Varanasi News: तीन महीने में बढ़े सात ब्लैक स्पॉट, हर दूसरे दिन हो रही एक की मौत; इन रास्तों पर हर दिन हादसे
Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले साल शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में 10 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हुए थे। इधर, जनवरी से मार्च माह में सात और नए ब्लैक स्पॉट चिह्नित हो गए।
विस्तार
वाराणसी जिले में बेहतर कनेक्टिविटी और शहर में बढ़ते यातायात दबाव के साथ ही तेज रफ्तार में सांसों की डोर टूट रही है। हर दूसरे-तीसरे दिन सड़क हादसों में सड़कें खून से लाल हो रही हैं। तीन माह के अंदर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सात नए ब्लैक स्पॉट बढ़ गए। जिले में कुल 17 ब्लैक स्पॉट हो गए हैं।
पिछले साल शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में 10 ब्लैक स्पॉट चिह्नित हुए थे। परिवहन, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी से समन्वय करते हुए ब्लैक स्पॉट खत्म किए जाने पर काम कर रहा था कि जनवरी से मार्च माह में सात और नए ब्लैक स्पॉट चिह्नित हो गए। सर्विस लेन पर भारी वाहनों की पार्किंग, अनधिकृत कट और गलत दिशा में चलने वाले वाहनों ने निरीह लोगों की सांसें छीन लीं। हाईवे, रिंग रोड और शहर के अंदर की निर्माणाधीन सड़कों पर दुर्घटनाएं अधिक हुई हैं। जान गंवाने वालों में 70 फीसदी युवा हैं, जो बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे।
इसे भी पढ़ें; UP News: घर से टहलने निकले बुजुर्ग का पोखरे में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
संदहा रिंग रोड-3 बना नया स्पॉट
चौबेपुर के संदहा चौराहे से पंचफेड़वा, चंदौली को जोड़ने वाले रिंग रोड फेज-3 पर भी दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। इस मार्ग पर विद्युत प्रकाश की व्यवस्था कम होने और अचानक पशुओं के आ जाने से बाइक सवार संतुलन खो बैठ रहे हैं। वहीं, अनियंत्रित कार सवार आपस में टकरा रहे हैं। चांदमारी से लेकर संदहा के बीच रिंग रोड पर खुले होटल, ढाबों, मैरिज लॉन के बाहर खड़ी गाड़ियों से भी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
एक घंटे में एक ही स्पॉट पर दो घटनाओं में बालक समेत अधेड़ की मौत
रामनगर बाईपास, विश्वसुंदरी पुल और टेंगरा मोड़ ब्लैक स्पॉट में चिह्नित हुए हैं। पिछले माह 25 मार्च की रात बुलेट पर मां के साथ घर लौट रहे मिर्जापुर निवासी अजय नारायण पाठक के 9 वर्षीय बेटे कार्तिक की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई थी। ठीक इसी स्पॉट पर एक घंटे पहले सिंचाई विभाग के जिलेदार, बाइक सवार संतोष कुमार की भारी वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी।
बाबतपुर फोरलेन, हरहुआ और चांदमारी रिंग रोड पर हादसे हर दिन
पुलिस के रिकॉर्ड में बाबतपुर-हरहुआ-शिवपुर फोरलेन और चांदमारी रिंग रोड पर हर दूसरे दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। कार सवार की टक्कर से बाइक सवारों की मौत और घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। रात की अपेक्षा दिन में घटनाओं की संख्या बढ़ी है। वाजिदपुर चौराहा भी ब्लैक स्पॉट में शामिल है। उधर, रोहनिया थाना क्षेत्र के अमरा अखरी-चुनार रोड पर भारी वाहनों से बाइक सवार और पैदल राहगीरों के घायल होने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
वर्जन
अधिकारी बोले
यातायात पुलिस समेत संबंधित थानों की फोर्स के साथ हाईवे और रिंग रोड पर विशेष अभियान चलाया गया है, ताकि सर्विस लेन पर किसी तरह की अवैध पार्किंग न हो। ढाबा, होटल और पेट्रोल पंपों के आसपास भी वाहनों के खड़े होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। -सुधांशु रंजन, एआरटीओ प्रवर्तन