदौली जिले के कॉलेजों के रेग्युलर, बैक पेपर और अंक सुधार के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। इसके अलावा भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र जिले के कॉलेजों के विद्यार्थी बैक पेपर, अंक सुधार की परीक्षा देंगे।
विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने परीक्षा का कार्यक्रम पांचों जिले के कॉलेजों के प्राचार्यों को भेजने के साथ ही समय से परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां करवाने को कहा है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि जिलेवार नोडल/संकलन केंद्र बनाए गए हैं।
विद्यापीठ में 12 से होगी मास कम्युनिकेशन परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के वाराणसी, चंदौली जिले के कॉलेजों में बीए ऑनर्स मास कम्युनिकेशन प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षा 12 मार्च से कराई जाएगी। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि दोपहर 2 से 4 बजे तक रेग्युलर छात्रों की परीक्षा होगी। इसके लिए 12, 14, 17 मार्च और 19 मार्च को पेपर होगा। बताया कि इस बारे में सभी जरूरी तैयारियां पूरी हो गई हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय-सारिणी देख सकते हैं। परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी के लिए विभाग में संपर्क कर सकते हैं।
