Varanasi News: गोशालाओं में गायों की मृत्यु दर शून्य करने का लक्ष्य, मेयर व नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
Varanasi News: मेयर व नगर आयुक्त ने गोशालाओं में स्वच्छता व स्वास्थ्य प्रबंधन सुधारने के सख्त निर्देश दिए हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने गोशालाओं में सफाई, नियमित टीकाकरण और पौधारोपण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
विस्तार
वाराणसी नगर निगम गोशालाओं में गायों की सेहत और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने गोशालाओं में सफाई, नियमित टीकाकरण और पौधारोपण की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि गायों की मृत्यु दर शून्य रहे। वह सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान गोशालाओं के कायाकल्प और शहर के हरित क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे।
बैठक में मेयर ने पिछले दो वर्षों के दौरान शहर की विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में ट्री-गार्ड के साथ रोपे गए करीब 28,000 पौधों की स्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने उद्यान विभाग से एक निर्धारित फॉर्मेट में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इसमें प्रत्येक पौधे की जियो-लोकेशन, ट्री-गार्ड की स्थिति और जीवित व सूखे पौधों का स्पष्ट विवरण मांगा गया है। उन्होंने यह भी पूछा कि जो पौधे सूख गए, उनके स्थान पर नए पौधे लगाए गए या नहीं।
नगर आयुक्त ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोशालाओं और पौधारोपण अभियान में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में चारे की गुणवत्ता और चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
मेयर बोले
पौधों और गायों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट न मिलने या तथ्यों में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। -अशोक कुमार तिवारी, मेयर
गोशालाओं में हरे चारे और पानी की पर्याप्त उपलब्धता रहे: डीएम
गर्मी को देखते हुए डीएम ने विशेष रूप से गोशालाओं में गोवंश को धूप से बचाने के लिए पर्याप्त छायादार शेड, ग्रीन नेट, जूट-टाट की बोरियों की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने खाली पड़े स्थलों पर पौधरोपण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। नियमित रूप से पानी का छिड़काव कर तापमान को नियंत्रित रखने के भी निर्देश दिए। कहा कि सभी गोशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता के साथ ही स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। इसके लिए निर्बाध जल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।
कहा कि नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं पशु चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की बीमारी की सूचना मिलने पर तत्काल उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए। हर गोशाले में पर्याप्त मात्रा में भूसे का भंडारण किया जाए। इसके लिए भूसा बैंक और भूसा शेड की स्थापना की जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से गोशालाओं का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। डीएम ने नगर निगम को निर्देशित किया कि जो सड़क पर पशु घूम रहे हैं उन्हें कांजी हाउस में बंद किया जाए। सभी पशुओं की जिओ टैगिंग की जाए।