Varanasi News: विद्वानों ने कहा- आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट विरासत देकर जाना ही विकसित भारत@2047 का आधार
वन नेशन-वन इलेक्शन और विकसित भारत को लेकर विद्वानों ने विस्तृत चर्चा की। 250 से ज्यादा शोधपत्र पर गहन अध्ययन भी किया गया। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में युवाओं के आगे आने की अपील की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू के पत्रकारिता विभाग में वन नेशन-वन इलेक्शन से लेकर विकसित भारत @2047 कुल 250 से ज्यादा शोधपत्र पढ़े गए। इसी के साथ रविवार को तीन दिन के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हो गया।
मुख्य अतिथि अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह और आरएसएस काशी प्रांत प्रचारक रमेश ने शोधछात्रों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि देश, धर्म की रक्षा और चरित्र निर्माण के लिए ही प्रभु श्रीराम ने वनवास स्वीकार किया। आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट विरासत देकर जाना ही विकसित भारत के निर्माण की सच्ची आधारशिला है। पुरखों की यात्रा को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना होगा।
जीवन का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान के रूप में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानवीय मूल्यों की रक्षा करते हुए हम विकसित भारत की राह पर चल पड़े हैं। प्रो. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि महामना के विचार विकसित भारत के लिए काफी सटीक हैं। कृषि पत्रकारिता को बढ़ावा मिलना चाहिए जिससे भारतीय ज्ञान परंपरा और नवाचार दोनों को भारतीय किसान जान सके।
वन नेशन वन इलेक्शन पर विस्तृत चर्चा
उत्तराखंड सरकार के मीडिया सलाहकार प्रो. गोविंद सिंह ने कहा कि विकसित भारत केवल भौतिक प्रगति से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक उन्नति से संभव है। वर्तमान में मीडिया का पारदर्शी और जवाबदेह होना राष्ट्रनिर्माण के लिए बेहद जरूरी है।
क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश वर्मा ने कहा कि शिक्षा, शोध और नवाचार ही 2047 के भारत को आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बनाएंगे। युवाओं को नई चुनौतियों के अनुसार खुद को तैयार रहना चाहिए। आयोजक डॉ. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने कहा कि यह सम्मेलन पूरे देश के शोधकर्ताओं के लिए विकसित भारत 2047 एक रोडमैप का काम करेगा।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार के डॉ. सनत कुमार शर्मा ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन का मूल उद्देश्य शासन की दक्षता बढ़ाना और जनता के बीच राजनीतिक थकान को कम करना है। स्वागत विभागाध्यक्ष डॉ. शोभना नार्लिकर और धन्यवाद डॉ. बाला लखेंद्र ने किया। प्रो. अनूप कुमार मिश्रा, डॉ. नेहा पांडेय, दीपेंद्र चौबे, अंकित पांडेय, सुजीत पासवान आदि मौजूद रहे।