सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed

Varanasi News Today: हादसे...तीन लोगों की मौत, BHU की सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता से जिरह पूरी; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: वाराणसी ब्यूरो Updated Fri, 06 Feb 2026 02:20 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी के बड़ागांव और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई हुई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

Varanasi News in Hindi: बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में बृहस्पतिवार को महादेव वाटिका के पास एक हादसा हुआ, जिसमें वाराणसी जा रहे दो बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। 

Trending Videos


पुलिस के अनुसार, तिवारीपुर गांव निवासी अंजेश सिंह (30) और दीपक सिंह (24) निजी काम से बाइक से वाराणसी जा रहे थे। जब वे हरहुआ स्थित महादेव वाटिका के पास पहुंचे, तो अचानक पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दीपक सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अंजेश सिंह का प्राथमिक उपचार चल रहा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


दीपक सिंह सटरिंग का काम करता था और अविवाहित था। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर जाम खोलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। 

ट्रैक्टर पलटने से दबा किशोर, मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगतुआं गांव निवासी 16 साल के रोहित कुमार की बृहस्पतिवार सुबह पियरी रोड नहर के पास ट्रैक्टर पलटने से हादसे में दबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार, रोहित कुमार बृहस्पतिवार सुबह छह बजे घर से लॉन में वेटर का काम करने निकला था, लेकिन लॉन न जाकर पियरी रोड नहर के पास पहुंच गया। ग्रामीणों से सूचना मिली कि वहां एक ट्रैक्टर पलट गया है और उसके नीचे एक किशोर दबा हुआ है। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे रोहित को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रोहित अपने सात भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से मां बिंदु देवी समेत पूरे परिवार का रोकर हाल बेहाल है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सीसी कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि ट्रैक्टर कैसे पलटा और रोहित वहां कैसे पहुंचा। 

वृद्ध ने फंदे से लटक कर दी जान
चौबेपुर के राजवारी गांव में 75 साल के सुरेश कन्नौजिया ने घर में पंखे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार, सुरेश कन्नौजिया दो साल से कमर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। लंबे समय से इलाज चल रहा था और खर्च बढ़ता जा रहा था। बीमारी के साथ आर्थिक तंगी से सुरेश परेशान थे। तनाव में आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। 

बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक का बड़ा बेटा डब्ल्यू गांव में रहकर ड्राइवरी करता है और परिवार का पालन-पोषण करता है। छोटा बेटा बबलू गुजरात के वापी में कपड़ों की धुलाई करता है। मृतक की पत्नी राधिका देवी समेत पूरा परिवार सदमे में है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मृतक लंबे समय से बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। जिसके चलते उन्होंने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 

आईआईटी बीएचयू की सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता से जिरह पूरी
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में बृहस्पतिवार को बीएचयू आईआईटी की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान पीड़िता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आरोपी कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल के वरिष्ठ अधिवक्ता ने जिरह पूरी कर ली गई। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 फरवरी की तिथि नियत की है। इधर, तीसरे आरोपी आनंद चौहान उर्फ अभिषेक के अधिवक्ता को पीड़िता के साथी से पुनः जिरह करने की अनुमति दे दी गई है।

इस दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता अदालत में उपस्थित रहे। पीड़िता की जिरह इसी कोर्ट परिसर में स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से कराई गई। प्रकरण के अनुसार, दो नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की एक छात्रा के साथ बाइक सवार तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता की शिकायत पर लंका थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई। विवेचना के दौरान तीन आरोपियों कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल के नाम सामने आए। 

एयरपोर्ट पर यात्री के पास से चार कारतूस बरामद
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को सुरक्षा जांच के दौरान स्पाइसजेट से मुंबई जाने के लिए आए यात्री के पास से चेकिंग के दौरान चार कारतूस बरामद हुए। बलिया निवासी यात्री खान मंसूर आलम स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-330 से यात्रा करने वाला था।

जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ कर्मियों ने सिक्योर होल्ड एरिया में चेकिंग के दौरान खान मंसूर आलम के हैंड बैग से प्वाइंट 32 बोर का कारतूस मिला। सीआईएसएफ ने यात्री से पूछताछ की और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पुलिस के साथ-साथ आईबी और एलआईयू समेत अन्य जांच एजेंसियों ने उससे पूछताछ की। 

अधिकारियों के अनुसार, यदि यात्री द्वारा संबंधित वैध शस्त्र लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले तो मामले की गहन जांच की जाएगी। यात्री को विमान में सीट संख्या 28-बी आवंटित थी। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर एक यात्री के पास से चार कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल पूछताछ की जा रही है। 

तीन अभियुक्त जिला बदर, एक छह माह के लिए
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की। यह कार्रवाई थाना आदमपुर, सिगरा एवं कैंट क्षेत्र के ऐसे अपराधियों के विरुद्ध की गई है, जिनका आपराधिक इतिहास चोरी, लूट, मारपीट, धमकी, शांति भंग, लोक व्यवस्था प्रभावित करने, एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों से जुड़ा रहा है। अभियुक्तों में शनि साहनी (23) निवासी प्रहलाद घाट को छह महीने के लिए जिला बदर किया गया। 

शनि साहनी के विरुद्ध चोरी, लूट, एनडीपीएस, गैंगेस्टर एक्ट सहित करीब 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश जीआरपी थानों में पंजीकृत हैं। प्रीतम उर्फ प्रीतम सोनकर (24) निवासी माधोपुर सिगरा को तीन महीने के लिए, और सम्राट सिंह उर्फ वैभव सिंह (23) निवासी मानिक नगर कॉलोनी फुलवरिया थाना कैंट को तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया। 

आरोपी आकाश पाल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद
बड़ागांव के क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास बीते साल 25 दिसंबर की शाम गोली मारकर हुई समीर सिंह की हत्या में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया। पांच फरवरी को न्यायालय के आदेश पर आकाश पाल को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में उसने घटना में प्रयुक्त बाइक के बारे में बताया कि कुसमुरा–फत्तेपुर के बीच झाड़ियों के बीच काली-सिल्वर रंग की स्प्लेंडर बाइक है। निशानदेही पर पुलिस ने बाइक बरामद कर ली। यह बाइक घटना के समय उपयोग में लाई गई थी। 25 दिसंबर शाम छह से सात बजे के बीच दयालपुर गांव के पास कुछ युवकों ने रामू यादव और अभिषेक यादव से विवाद किया। आरोपियों ने रामू यादव को गोली मार दी थी। 

बीएचयू शोध छात्र पर हमला, दो पर प्राथमिकी
चितईपुर थाना क्षेत्र के विवेक नगर कॉलोनी में बीएचयू के इतिहास विभाग के शोध छात्र श्वेताभ अरुण से मारपीट के आरोपी क्षितिज उपाध्याय निवासी रोहतास, बिहार और अभिषेक उपाध्याय निवासी कैमूर, बिहार के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। सारनाथ निवासी श्वेताभ अरुण ने बताया कि वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में शोध छात्र हैं और विवेक नगर कॉलोनी में रहकर पढ़ाई करते हैं। 

29 जनवरी की रात करीब 11 बजे वह अपने जूनियर साथी सूरज सिंह की बाइक से अपने कमरे जा रहे थे। इस दौरान क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय ने अचानक हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका रूम पार्टनर सूर्याभ वैभव मौके पर पहुंचा तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। 

Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

बकाये पर वीडीए ने सील कीं तीन दुकानें
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर बृहस्पतिवार को देवकी नंदन हवेली और कैलगढ़ में तीन दुकानें सील की गईं। इन दुकानदारों को 15 दिन का समय दिया गया है। यदि आवंटी की ओर से उक्त अवधि में भी बकाया धनराशि जमा नहीं की जाती, तो दुकान का आवंटन निरस्त करते हुए ई-ऑक्शन से नीलामी की जाएगी। सचिव ने कहा कि जो दुकानदार बकाया धनराशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ अभियान चलाकर इस सप्ताह में और 8-10 दुकानें सील की जाएंगी। बताया गया कि देवकी नंदन हवेली योजना में एक दुकान किराये पर आवंटित की गई थी, लेकिन आवंटी द्वारा विगत कई वर्षों से किराया जमा नहीं किया गया, जिसके कारण 2,74,739 रुपये का बकाया है। 

