Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो की मौत, विदेशी नागरिक के पास मिला सैटेलाइट फोन; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी के चोलापुर और बीएचयू में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बाबतपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को लगातार दूसरे दिन एक विदेशी यात्री के पास से सैटेलाइट फोन बरामद होने से हड़कंप मच गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी चौराहे के समीप रविवार देर रात्रि को दो बाइकों की आमने- सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, पलहीपट्टी निवासी कयूम आलम (50 वर्ष) पेशे से ऑटो चालक थे। वह अपने गांव के ही मोनू के साथ बाइक पर सवार होकर गोसाईपुर पुलिस चौकी के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल भरवाने गए थे। इसी दौरान पलहीपट्टी चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गया।
बीएचयू में सड़क हादसे में छात्र की मौत, वीसी आवास पर प्रदर्शन
बीएचयू में शनिवार की देर रात सड़क हादसे में एमएससी एग्रीकल्चर के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद बीएचयू ट्राॅमा सेंटर के बाहर और वीसी आवास के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। लंका पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया।
बिहार के औरंगाबाद निवासी सूरज प्रताप (22) एमएससी एग्रीकल्चर सेकंड ईयर का छात्र था। देर रात लगभग 12:30 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से बाल गंगाधर तिलक हॉस्टल से निकले थे, जैसे ही वह जेसी बोस हॉस्टल के पास पहुंचा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण बाइक बैरिकेडिंग से टकरा गई। हादसे में सूरज प्रताप को सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद साथियों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया।
काशी विश्वनाथ में सुगम दर्शन कराने व दुर्व्यवहार के आरोप में आठ गिरफ्तार
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में सुगम दर्शन और दर्शनार्थियों से दुर्व्यवहार मामले में आठ आरोपियों को चौक पुलिस ने रविवार को गेट नंबर चार से गिरफ्तार किया। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विशेश्वरगंज कतुआपुरा निवासी मुरलीधर पांडेय, गढ़वासी टोला निवासी रितेश पांडेय, महमूरगंज निवासी रामबाबू पांडेय, चंदौली के मुगलसराय कोतवाली के नई बस्ती निवासी विजय तिवारी, चेतगंज के हबीबपुरा निवासी हर्ष पांडेय, सारनाथ के पंचक्रोशी निवासी काजू पांडेय, लहरतारा निवासी विनायक और आकाश पांडेय शामिल हैं।
विश्वनाथ मंदिर गेट संख्या चार के पास से श्रद्धालुओं के साथ सुगम दर्शन के नाम पर दुर्व्यवहार और धन उगाही का आरोप है। सीसी कैमरे की फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसीपी अतुल अंजान ने चौक और दशाश्वमेध पुलिस को निर्देशित किया कि किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार न हो।
नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप
सिंधोरा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र निवासी युवती ने तहरीर दी कि गरथमा निवासी सीएससी संचालक संदीप कुमार ने उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे डराकर गर्भपात कराने का दबाव डाला।
आरोप है कि संदीप कुमार ने उसे सरहद ओदार स्थित श्रीराम सुखमय होम्योपैथिक क्लिनिक भेजा, जहां क्लिनिक संचालक तथाकथित चिकित्सक डॉ. विनोद पटेल पर भी दुष्कर्म का आरोप है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
दूसरे दिन भी एयरपोर्ट पर फिर विदेशी नागरिक के पास मिला सैटेलाइट फोन
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को लगातार दूसरे दिन सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी यात्री के पास से सैटेलाइट फोन बरामद होने से हड़कंप मच गया। सैटेलाइट फोन मिलने की घटना से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी से हैदराबाद होते हुए गोवा जा रहे यात्री दिमित्री लुकिन (50) निवासी मुरमान्स्क क्षेत्र, रूस के हैं। यात्री के हैंडबैग की स्कैनिंग के दौरान सीआईएसएफ जवानों को संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिखाई दिया।
गहन जांच में वह सैटेलाइट फोन निकला। भारत में बिना अनुमति सैटेलाइट फोन रखना प्रतिबंधित है और इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। सीआईएसएफ ने तत्काल यात्री को रोककर पूछताछ की और स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष फूलपुर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कोई आपराधिक मंशा सामने नहीं आई है। यात्री से लिखित माफीनामा लिया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बीएचयू के छात्र पर हमला करने वालों पर 25-25 हजार का इनाम
बीएचयू के बिड़ला छात्रावास के पास छात्र रोशन मिश्रा पर फायरिंग मामले में नामजद पांच आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। यह कार्रवाई डीसीपी काशी जोन ने की है। लंका पुलिस की दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
