काशी विद्यापीठ: 15 से ऑनलाइन आवेदन, विदेशी छात्रों ने लिए हिंदी का नया कोर्स; इन विषयों में 50-50 सीटें बढ़ीं
Varanasi News: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रवेश समिति की बैठक में इस तिथि पर मुहर लगाई गई। इस बार 16 कोर्स में मेरिट से दाखिले होंगे। बताया गया कि स्नातक के सभी कोर्स चार साल के होंगे, इसके बाद एक साल का ही पीजी करना होगा।
विस्तार
Mahatma Gandhi Kashi Vidyapeeth: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। स्नातक और व्यावसायिक कोर्स के लिए 15 अप्रैल से 10 मई तक तक ऑनलाइन आवेदन अभ्यर्थी कर सकेंगे। शुक्रवार को विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक में तिथि पर मुहर लगने के साथ ही प्रवेश से जुड़े अन्य बिंदुओं पर फैसला लिया गया।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए स्नातक के 16 कोर्स के साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन पत्र 15 अप्रैल से ऑनलाइन होंगे। पिछले सत्र की तरह ही इस सत्र में भी मेरिट के आधार पर ही प्रवेश लिया जाएगा। प्रवेश समिति की बैठक में बीएससी (मैथ एवं बायो) पाठ्यक्रमों में 50 अतिरिक्त सीटों की वृद्धि करने पर भी मुहर लगी है।
कुलपति ने बताया कि काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 से स्नातक के सभी पाठ्यक्रम एनईपी-2020 के तहत चार वर्ष के होंगे। चार वर्ष का स्नातक पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद विद्यार्थी को स्नातकोत्तर एक वर्ष का ही करना होगा। सत्र 2026-27 से विदेशी विद्यार्थियों के लिए हिंदी का नया पाठ्यक्रम शुरू होगा। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, प्रवेश समन्वयक एवं डीन अकादमी प्रो. बंशीधर पांडेय, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा आदि मौजूद रहे।
स्केलिंग आधारित मेरिट बनेगी, दो नए कोर्स भी शुरू होंगे
प्रवेश समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्केलिंग आधारित मेरिट बनेगी। सीबीएसई, यूपी बोर्ड, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों में इंटर में मिलने वाले अंकों के विषमताओं को सामान करने के उद्देश्य से स्केलिंग आधारित मेरिट बनाई जाती है। नए सत्र में दो नए कोर्स शुरू होंगे।
इसमें बीएसडब्ल्यू यानी बैचलर ऑफ सोशल वर्क और बीएससी इन टूरिज्म हॉस्पिटेलिटी मैनेजमेंट में दाखिले होंगे। दोनों कोर्स में 60-60 सीटें निधाZरित हैं। बीएसडब्ल्यू रेग्युलर कोर्स है जबकि हॉस्पिटेलिटी मैनेजमेंट का कोर्स सेल्फ फाइनेंस होगा। समन्वयक ने बताया कि विद्यार्थियों को चाहिए कि वह ऑनलाइन आवेदन करते समय अपने कक्षा 12 के अंक जरूर भरें। साथ ही प्रोविजनल मार्कशीट भी अपलोड करें।