निगम ने माफ किया 64 करोड़ रुपये सरचार्ज
नगर निगम ने 64 करोड़ रुपये जलकर का सरचार्ज माफ किया है। कार्यकारिणी व सदन के आदेश पर संशोधित बिल निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। 31 मार्च तक जमा करने वाले भवन स्वामियों को छूट मिलेगी। बड़े बकायेदारों को दोबारा नोटिस दिया जा रहा है। 15 दिनों के भीतर बकाया जमा न होने पर कुर्की की चेतावनी दी गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि डिजिटल माध्यम के साथ-साथ आम जनता की सुविधा के लिए संशोधित बिलों की हार्ड कॉपी भी दो दिनों के भीतर जोनल कार्यालयों को भेज दी जाएगी। 

सीपी ने डीसीपी सरवणन टी. को दी विदाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को डीसीपी क्राइम सरवणन टी. के स्थानांतरण पर उन्हें विदाई दी और उनके काम को सराहा। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन में किया गया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सरवणन टी. का कार्यकाल अनुशासन, ईमानदारी और अपराध नियंत्रण के लिए यादगार रहा है। उनकी सेवाओं ने कमिश्नरेट को नई दिशा दी। इस मौके पर एडीसीपी कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सरवणन टी. अब अमेठी में बतौर पुलिस अधीक्षक कार्यभार संभालेंगे। 

एक सप्ताह में 5 फाइलें निस्तारित करें अधिकारी
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बृहस्पतिवार को वीडीए में आईजीआरएस से जुड़े मामलों की समीक्षा की। सचिव ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक जोनल अधिकारी एक सप्ताह में न्यूनतम 05 फाइलों, और प्रत्येक अवर अभियंता को एक सप्ताह में न्यूनतम 10 फाइलों का निस्तारण अवश्य करें। सचिव ने निर्देश दिया कि आईजीआरएस से संबंधित सभी प्रकरणों में आख्या प्रेषित करने से पूर्व जोनल अधिकारी स्वयं अपने स्तर से स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच करें। तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण आख्या सुनिश्चित करें, जिससे शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान प्राप्त हो सके। 

कोर्ट से अमिताभ ठाकुर की रिहाई का आदेश जारी
वाराणसी कोर्ट से पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर की रिहाई का आदेश जारी हो गया है। इसके बाद अब देवरिया में दर्ज मामले में जमानतदारों के कागजात दाखिल किए जाएंगे। हालांकि लखनऊ कोर्ट से अमिताभ ठाकुर को अग्रिम जमानत मिलने के बाद ही रिहाई संभव होगी। तब तक उन्हें इंतजार करना होगा। पुरवां इंडस्टि्रयल एरिया में पत्नी नूतन ठाकुर के नाम में हेरफेर कर प्लाट आवंटन के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व आईजी अमिताभ ठाकुर बीते 11 दिसंबर 2025 से जिला जेल में बंद हैं। 

उनके खिलाफ सदर कोतवाली में एक प्राथमिकी दर्ज है। वहीं एक अन्य प्राथमिकी वाराणसी में दर्ज कराई गई है। वाराणसी सीजेएम कोर्ट और देवरिया जिला जज की कोर्ट ने दोनों मामलों में पूर्व आईजी को जमानत दे दी है। इस बीच लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में जालसाजी और धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज करा दी गई। अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि अमिताभ ठाकुर के जमानतदारों ने वाराणसी कोर्ट में अधिवक्ता के माध्यम से जमानत के कागजात दाखिल कर दिए। 

Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed
वाराणसी में लगा भीषण जाम। - फोटो : संवाद

भिखारीपुर तिराहे से ककरमत्ता तक रेंगते रहे वाहन 
सिटी स्टेशन, भदऊ-चुंगी और तेलियानाला फाटक तक बृहस्पतिवार की सुबह और दोपहर में वाहन रेंगते रहे, लेकिन शाम छह बजे बाद स्थिति बिगड़ गई। शाम छह बजे से रात आठ बजे तक लगे जाम में सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसका असर नक्खी घाट मार्ग तक देखा गया। 