लंका के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि बिहार भभुआ कैमूर के सोनहान थाना क्षेत्र के महुआन निवासी तपस राय और ऋषभ राय, बिहार के कुदरा थाना क्षेत्र के कोठी बैना निवासी अभिषेक उपाध्याय, बिहार रोहतास के करहगर थाना क्षेत्र के गौरी उशीना निवासी पीयूष कुमार तिवारी और रोहतास के डोईया रेडिया निवासी क्षितिज उपाध्याय पर इनाम घोषित किया गया है। आरोप है कि पांचों आरोपियों ने 21 फरवरी को बीएचयू परिसर में गोली चलाई थी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी भागे हैं। छात्र पर गोली चलाने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया था।
आभूषण की दुकान में चोरी, सीसी कैमरे का डीवीआर उठा ले गए चोर
चोलापुर थाना क्षेत्र के चमरहा बाजार में शनिवार की देर रात आभूषण की दुकान में चोरी हो गई। दुकान का शटर तोड़कर नकदी और आभूषण समेट ले गए। हालांकि तिजोरी तोड़ने का प्रयास असफल रहा। चोर सीसी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ उठा ले गए। पीड़ित दुकानदार के सूचना देने के बावजूद पुलिस नहीं पहुंची।
बहलोलपुर निवासी वीरेंद्र कुमार सेठ ने पुलिस को बताया कि चमरहा बाजार में सेठ जगन्नाथ राजकुमार ज्वेलर्स नाम से दुकान है। तीन बजे एक परिचित ने दुकान का शटर टूटा और बाहर कुछ लोगों के खड़े होने की सूचना दी। लगभग आधे घंटे के भीतर वह दुकान पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर 700 ग्राम चांदी के जेवर, लगभग 2000 नकदी व 1 ग्राम गोल्ड ज्वेलरी चोरी कर लिया गया था। चोर सीसी कैमरे को तोड़ने के साथ ही डीवीआर उठा ले गए। दुकान में रखी हुई डिफेंडर मॉडल की तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया लेकिन हैंडल टूटने के बावजूद भी तिजोरी नहीं खुल सकी।
वीरेंद्र सेठ ने बताया कि काउंटर में रखा लगभग 700 ग्राम चांदी के आभूषण व कुछ नकदी चोरों के हाथ लगी है। मुख्य तिजोरी कर नहीं तोड़ पाए। सूचना दिए जाने के बावजूद चोलापुर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। 10 दिन पूर्व 18 फरवरी को उक्त घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक ही रात पांच गुमटियों का ताला तोड़कर चोरी हुई थी। अभी पूर्व में हुई चोरी का का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। चोलापुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि चोरी की जांच की जा रही है।
क्रिकेट के विवाद में मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए मारपीट में पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी सहर्ष आनंद सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया, साथ ही दो बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को बसनी, बड़ागांव निवासी चन्द्रेश कुमार सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हमला किया। हमले में वह बेहोश हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन, चेन और नकदी भी छीन ली। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने ऐढ़े रिंग रोड क्षेत्र में दबिश देकर सहर्ष आनंद सिंह उर्फ गोलू निवासी गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
किशोरी को भगाने के आरोप में दो पर प्राथमिकी
जंसा थाना क्षेत्र में किशोरी के अपहरण के मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों, अजय और विशाल, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मिर्जापुर जिले के मोहनपुर पड़री निवासी अजय ननिहाल में रह रहा था, लेकिन आरोप है कि उसने किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया। इस घटना में गांव के ही विशाल ने सहयोग किया और अपनी बाइक से किशोरी को अजय तक पहुंचाया। परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने आरोपियों से बेटी को वापस करने की मांग की, तो विशाल ने गाली-गलौज की और मारपीट की। थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे खोज लिया जाएगा।
अपहरणकर्ता गिरफ्तार, दो किशोरियां मिलीं
सारनाथ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर दो किशोरियों को घरवालों को साैंपा। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार अपनी पड़ोस में रहने वाली एक किशोरी को बहलाकर साथ ले गया। पुलिस ने रविवार को सारनाथ महादेव मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर किशोरी को सुरक्षित बरामद किया। वहीं दूसरी घटना में अवलेशपुर थाना मंडुवाडीह निवासी शुभम यादव ककरहिया, सारनाथ की एक किशोरी को बहलाकर साथ ले गया था। पुलिस ने खजुही इलाके से किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बीच-बचाव करने पर दंपती की पिटाई
आदमपुर थाना क्षेत्र के सुगागड़ही इलाके में दो युवकों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे फैजान और उसकी पत्नी के साथ मारपीट हुई। फैजान ने पड़ोसी सद्दाम, उसके भाई-बहन और मां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। फैजान ने पुलिस को बताया कि सद्दाम घर के पास शोएब से झगड़ा कर रहा था। वह बीच बचाव करने गया तो सद्दाम भड़क गया। अपने भाई सलमान, बहन तरन्नुम और मां बिलकिस के साथ उसके घर पहुंचा और ईंट-पथर से हमला कर दिया। बचाव में आई पत्नी गुलशन को भी आरोपियों ने पीटा। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
महिला उत्पीड़न मामले में प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के पंचराव निवासी ऋचा पांडेय ने कुछ लोगों पर मकान कब्जा करने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, 24 फरवरी की सुबह आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकाया। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही गई है। इसी विवाद से जुड़ा एक मामला एससी/एसटी कोर्ट में पहले से विचाराधीन है। प्रभारी निरीक्षक विनोद सोनकर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जमीन की दोहरी रजिस्ट्री कराई
शिवपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर सुल्तानीपुर निवासी गायत्री देवी की तहरीर पर पुलिस ने जमीन की धोखाधड़ी के मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि जमीन को पहले दान किए जाने के बावजूद दोबारा विक्रय कर आठ लाख रुपये हड़प लिए गए।
पीड़िता के अनुसार, भवानीपुर शिवपुर निवासी रामनरेश ने जिस जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम बीते साल 24 जून को की, वह जमीन पहले ही सूरज कुमार के पक्ष में दान की जा चुकी थी। आरोप है कि रामनरेश और सूरज कुमार ने आपस में मिलकर साजिश के तहत उक्त भूमि का दोबारा बैनामा कर दिया और उनसे आठ लाख रुपये ले लिए। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
चंडिका देवी मंदिर से घंटा चोरी
सारनाथ के बलुआ मार्ग पर लेढ़ूपुर सड़क के किनारे चंडिका देवी मंदिर में चोरों ने दिन में ही मंदिर में लगा लगभग 10 किलो का घंटा चुरा लिया। उसी प्रांगण में शीतला मंदिर पर लगा घंटा चुरा भी चुरा ले गए। जब पुजारी बृजेश मिश्रा रात लगभग 8 बजे पूजा करने गए तो घंटा नही था। पुजारी बृजेश ने स्थानीय थाने पर तहरीर दी है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की सभी घटनाओं की जानकारी है। जल्द ही सब आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
विभागाध्यक्ष ने फिर वीसी को दिए सबूत
बीएचयू अस्पताल के एमसीएच विंग में हेपेटाइटिस, एचआईवी जांच बंद होने के साथ ही अब ओपीडी में आने वाली गर्भवती महिलाओं की खून जांच भी नहीं हो पा रही है। इधर, घटना के दस दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से नाराज स्त्री रोग विभागाध्यक्ष ने शनिवार को एक बार फिर कुलपति कार्यालय पहुंचकर 20 फरवरी को घटी घटना के सबूत देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल के एमएस ऑफिस पास एमसीएच विंग में ओपीडी हाॅल के बगल में खुले जांच केंद्र में एचआईवी, हेपेटाइटिस जांच की सुविधा थी। 20 फरवरी को एमएस और उनके कर्मचारियों ने यहां रखी जांच किट, जरूरी फाइल सहित अन्य सामान बाहर फेंक दिए। जांच केंद्र से सामान बाहर निकलवाकर उसको सील करवा दिया। उसी दिन से यहां जांच बंद चल रही है।
स्त्री रोग विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता राय ने बताया कि ओपीडी वाले मरीजों की खून जांच फिलहाल काउंटर पर नहीं हो पा रही है। किसी तरह इमरजेंसी में आने वाली गर्भवती महिलाओं की जांच ही हो रही है। घटना के बाद एक बार कुलपति से मुलाकात के साथ ही अब तक तीन बार उनको पत्र दिया गया। इसके साथ घटना के सबूत भी दिए गए हैं। चिंता की बात यह है कि अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
छात्र मंच के जिला महासचिव बने सौरभ
अपना दल एस के छात्र मंच में वाराणसी के गड़वाघाट निवासी सौरभ यादव को जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। जिलाध्यक्ष दिग्विजय ने उन्हें पदभार दिया। होली के पहले इस नियुक्ति पर सौरभ ने शीर्ष कमान का आभार जताया। कहा कि वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की विचारधारा को मैं आगे बढ़ाऊंगा।
होली पर घर नहीं लौट पाएंगे शिक्षक-कर्मचारी
स्वास्थ्य और सैन्यकर्मियों की तरह, शिक्षक और कर्मचारी भी इस बार अपने परिवारों के साथ होली नहीं मना पाएंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने इस संदर्भ में कड़ा निर्देश जारी किया है। इसके बाद, जिलों में शिक्षक रिलीव नहीं किए जा रहे हैं। इस पर विभिन्न शिक्षक संघों ने नाराजगी जताई। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शुक्रवार देर शाम सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को जारी आदेश में कहा कि परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी संबंधित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
अग्निवीर को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग
मिर्जामुराद के कछवा रोड स्थित चित्रसेनपुर गांव के किसान सब्जी मंडी के पास रविवार को वाराणसी से प्रयागराज जाते समय सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर से व्यापारियों ने अग्निवीर धीरज गुप्ता को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की और पत्रक सौंपा। भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के जेठूपुर गांव निवासी अग्निवीर धीरज गुप्ता के 18 फरवरी को निधन पर व्यापारियों ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश सेवा में समर्पित अग्निवीर धीरज गुप्ता को सरकार की ओर से शहीद का सम्मान मिलना चाहिए। व्यापारी समाज के नेता एवं संचार मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य शिखर गुप्ता ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों से मिलकर यह मांग प्रदेश के मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री तक पहुंचाएंगे।
भेलूपुर सेंटर के हमराही का निधन
भेलूपुर सेंटर के हमराही राजेश गुप्ता (45) का रविवार को उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। परिजनों के मुताबिक, हार्ट अटैक से राजेश का निधन हुआ है। राजेश के परिवार में दो बेटियां, एक बेटा है। उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर किया गया। बेटे रुद्र गुप्ता ने उन्हें मुखाग्नि दी। घाट पर दीपक गुप्ता, श्यामबाबू, मनोज, बबलू, मिथिलेश सहित तमाम हमराही और शुभचिंतक मौजूद रहे।
