Sports News: पूर्व मध्यमा की तेंजींन डेचेन ने गोल्डन गोल कर पूर्व माध्यमा को दिलाई ट्रॉफी, पढ़ें खेल की खबरें
Varanasi News: उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में आयोजित प्रो. लालमणि जोशी स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता में पूर्व मध्यमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। तेंजींन डेचेन ने निर्णायक मुकाबले में गोल्डन गोल कर टीम को जीत दिलाई। खिलाड़ियों के प्रदर्शन की मौजूद लोगों ने सराहना की। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया। आइए जानते हैं खेल की अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में खेली जा रही प्रो. लालमणि जोशी स्मृति 14 दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न हो गई। यह प्रतियोगिता 54वीं छात्र कल्याण समिति की ओर से आयोजित की गई थी। निर्धारित समय में मैच ड्रॉ रहने पर निर्णय के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। इसमें पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष की फॉरवर्ड खिलाड़ी तेंजींन डेचेन ने गोल्डन गोल कर शास्त्री प्रथम वर्ष की टीम को 1-0 से हरा दिया।
दोनों टीमों को पांच-पांच पेनल्टी किक करने का मौका मिला। इसमें पूर्व मध्यमा की तेंजींन डेचेन ही गोल करने में सफल रहीं। प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता महिला एवं पुरुष टीमों के खिलाड़ियों को शनिवार को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
पुरुष वर्ग में उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष विजेता
पुरुष वर्ग का फाइनल बीए-बीएड कंबाइंड और उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष के बीच खेला गया। इसमें उत्तर माध्यमा ने बीए-बीएड की टीम को 3-2 से हरा दिया। विजेता उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष की ओर से वांग्चोक ने दो और रींचेन ने एक गोल किया। उपविजेता बीए-बीएड कंबाइंड की ओर से सांगेय ने दो गोल किए।
जिलास्तरीय फुटबॉल के दो वर्ग में शिवपुर जोन चैंपियन
70वीं माध्यमिक विद्यालयीय जनपदीय बालक-बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता शुक्रवार दोपहर डीएवी इंटर कॉलेज मैदान में खेली गई। इसमें शिवपुर जोन की टीम दो वर्गों में विजेता बनी। शिवपुर जोन के फुटबॉलरों ने अंडर-19 और अंडर-17 आयु वर्ग के बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर-14 बालक वर्ग में भेलूपुर जोन, अंडर-17 बालिका वर्ग में बच्छांव जोन और अंडर-17 बालक वर्ग में शिवपुर जोन ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालक वर्ग के रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित समय में एक-एक गोल की बराबरी पर रहीं। टाईब्रेकर से मैच का निर्णय हुआ, जिसमें शिवपुर जोन ने 8 गोल कर जीत हासिल की, जबकि चोलापुर जोन की टीम 7 गोल कर उपविजेता रही।
अंडर-14 बालिका और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के चयन के लिए ट्रायल कराया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर डीएवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजीत सिंह यादव, कोषाध्यक्ष हरिवंश सिंह, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, सर्वेश सिंह, शमसी रजा, विवेक कुमार सिंह, राजीव सिंह, गोपाल प्रसाद मौजूद रहे।
70वीं माध्यमिक स्कूली जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के इंडोर हॉल में खेली गई। बालक वर्ग की प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-19 आयु वर्ग में विश्वनाथ सनातन धर्म इंटर कॉलेज के अभिषेक जायसवाल और सुशील कुमार मौर्य ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सरदार पटेल इंटर कॉलेज के रवि कुमार को तीसरा स्थान मिला। अंडर-17 आयु वर्ग में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के आकाश शर्मा ने स्वर्ण और मालवीय इंटर कॉलेज शहंशाहपुर के आदर्श कुमार ने रजत पदक जीता।
इस नागपंचमी अखाड़ों में कुश्ती खिलाड़ी साधेंगे दांव