जबकि दोपहर में भिखारीपुर तिराहे से ककरमत्ता तक वाहनों के रेंगने का सिलसिला देर तक जारी रहा। जाम में फंसे लोग गंतव्य तक एक से दो घंटे बाद पहुंचे। वहीं, लहरतारा आरओबी भी दोपहर से शाम तक जाम की चपेट में रहा। सबसे अधिक परेशानी सिटी स्टेशन से भदऊ-चुंगी, तेलियानाला फाटक और राजघाट मार्ग पर देखने को मिली, जहां दो घंटे तक यातायात व्यवस्था बेपटरी रही। 

लोग इधर-उधर से किसी तरह जाम से बचने के लिए निकलने की कोशिश में लगे रहे। गलत दिशा में आने को विवश दिखे। लहरतारा आरओबी से लेकर ककरमत्ता तक वाहन एक घंटे तक रेंगते रहे। यहां आम नागरिकों से लेकर स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और मरीज तक परेशान होते रहे। वाहन चालक उतरकर खुद रास्ता बनाते नजर आए। ट्रैफिक पुलिस कभी इधर तो कभी उधर जाम छुड़ाने में लगी रही। रात आठ बजे के बाद स्थिति सामान्य हुई।

दिल्ली से वाराणसी जा रहा विमान लखनऊ डायवर्ट
दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6741 बृहस्पतिवार सुबह दृश्यता कम होने के चलते लैंड नहीं हो सकी। विमान को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो एयरलाइंस की नॉन शेड्यूल घरेलू उड़ान सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंची। मौसम खराब होने के कारण इसे लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। डायवर्ट होने के बाद यह विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर सुबह करीब 6:50 बजे उतरा। विमान में 220 यात्री सवार थे। मौसम ठीक होने पर विमान 9:47 बजे वाराणसी रवाना हुआ। 

कनेक्शन के बाद चालू होंगे 5 ट्यूबवेल
जलकल के 5 ट्यूबवेल में बिजली का कनेक्शन नहीं है। इसके चलते ट्यूबवेल चालू नहीं हो पाए हैं। पिछले दिनों हुई बैठक में सभी ट्यूबवेल को चालू करने के लिए निर्देश दिए गए थे। इसके लिए नगर निगम ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर कनेक्शन देने को कहा है। इसके बाद पत्राचार की कार्रवाई शुरू की गई है। जल्द ही सभी 5 ट्यूबवेल को चालू कर शहर के अन्य इलाकों में पानी की आपूर्ति बेहतर की जाएगी। जल्द ही इसे लेकर सदन और कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा की जाएगी। आगामी गर्मी को ध्यान में रखते हुए, अभी से ट्यूबवेलों को चालू करने का काम शुरू कर दिया गया है। 

कालिका धाम-रामेश्वर मार्ग पर दौड़ी रोडवेज बस
कालिका धाम से रामेश्वर होते हुए वाराणसी को जाने वाली रोडवेज बस का संचालन बृहस्पतिवार से पुनः शुरू हो गया है। इस बस सेवा के बहाल होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में हर्ष व्याप्त है। विगत 2 फरवरी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राष्ट्रवीर बाबू निहाला सिंह की 119वीं जयंती में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. तेग बहादुर सिंह ने इस समस्या से अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि रोडवेज बस सेवा बंद होने के कारण ग्रामीणों को तीर्थ धाम रामेश्वर, कचहरी और वाराणसी शहर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

किराया जमा नहीं किया तो दुकान होगी नीलाम
लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वालों की दुकानें खाली कराके वीडीए नीलामी कराएगा। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि जो किरायेदार लंबे समय से किराया नहीं जमा कर रहे हैं, जिनकी दुकानें बंद हैं, जो सिकमी किरायेदार हैं, उनके मामलों में दुकानों को खाली करवा कर फिर से अधिग्रहण किया जाए और नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाए। सचिव ने निर्देश दिया कि जिन आवंटियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, उनकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से पूरी कराई जाए। 

