UP Accident: तेज वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर; जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर दर्दनाक हादसा
Jaunpur News: हाईवे पर सड़क हादसे की सूचना मिलते ही माैके पर मुंगराबादशाहपुर थाने की पुलिस पहुंच गई। मशक्कत के बाद घायलों की पहचान हुई। इसमें दो युवकों की माैत हो गई। घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Road Accident: जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर जयपालपुर सांई ढाबा के पास बीती देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मझगवा गांव निवासी आर्यन गौतम (19) पुत्र सूर्यप्रकाश एवं सुनील गौतम (21) पुत्र संतोष कुमार उर्फ परमेश्वर अपने रिश्तेदार सचिन कुमार उर्फ विपिन (26) पुत्र ताराचंद्र निवासी अगहुआ (कोनार), थाना फूलपुर, जिला प्रयागराज के साथ एक ही बाइक से कहीं जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक जयपालपुर स्थित सांई ढाबा के पास रायबरेली जौनपुर नेशनल हाईवे पर पहुंची सामने से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आर्यन गौतम और सुनील गौतम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही घायल सचिन कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि मझगवा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम था जिसमें शामिल होने प्रयागराज से उनका रिश्तेदार सचिन भी आया हुआ था। रात करीब 12 बजे तीनों युवक घरवालों से जल्द लौटने की बात कहकर बाइक से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि इस हादसे में दो युवक की मौत हो गई है वहीं एक घायल युवक को सीएचसी सतहरिया में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।