बुटीक में कपड़े बदलने के लिए हुआ था विवाद
कैंट थाना क्षेत्र में एक बुटीक में कपड़े बदलने को लेकर रविवार की सुबह महिला ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हुआ। दोनों पक्षों से कैंट पुलिस ने पूछताछ की है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि एक महिला ने बुटिक में अपने कपड़े ठीक करने के लिए दिए थे। महिला के मुताबिक कपड़े ठीक न होने पर शनिवार की रात में बुटीक कर्मी और महिला से विवाद हुआ था। उत्तेजक शब्दों का प्रयोग किया गया। सुबह महिला अपनी बहनों के साथ कपड़ा लेकर दुकान पर आई और उसमें कमियां बताने लगी। सोशल मीडिया पर बुटीक की चेंजिंग रूम में कपड़े बदलने के आपत्तिजनक वीडियो वायरल जैसी कोई बात नहीं है।
फर्जी खतौनी दिखाकर 28.50 लाख की ठगी
जमीन दिलाने के नाम पर फर्जी कागजात तैयार कर 28.50 लाख रुपये हड़पने और विरोध करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। गड़सरा गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी रामअवतार ने आरोप लगाया है कि रौनाखुर्द तिवारीपुर निवासी अजय तिवारी ने मौजा बेला, परगना कटेहर, तहसील सदर की 14 बिस्वा जमीन की फर्जी व कूटरचित खतौनी दिखाकर 15 दिसंबर 2020 को रजिस्ट्री कराई।
इसके एवज में 28.50 लाख रुपये चेक और नकद के माध्यम से ले लिया। पीड़िता का आरोप है कि पहले जमीन पर पत्थर गड़वाकर कब्जा दिलाया गया, लेकिन बाद में उसी जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति को कब्जा दे दिया गया। आरोपी मायाशंकर तिवारी, दीपक तिवारी, हर्ष तिवारी और चंदा तिवारी ने जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
दिल्ली, मुंबई की ट्रेनों में भीड़ जनरल, स्लीपर में जगह नहीं
होली पर घर आने और जाने वालों की भीड़ रविवार को रेलवे स्टेशन पर देखने को मिली। दिल्ली, मुंबई, बिहार रूट पर जाने और उधर से आने वाली ट्रेनों में स्थिति यह रही कि जनरल से लेकर स्लीपर कोच तक पूरा खचाखच भरा रहा। हालांकि एसी कोच भी भरे आए, लेकिन इसमें हालात थोड़ा सामान्य दिखे।
सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ अधिक होने के कारण स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी जवान लगातार घूमते रहे। जगह-जगह टिकट निरीक्षक मौजूद रहे और अनाउंस सिस्टम से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जाती रही। होली में अब केवल दो दिन का समय बचा है, ऐसे में काशी के निवासी जो दिल्ली, मुंबई, पुणे, बिहार, गुजरात, सूरत आदि जगहों पर हैं, परिवार के साथ घर लौट रहे हैं।
रविवार को दिल्ली से आने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में भीड़ अधिक रही। बनारस स्टेशन पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, बनारस–दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच भी यात्रियों से भरे रहे।
खानपान के स्टॉल, टिकट काउंटर और एटीवीएम की निगरानी जरूरी
बनारस रेलवे स्टेशन पर रेलवे बोर्ड के पर्यटन और खानपान के अपर सदस्य संजय मिश्रा ने यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। आईआरसीटीसी की ओर से संचालित फूड प्लाजा, फूड कैटरिंग स्टॉल, यात्री निवास, टिकट काउंटर, एटीवीएम आदि की बेहतर सुविधाएं मिलती रहें, इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को माॅनीटरिंग करते रहने की सलाह दी।
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य ने दौरे के दौरान वन स्टेशन वन उत्पाद स्टॉलों का निरीक्षण कर बनारसी साड़ी तथा ब्लैक पॉटरी के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, मूल्य निर्धारण एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि वन स्टेशन वन उत्पाद योजना का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देना और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। स्टेशन पर चलने वाले फूड प्लाजा के किचन, रिटायरिंग रूम तथा बोतल क्रशिंग मशीन की व्यवस्था भी देखी।
अधिकारियों को डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने, रेल कोच रेस्टोरेंट का व्यापार बढ़ाने, रेल राजस्व बढ़ाने के लिए और उपक्रम स्थापित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डीके सिंह, पीसी रावत, बनारस स्टेशन के निदेशक लवलेश राय आदि लोग मौजूद रहे।
वाराणसी से चलाई जाएंगी एलटीटी ट्रेनें
होली पर लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन सोमवार से छह होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। फिरोजपुर से दानापुर, योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता व सुल्तानपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस व वाराणसी से एलटीटी ट्रेनें चलाई जाएंगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 04616 फिरोजपुर-दानापुर होली स्पेशल दो व छह मार्च को फिरोजपुर से दोपहर 12 बजे चलेगी। ट्रेन पंजाब के मोगा, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ सुबह 5:30 बजे और रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, बक्सर, आरा होते हुए शाम 5:30 बजे बिहार के दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04615 दानापुर-फिरोजपुर होली स्पेशल तीन व सात मार्च को दानापुर से रात 9:10 बजे चलकर रात 11:55 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 04212 सुल्तानपुर एलटीटी होली स्पेशल दो मार्च को सुल्तानपुर से सुबह चार बजे चलकर लखनऊ सुबह 6:20 बजे होते हुए कानपुर, उरई, झांसी, बीना, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण, थाणे होते हुए दोपहर 12:20 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