दिन में धूप, एक डिग्री सेल्सियस बढ़ा पारा
सप्ताह की शुरुआत में पछुआ हवाओं के चलने और बूंदाबांदी के बाद अब मौसम ने तेजी से करवट ली है। बृहस्पतिवार को दिन में हवा की रफ्तार थमी रही और धूप भी अन्य दिनों की तुलना में अधिक असरदार रही। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को 25.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी औसत से 1.2 डिग्री बढ़कर 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। 

8.85 करोड़ से बनेगा स्टेडियम 6 लेन का होगा सिंथेटिक ट्रैक
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के करसड़ा में स्टेडियम बनेगा। इस पर 8.85 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन से डिजाइन की मंजूरी मिलने के बाद नामित कार्यदायी संस्था ने डीपीआर बनाकर निदेशालय भेज दिया है। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि यहां के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बाहर जाना पड़ता था। स्टेडियम बन जाने के बाद यहां कुशल कोच की देखरेख में ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। इसके लिए भूमि का सर्वे करा लिया गया है।

स्टेडियम में खेलो इंडिया के तहत युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मल्टीपर्पज हॉल के साथ-साथ बैडमिंटन कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और दौड़ के लिए एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा। खिलाड़ियों को खेलने के लिए स्टेडियम नहीं है, इस वजह से यहां के खिलाड़ी सिगरा, परमानंदपुर और लालपुर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने जाते हैं।

खिलाड़ियों के लिए छह लेन का सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा। जमीन पर खेलने के बाद सिंथेटिक पर खिलाड़ियों को एडजस्ट करने में परेशानी होती है। मिट्टी के कर्व और सिंथेटिक के कर्व पर खिलाड़ियों का एंगल और तेजी अलग-अलग होती है। 

विद्यापीठ में प्रो. रमाकांत सिंह बने आईक्यूएसी के निदेशक
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में प्रो. रमाकांत सिंह को आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चयन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) का निदेशक बनाया गया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण किया। प्रो. सिंह वर्तमान में अतिरिक्त कुलानुशासक एवं मुख्यायुक्त, भारत स्काउट और गाइड का कार्य भी देख रहे हैं। इस दौरान प्रो. नंदिनी सिंह, कुलानुशासक प्रो. केके सिंह, मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश मिश्रा, प्रो. नलिनी श्याम कामिल, प्रो. सुरेंद्र राम, प्रो. शैलेंद्र वर्मा ने बधाई दी है। ब्यूरो

छात्रवृत्ति के लिए 15 तक आवेदन का मौका
संस्कृत विद्यालयों व महाविद्यालयों और संपूर्णानंद विवि में पढ़ रहे छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल https://scholarship.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन, संशोधन व अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने बताया कि ऑनलाइन के अतिरिक्त किसी भी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। 15 फरवरी के बाद छात्रवृत्ति आवेदन, संशोधन, अग्रसारित पर विचार नहीं किया जाएगा। इसकी विस्तृत जानकारी माध्यमिक शिक्षा विभाग व माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध है। 

प्रो. हरिकेश बने गोपाल नारायण विवि के विजिटर
जयप्रकाश विवि छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह को बिहार के गोपाल नारायण सिंह विवि का फिर से विजिटर नियुक्त किया गया है। पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रो. सिंह बीएचयू में शिक्षा संकाय के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। शिक्षा के अधिकार के राज्य सलाहकार परिषद, उत्तर प्रदेश के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है। वह मूल रूप से गाजीपुर जिले के घरिहा गांव के निवासी हैं। 

संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रों ने निकाली रैली
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय शिक्षाशास्त्र विभाग में शिक्षाशास्त्री तृतीय सेमेस्टर के छात्रों ने बृहस्पतिवार को जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के साथ ही मतदान के प्रति जागरूक किया। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्काउट–गाइड से युवाओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा-भावना, नेतृत्व क्षमता, साहस एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास होता है। संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. विशाखा शुक्ला ने किया। 