नागपंचमी के अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के अखाड़ों और स्टेडियमों में कुश्ती का आयोजन होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। अखाड़ों में दंगल के लिए मिट्टी तैयार करने के साथ मैट पर कुश्ती कराने की भी तैयारी चल रही है। सोमवार को अलग-अलग अखाड़ों में कुश्ती का आयोजन होगा। तुलसी घाट स्थित अखाड़ा स्वामीनाथ से लेकर बीएचयू के शिवाजी हॉल, नैपुरा के वितरागानंद व्यायामशाला, बरेका, सिगरा स्टेडियम, जैतपुरा, महनाग और संजोई अखाड़ों में खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
प्रादेशिक तैराकी में खेलेंगे काशी के 25 खिलाड़ी
70वीं माध्यमिक स्कूली तैराकी प्रतियोगिता शुक्रवार को संपन्न हो गई। बंगाली टोला इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित मंडलीय तैराकी प्रतियोगिता में 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 25 खिलाड़ियों ने प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। इसमें वाराणसी जिले के 25 और गाजीपुर के पांच खिलाड़ी शामिल हैं।
आयोजन सचिव एवं खेल शिक्षक मेजर विमल राव ने बताया कि जिला और मंडलीय तैराकी प्रतियोगिता बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित स्वीमिंग पूल में कराई गई। इसमें पहले दिन 150 और दूसरे दिन 80 खिलाड़ियों ने बालक और बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में खेली गई। चयनित खिलाड़ियों में 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके है। संचालन डॉ. जितेंद्र पटेल, धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश मणि ने किया।
तीन वर्ग में एक ही विद्यालय की टीम बनी विजेता
70वीं माध्यमिक स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुक्रवार को परमानंदपुर स्थित बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हॉल में खेली गई। इसके तीनों वर्गों सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर बालिका वर्ग में विकास इंटर कॉलेज की बालिकाओं ने बाजी मारी।
अंडर-14 बालिका वर्ग में विकास इंटर कॉलेज की वैष्णवी साहू ने इसी विद्यालय की सुप्रिया पटेल को पराजित कर पहला स्थान हासिल किया। अंडर-17 आयु वर्ग में विकास इंटर कॉलेज की पूजा यादव ने निवेदिता शिक्षा सदन की राशि वर्मा को शिकस्त देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 आयु वर्ग में विकास इंटर कॉलेज की तान्या पटेल ने इसी विद्यालय की अलका यादव को हराकर पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर रेनू, ममता दुबे, साक्षी मौर्या और पूजा राय सहित शिक्षक मौजूद थे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेंगे वाराणसी के 16 खिलाड़ी
उत्तर प्रदेश में पहली बार आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वरीयता टेबल टेनिस चैंपियनशिप में वाराणसी का दल हिस्सा लेगा। यह प्रतियोगिता कानपुर में 16 से 23 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। इसमें जिले से कुल 16 खिलाड़ी और 11 मैच ऑफिशियल शामिल होंगे।
वाराणसी टेबल टेनिस जिला संघ की सचिव सरिता गोकर्ण ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहली राष्ट्रीय वरीयता प्रतियोगिता में वाराणसी का दल प्रतिभाग कर रहा है। प्रतियोगिता में वाराणसी के खिलाड़ी अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में खेलेंगे।
वे वरिष्ठ पुरुष और महिला वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों में अंतरराष्ट्रीय निर्णायक सौम्या सिन्हा शामिल हैं। उनके साथ जिले के 10 अन्य राष्ट्रीय निर्णायक भी मुकाबलों का निष्पक्ष और सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे।
इनका हुआ यूपी टीम में चयन
तनयम सिंह, दर्श शर्मा, जिया पेशवानी, इशिका जाडवानी, सौम्या सिंह, वैशाली, लक्ष्मी, विराट सिंह, कार्तिक प्रसाद कन्नोजिया, रेयांश, प्रखर, सत्यम राय, ऋषभ सिंह, विशाल राज, अनोखी केसरी और उत्कर्ष प्रभाकर टीम में शामिल हैं।
ये बने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के मैच अंपायर : अभिनव सिंह, सुशांत कुमार गुप्ता, मयंक मिश्रा, सुदर्शन साहु, आदर्श पांडेय, सौम्या सिन्हा, जीग्यासा द्विवेदी, पूर्वा सिंह बघेल, पुष्पांजलि यादव, सोनाली गौतम और साक्षी शर्मा शामिल हैं।