आरएसएस के नियमों का पालन करना जरूरी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हिमालय परिवार की रविवार को दुर्गाकुंड स्थित सभागार में हुई मासिक बैठक में के पदाधिकारियों, सदस्यों ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता का संकल्प लिया। प्रांत अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय, संरक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ ही सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़कर भागीदारी, आरएसएस के नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में 15 मार्च को होली मिलन मनाए जाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान हिमालय परिवार काशी क्षेत्र के प्रांत सहमंत्री रामकुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष सरदार सिंह, आनंद प्रकाश उपाध्याय के साथ ही सीमा सिंह, प्रीति उपाध्याय आदि मौजूद रहीं।
दो दिन बंद रहेगी सप्तसागर दवा मंडी
होली को लेकर सप्तसागर दवा मंडी की थोक दुकानें दो दिन (4-5 मार्च) बंद रहेंगी। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि व्यापारी हित, बाजार संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। समिति के सभी सदस्यों को इसकी जानकारी भी दी जा चुकी है। उन्होंने सदस्यों से आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।
धूप का असर कम 33.8 पहुंचा तापमान
सुबह हवा में नमी और बादलों की आवाजाही के कारण रविवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। दिन में धूप का असर अन्य दिनों की तुलना में कम रहा। इसी वजह से शनिवार की तुलना में रविवार को गर्मी से राहत मिली। बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को कम होकर 33.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि इस सप्ताह मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।
जन औषधि केंद्र पर आज लगेगा हेल्थ कैंप
चौकाघाट बिजली उपकेंद्र के पास जन औषधि केंद्र पर सोमवार को अपराह्न 3 बजे से निशुल्क हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया है। वाराणसी जन औषधि एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि इस दौरान चिकित्सकों की ओर से मरीजों को निशुल्क परामर्श देने के साथ ही जरूरी जांच भी निशुल्क करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि हेल्थ कैंप में बीपी, शुगर सहित अन्य जांच की जाएगी और जरूरी दवाएं भी दी जाएंगी।
2.49 लाख को निशुल्क मिलेगा सिलिंडर
होली पर डबल इंजन की सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत वाराणसी के 2,49,259 लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलिंडर उपलब्ध करा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि सरकार वाराणसी में इस योजना में कुल 22,84,45,873.50 की धनराशि खर्च करेगी। प्रति सिलिंडर केंद्र सरकार 335.40 और राज्य सरकार 581.10 का योगदान दे रही है। योजना के तहत लाभार्थियों को एक-एक मुफ्त गैस सिलिंडर रीफिल किया जा रहा है। इसकी राशि सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
कमलेश प्रताप सिंह निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
बीएचयू परिसर में रविवार को केंद्रीय विद्यालय प्रगतिशील शिक्षक संघ वाराणसी संभाग का दूसरा संभागीय अधिवेशन हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। इस अधिवेशन के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से कमलेश प्रताप सिंह निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। इनके साथ ही एचएन त्रिपाठी को महासचिव बनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे शिक्षकों के हितों की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
बाबा को चढ़ाई गई विंध्यवासिनी धाम की लस्सी
वसंत ऋतु के समापन तथा फाल्गुन मास के शुरू होते ही श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मां विंध्यवासिनी धाम से बाबा के लिए लाई गई लस्सी चढ़ाई गई। मंदिर के डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण ने भेंट को स्वीकार किया। इसके बाद गर्भगृह में बाबा को अर्पित कराया। धाम प्रशासन परंपराओं के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
गो सेवा का संकल्प
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से प्रदोष पर नंदी आराधना उत्सव मनाया गया। मंदिर न्यास के निर्णय के बाद पहले प्रदोष तिथि पर रविवार को इस नवाचार को गौशाला में न्यास के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा सहित भक्तों ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। गो सेवा का संकल्प दोहराया। पशु चिकित्सक ने गौवंश के सेहत की जांच की।
भूलवश ज्यादा जमा धनराशि श्रद्धालु को लौटाई