सीबीएसई हेरिटेज क्विज में सनबीम स्कूल चैंपियन
सनबीम स्कूल लहरतारा के छात्रों ने सीबीएसई हेरिटेज क्विज 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन की ट्राॅफी हासिल की। यह देश की सबसे प्रतिष्ठित और प्रतिस्पर्धी क्विज में से एक है। छात्रों की सफलता पर शिक्षकों ने खुशी जताई है। विजेता छात्रों ने नई दिल्ली में सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह से ट्राॅफी ली। सनबीम लहरतारा के शुभान सिंह, आदित्य जायसवाल और सौम्य शेखर झा की टीम ने 25 हजार नकद और ट्रॉफी जीती। सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने सभी को बधाई दी। 

पद्मश्री श्रीभासचंद्र सुपकार के घर पहुंची टीम, बेटी का दिव्यांग प्रमाणपत्र बना
पद्मश्री श्रीभासचंद्र सुपकार की जन्म से दिव्यांग बेटी वेदमती सुपकार का आखिरकार दिव्यांगता का प्रमाणपत्र बन गया। अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और डॉक्टरों की टीम श्रीभास चंद्र सुपकार के घर पहुंची और मौके पर मेडिकल परीक्षण कर वेदमती का दिव्यांगता प्रमाणपत्र तैयार कर उन्हें दिया। 

वेदमती सुपकार का दिव्यांगता प्रमाणपत्र पिछले डेढ़ साल से लंबित था, जबकि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग में उनका पंजीकरण पहले ही हो चुका था। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग स्तर पर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। यह स्थिति तब रही जब वेदमती के पिता और दादा दोनों पद्मश्री अवाॅर्डी रहे हैं। सिस्टम की नाकामी उजागर होने पर राज्यमंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। श्रीभास चंद्र सुपकार ने कहा कि प्रमाणपत्र मिलने के बाद वेदमती अब सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगी। 

टीकाकरण अभियान के लिए हुई बैठक
काशी विद्यापीठ ब्लाॅक मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को बीडीओ राजेश यादव की अध्यक्षता में एमआर टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए बीटीएफ (ब्लाक टास्क फोर्स) की बैठक हुई। इसमें बीडीओ ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई बच्चा टीका से वंचित न रह जाए। विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए अभियान की शतप्रतिशत सफलता पर चर्चा की। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. रामबली सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र चौहान, एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। 

शिविर में 100 यूनिट से ज्यादा रक्तदान
बीएचयू एनएसएस इकाई की ओर से बृहस्पतिवार को वाणिज्य संकाय में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों और संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शिविर में 100 से अधिक यूनिट रक्तदान हुआ। कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. एचके सिंह और डॉ. स्वप्ना मीना के मार्गदर्शन में किया गया। संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल बाबू जायसवाल, डॉ. ईशी मोहन, डॉ. शशि यादव औरडॉ. वंदना सोनकर ने किया। 

तिब्बत की मुक्ति के लिए किया जागरूक
भारत तिब्बत मैत्री संघ, हिमालय बौद्ध संस्कृति संरक्षण सभा और उत्तर प्रदेश सुरुचि कला समिति की ओर से माघ मेला में तिब्बत की मुक्ति के लिए श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया। तिब्बत मुक्ति के लिए प्रदर्शनी और शोभायात्रा निकाली गई। साथ ही विचार गोष्ठी से लोगों को तिब्बत की मुक्ति के लिए सभी को जागरूक किया गया। संघ के महासचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, प्रो. श्यामनाथ मिश्र, कुमार राज, मनोरंजन सिंह आदि ने विचार रखे। 