विश्वनाथ धाम में श्रद्धालु ब्रह्मदत्त शर्मा अपने परिवार सहित पंडा समाज के संजय पांडेय के साथ श्रीविश्वेश्वर के दर्शन के लिए आए थे। उन्हें सुगम दर्शन के लिए 1200 रुपये जमा करने थे, लेकिन ऑनलाइन पेमेंट करते समय उन्होंने मंदिर के खाते में 10,659 रुपये जमा कर दिए। संजय पांडेय ने मंदिर के सीईओ से अपनी समस्या बताई। तो उन्होंने श्रद्धालु प्रार्थनापत्र लेकर बैंक विवरण का सत्यापन कर बाकी रुपये लाैटा दिए। सीईओ ने पंडा संजय पांडेय को सहृदय आचरण के लिए पुरस्कृत किया।
रंगभरी एकादशी संगीत महोत्सव में पं. साजन के सुरों से बरसे होरी के रंग
रंगभरी एकादशी संगीत महोत्सव में फागुनी बयार संग सुर, लय और ताल प्रवाहित हुई। बनारस घराने के प्रख्यात ख्याल गायक पद्मभूषण पं. साजन मिश्र के सुरों की ताजगी हर किसी के मन मिजाज को होलियाना बना दिया। पुत्र पं. स्वरांश मिश्र का साथ पाकर कार्यक्रम और निखरा।
दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय में संगीत महोत्सव स्व. पं. कांता प्रसाद को समर्पित रहा। पं. साजन मिश्र ने शुरुआत राग बसंत की बंदिश- सरस रंग फुल रे... से की। राग मिश्र खमाज में होरी सुनाया। बोल थे- कौन तरह से खेलोगे होली...। उन्होंने काशी के बसइया... भजन से गायन को विराम दिया।
इसके बाद युवा कथक नर्तक एवं बिस्मिल्लाह खां युवा साधक सम्मान से विभूषित रुद्र शंकर मिश्रा ने देवों के साथ व्रज की होरी के भाव सजाकर सभी को मुग्ध कर दिया। हारमोनियम पर संतोष मिश्रा, सारंगी पर ओम सहाय मिश्रा एवं बोल पढ़त पर गुरु माता प्रसाद मिश्रा ने संगत की।
प्रख्यात सितार वादक पं. देवव्रत मिश्रा ने सितार को साधकर आनंद बरसाए। राग झिंझोटी में आलाप, जोड़, झाला के बाद तीनताल में गत की खूबसूरत बानगी पेश किया। श्वेता भट्ट, रूपा शापुरी, अमित मिश्रा ने भगवान गणेश के 12 नामों के स्वरबद्ध आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा, विशिष्ट अतिथि कृष्ण कुमार जालान, संजय गुप्ता, डॉ. एम. साहू, विशाल मिश्रा, रजनीश मिश्रा ने शुभारंभ किया। पद्मश्री डॉ. एम साहू को प्रथम गुरु श्रीसम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर संगीतज्ञ पं. कामेश्वरनाथ मिश्रा, पं. पूरण महाराज, पं. कन्हैया लाल मिश्रा, पं. गोपाल मिश्रा आदि रहे।
नवरंग में होली का उल्लास, फाग गीतों की फुहार से भीगा तन-मन
रंगभरी एकादशी से काशी में शुरू होली का उल्लास छा गया है। रविवार को होली उत्सव व मिलन समारोहों की धूम रही। लायंस क्लब सिल्क सिटी की ओर से छावनी स्थित पीएनयू क्लब में नव रंग होली महोत्सव का आयोजन किया गया।
क्लब के अध्यक्ष सौरभ कपूर, सचिव सीए सिद्धार्थ टंडन ने सभी को होली की बधाई दी। इस मौके पर योगेश अग्रवाल, धीरज कपूर, अंशुल जैन, मनीष कपूर, नेहा टंडन, अनीता गुप्ता आदि रहीं। दशाश्वमेध घाट पर होली के पर्व पर बनारसियों का अलग अंदाज और मिजाज देखने को मिला। गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में कलाकारों की टोली गंगा किनारे समसामयिक ज्वलंत मुद्दों पर सुरों की महफिल सजाई। अमलेश शुक्ला, यथार्थ दुबे ने प्रस्तुतियां दीं।
प्रभाकर यादव, दीपक सिंह, नसीम ने संगत की। बेनियाबाग में आनंदमयी होली बैठकी का आयोजन हुआ। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और होली के फाग गाकर उत्सव आनंद लिया। अगुवाई ममता त्रिपाठी ने की। उत्तराखंड के लोकगीतों की मधुर गूंज सुनाई दी। बैठकी में प्रेमा पांडेय, सरिता पांडेय, जया पंत, शुभांगी पंत, नंदनी त्रिपाठी, उन्नति त्रिपाठी आदि रहीं।
सिद्धिदात्री मां शीतला का हुआ शृंगार
सिद्धिदात्री मां शीतला माता मंदिर (स्टेशन रोड) पर वार्षिकोत्सव पर रविवार शृंगार हुआ। भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। पांच वैदिक ब्राह्मणों ने माता का सुगंधित फूलों से शृंगार कर विविध नैवेद्य चढ़ाएं। हवन-पूजन किया। मंदिर में आकर्षक सजावट की गई थी। भंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शृंगार में बंगाली बाबू सेठ, मेवालाल सेठ, सेचू सेठ, जोगेंद्र वर्मा, अमित सेठ, राकेश, प्रदीप, पंकज आदि का सहयोग रहा। संवाद
शिवपुर में नीमा की ओर से हुई इफ्तार पार्टी
नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन शाखा की ओर से शिवपुर स्थित नीमा भवन में रोजा इफ्तार पार्टी हुई। रोजेदार, चिकित्सकों और विभिन्न धर्मों वऔर संप्रदायों के लोग शामिल होकर कौमी एकता का मिसाल पेश की। इसमें डॉ. मुहम्मद अरशद, डॉ. आरके यादव, डॉ. विनय कुमार पांडेय, डॉ. मुहम्मद अरशद, डॉ. एम अजहर, डॉ. फैसल रहमान, डॉ. नसीम अख्तर, डॉ. शहरयार सईद, डॉ. एहतेशामुल हक़, डॉ. सगीर अशरफ आदि शामिल रहे।
मान-प्रतिष्ठा की चिंता से जन्म लेती हैं शंकाएं
मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमही में ‘सुनो मैं प्रेमचंद’ कार्यक्रम के 1840वें दिन रविवार को उनकी कहानी अनिष्ट शंका का पाठ हुआ। आयोजन प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट की ओर से किया गया। प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि अनिष्ट शंका मानव मन की चंचलता और भयग्रस्त प्रवृत्ति को सूक्ष्मता से उजागर करती है। कहानी का पाठ वर्षा केसरवानी ने किया। उन्हें ट्रस्ट के संरक्षक प्रो. श्रद्धानंद, डॉ. संजय श्रीवास्तव, आलोक शिवाजी व निदेशक राजीव गोंड ने सम्मानित किया। संचालन आयुषी दूबे एवं स्वागत यस वर्मा ने किया।
एक दूसरे को रंग लगाकर मिठाई खिलाई
आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आराजीलाइन में होली मिलन कार्यक्रम किया। मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार दूबे ने शिक्षा मित्रों को होली की शुभकामनाएं दीं। शिक्षामित्रों ने एक दूसरे को रंग लगाकर मिठाई खिलाई। इस दौरान शिक्षा मित्रों के लिए की गई मानदेय वृद्धि की घोषणा पर प्रदेश सरकार का सभी ने धन्यवाद दिया। वहीं, वाराणसी के जिलाध्यक्ष से का प्रदेश अध्यक्ष बने अमरेंद्र कुमार दूबे के प्रथम आगमन पर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रमोद कुमार सिंह, मुनिकेश कुमार सिंह, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
मुक्ताकाशी मंच से भरतनाट्यम की बिखेरी आभा
वस्त्र मंत्रालय एवं सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की ओर से बड़ालालपुर में सांस्कृतिक संध्या सजाई गई। बंगलूरू की नृत्यांगना स्वाति आत्मनाथन ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने तमिलनाडु के प्रसिद्ध कवि एवं स्वतंत्रता सेनानी सुब्रमण्यम भारती की रचनाओं पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। ‘उज्जैनी नी’ एवं ‘नृत्य कल्याणी’ जैसी प्रस्तुतियों में नारी शक्ति के विविध रूपों को सशक्त अभिव्यक्ति मिली। कार्यक्रम का संयोजन सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा व संचालन ललिता शर्मा ने किया।
नए मंडलाध्यक्ष का क्लबों ने किया सम्मान
रोटरी क्लब की ओर से रविवार को मलदहिया स्थित एक होटल में रोटरी मंडल के नवनिर्वाचित मंडलाध्यक्ष मनकेश्वर नाथ पांडेय का सम्मान हुआ। सम्मान समारोह में बनारस और मिर्जापुर के रोटरी क्लब के अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। रोटरी के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल की अध्यक्षता में मनकेश्वरनाथ पांडेय एवं उनकी पत्नी पूर्वी नारायण पांडेय को माल्यार्पण, अंगवस्त्रम् एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान हुआ। धन्यवाद ज्ञापन सिद्धार्थ जायसवाल ने किया। इस मौके पर नामित मंडलाध्यक्ष दिनेश गर्ग, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीएन सिंह, संजय अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, रवि शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।
शिवपुर में कैंडल मार्च निकालकर शिया मुसलमानों ने खामनेई को श्रद्धांजलि दी
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई की मौत के गम में रविवार की शाम सैयद मेहंदी हसन तनवीर फातमा के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। शिवपुर स्थित वीडीए कॉलोनी से देर शाम मार्च निकाल लोगों ने कर खामनेई को श्रद्धांजलि दी। मार्च में को इजहार, अरशद जैदी, शहीद हसन, वाजिद हसन, अदीब हसन, संजय, अहतेशाम, अली, रहबर, अली हसन, इब्ने हसन, इकबाल हसन, शहंशाह आदि शामिल रहे।
खामनेई की मौत के बाद अलर्ट रही पुलिस, की जांच
अयातुल्ला अली खामनेई की मौत के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर रही। कैंट रोडवेज, बनारस स्टेशन के अलावा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिस ने गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में गश्त बढ़ा दी गई। खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय करते हुए सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। बजरडीहा, मदनपुरा, आदमपुरा, जैतपुरा, मंडुवाडीह समेत अन्य इलाकों में पुलिस सक्रिय दिखी। हालांकि यहां किसी प्रकार का प्रदर्शन नहीं हुआ। कैंट स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में डॉग स्क्वाड के साथ सघन जांच अभियान चलाया गया।
नामवर की आलोचना में सभ्यताओं का संवाद
बीएचयू हिंदी विभाग में प्रो. नामवर सिंह की जन्मशती पर आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में वक्ताओं ने नामवर सिंह के जीवन और आदर्शों पर चर्चा की। समापन समारोह में जाने-माने आलोचक प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि नामवर सिंह की आलोचना में सभ्यताओं का संवाद दृष्टिगोचर होता है। अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रो. पुरुषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि नामवर की कविता के नए प्रतिमान में आलोचना अपने पूर्ण वैभव में प्रकट होती है।
कविता के नए प्रतिमान का लेखक जितना आनंदवर्धन के साथ है, उतना ही इलियट के साथ भी। नामवर ने उत्तराधुनिकता के दृष्टिकोण से साहित्य को देखने की आलोचना की थी। नवनालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि नामवर जी काशी दर्शन और संस्कृति की पुस्तकों की तलाश में आते थे।
अध्यक्षता करते हुए प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी अनूप ने कहा कि नामवर जी असहमतियों को अवसर देते थे। उन्होंने नामवर सिंह रचित नवगीत भी प्रस्तुत किया। स्वागत डॉ. रविशंकर सोनकर ने किया, संचालन डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. आशीष त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम में कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल, प्रो. बिंदा परांजपे, डॉ. अनुज लुगुन, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
राजर्षि टंडन विवि में शुरू होगा एआई आधारित यूजी का स्किल कोर्स
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विवि में दाखिला लेने की तैयारी में लगे अभ्यर्थी विश्वविद्यालय में 10 मार्च तक स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अन्य पाठयक्रमों मे प्रवेश ले सकते हैं। खास बात यह है कि स्नातक प्रोग्राम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई आधारित स्किल कोर्स की शुरुआत की गई है। दूसरे वर्ष में विद्यार्थियों को इस कोर्स को पढ़ने का मौका मिलेगा। राजर्षि टंडन विवि का क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी में हैं। इससे वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली, सोनभद्र एवं गाजीपुर के करीब 265 अध्ययन केंद्र जुड़े हैं। इन केंद्रों के माध्यम से करीब 16 हजार विद्यार्थी अध्ययन करते हैं।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ.एसके सिंह ने बताया कि विवि ने बीसीए एवं एमए होम साइंस में प्रवेश फिर से शुरू किया है। पिछले कई वर्षों से इन कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया बंद थी। विवि ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया को बहुत सरल एवं सुलभ बनाया है।
यूजीसी की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों की अपार आईडी, एबीसी आईडी एवं यूजीसी डेब आईडी बनाने के बाद ही प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। विवि की ओर से जनवरी 2026 सत्र में सभी प्रवेश समर्थ पोर्टल एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप लिए जाएंगे। इसमें 24 परास्नातक, 6 स्नातक, 4 जागरूकता कार्यक्रम, 7 डिप्लोमा कार्यक्रमों और 23 प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों सहित कुल 64 कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारंभ किया गया है।
भारतीय कला में विविधता पर की चर्चा
बीएचयू दृश्यकला संकाय के व्यवहारिक कला विभाग के प्रोफेसर मनीष अरोड़ा ने कानपुर के छत्रपति साहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भारतीय कला में विविधता पर विस्तार से चर्चा की। प्रो. मनीष अरोड़ा ने बताया कि सम्मेलन में बीएचयू सहित देश के अन्य विश्वविद्यालयों से कलाविदों ने प्रतिभागिता की। प्रो. मनीष अरोड़ा ने भारतीय कला में विविधता के साथ ही भारतीय सौंदर्यबोध की निरंतरता के बारे में विस्तार से बताया।
19 साल के आयुष्मान बने सीएस
शहर के आयुष्मान तिवारी 19 वर्ष की उम्र में कंपनी सेक्रेटरी बन गए हैं। आयुष्मान ने कंपनी सेक्रेटरी की सभी स्तर की परीक्षाएं पहले ही प्रयास में पास कर ली। उनके पिता राजेंद्र तिवारी सेंट्रल बैंक में मैनेजर हैं । उनका कहना है कि आयुष्मान ने सीएस प्रोफेशनल परीक्षा में वाराणसी में प्रथम स्थान रैंक प्राप्त किया है। उसकी माता श्वेता तिवारी गृहिणी हैं।
माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश एक अप्रैल से
जिले के सभी विद्यालयों में बोर्ड के साथ-साथ विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। इसके बाद माध्यमिक विद्यालय नए प्रवेश की तैयारियों में जुटेंगे। जिले के 600 से ज्यादा माध्यमिक विद्यालयों में 1 अप्रैल से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षाएं कराई जा रही हैं। विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं भी कराई जा रही हैं। अप्रैल में नए सत्र के लिए प्रवेश शुरू किया जाएगा।
बीएड के फॉर्म भरने में वाराणसी अव्वल
बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए फॉर्म भरने में वाराणसी अब तक अव्वल है। दूसरे पायदान पर मौजूद गोरखपुर जनपद के अभ्यर्थियों ने वाराणसी की तुलना में 50 फीसदी फॉर्म तक नहीं भरे हैं। इस श्रेणी में श्रावस्ती सबसे पीछे है। अभी फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 10 मार्च है। ऐसे में सूची में उतार-चढ़ाव हो सकता है।
इस बार भी बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय करा रहा है। बीती नौ फरवरी की रात 12 बजे से ही बीएड के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए थे। बीयू की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर विकल्प दिखाई देते ही अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरने शुरू कर दिए थे। बीएड प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक 1,67,700 अभ्यर्थी बीयू की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण कर चुके हैं।
इसके सापेक्ष 1,01,700 अभ्यर्थियों ने फीस जमा की है। इस बार एआई की मदद से अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने की सुविधा दी गई है। ऐसे में आवेदन करने में अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि फॉर्म भरकर फीस जमा करने के मामले में अब तक शीर्ष पर वाराणसी और अंतिम पायदान पर श्रावस्ती है। झांसी के अब तक 807 अभ्यर्थियों ने फीस जमा की है।
अभिभावकों ने देखे महाविद्यालय के विभाग
वसंत महिला महाविद्यालय में अभिभावक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित सम्मेलन में महाविद्यालय के पठन-पाठन सहित अन्य सुविधाओं पर चर्चा हुई। इस दौरान अभिभावकों ने विभागों को देखने के साथ ही यहां शैक्षणिक क्रियाकलापों की जानकारी ली। एमएड की छात्रा तितिक्षा के पिता इंटर कॉलेज के अवकाश प्राप्त प्रधानाचार्य भैयालाल यादव ने कहा कि कृत्रिम बुद्धि यानी एआई अध्यापकों का स्थानापन्न नहीं हो सकती। दिल्ली से आए बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा अनुष्का जैन के माता-पिता ने महाविद्यालय में व्यवस्थाओं की सराहना की। संचालन डॉ. श्वेता शिल्पा, धन्यवाद ज्ञापन प्रो. सुजाता साहा ने किया।