बीएचयू अस्पताल में गर्भवती महिलाओं-बुजुर्गों के लिए अल्ट्रासाउंड की अलग व्यवस्था
बीएचयू अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों के लिए अब अल्ट्रासाउंड की अलग व्यवस्था कर दी गई है। पहले जहां उनको सीढ़ी चढ़कर जांच कराने जाना पड़ता था, वहीं अब विभाग में भूतल पर ही जांच की व्यवस्था कर दी गई है। बीएचयू अस्पताल के एमसीएच विंग में आने वाली गर्भवती महिलाओं को डॉक्टर अगर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह देती थीं तो महिलाओं को सीढ़ी चढ़कर ऊपर जाना पड़ता था। भीड़ अधिक होने की वजह से कई महिलाएं सीढ़ी पर ही बैठती थीं। अब विभागाध्यक्ष प्रो. अमित नंदन धर द्विवेदी की पहल भूतल पर बने नए कक्ष में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था की गई है। इसमें गर्भवती महिला और वृद्ध मरीजों की जांच होगी। 

Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed
नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

नई गाड़ियां कागज पर डेड, 3 कर्मचारी निलंबित, नगर आयुक्त ने की कार्रवाई
नगर निगम के परिवहन विभाग ने दस साल की मियाद पूरी करने से पहले ही तमाम वाहनों को डेड घोषित कर नीलामी की सूची में डाल दिया। जांच में सामने आने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसे गंभीरता से लिया और परिवहन कार्यशाला विभाग के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। 

प्रथम दृष्ट्या कनिष्ठ लिपिक वैभव शरण मिश्र, सौरभ सान्याल और नृपेंद्र शंकर सिंह को वाहनों के रखरखाव में घोर लापरवाही और वित्तीय क्षति पहुंचाने के आरोप में निलंबित किया है। नगर आयुक्त ने इस पूरे प्रकरण की जांच अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को सौंपी है। 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। 

निलंबन अवधि में तीनों कर्मचारी जांच अधिकारी से संबंध किए गए हैं। नीलामी समिति में शामिल उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद हनुमान प्रसाद और मदन मोहन दुबे ने पिछले दिनों यार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि अगस्त 2022 में खरीदी गई विभिन्न प्रकार के 25 ई-गार्बेज मशीनें महज डेढ़ साल में ही कबाड़ घोषित कर दी गईं। 

वही, एक गोल्फ कोर्ट वाहन का सिर्फ चेसिस बचा है। 10-10 लाख की जटायु मशीनें, 75 लाख की स्वीपर मशीनों को बिना किसी एक्सपर्ट रिपोर्ट के डंपिंग यार्ड में डाल दिया गया। वर्कशॉप में खड़ी गाड़ियों के इंजन, बैटरी और पहिये तक गायब मिले। नई जेसीबी और महिंद्रा के वाहनों का कोई सर्विस रिकॉर्ड नहीं मिला। टाटा एस की जिन दो गाड़ियों पर 1.5 लाख रुपये से अधिक मरम्मत में खर्च किए गए, उन्हें भी स्क्रैप लिस्ट में डाल दिया गया। समिति के सदस्यों ने इसकी रिपोर्ट के आधार पर मेयर और नगर आयुक्त ने भी यार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया था। इसके बाद नगर आयुक्त ने ये कार्रवाई की है। 

डॉ. रामबदन और डॉ. अशोक ने किया आईसार्क का भ्रमण
इरी के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आइसार्क) का बृहस्पतिवार को पद्मभूषण डॉ. रामबदन सिंह और पद्मश्री डॉ. अशोक कुमार सिंह ने भ्रमण किया। उन्होंने संचालित विभिन्न कृषि अनुसंधान कार्यक्रमों, नवीन तकनीकी पहलों, वैज्ञानिक गतिविधियों और किसानों के हित में किए जा रहे अनुसंधान का अवलोकन किया। कहा कि आइसार्क में हो रहे वैज्ञानिक कार्यों की गुणवत्ता, अनुसंधान विज्ञान और समाज के लिए प्रभावशाली हैं। यह उत्तर प्रदेश एवं दक्षिण एशिया में एक उत्कृष्ट केंद्र के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। आइसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने दोनों अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके कृषि अनुसंधान, नीति संवाद और किसानों के लिए विज्ञान आधारित समाधानों को सुदृढ़ करने में किए अहम योगदान की सराहना की। 

सिटीजन फीडबैक मशीन बताएगी शौचालयों की सफाई
सिटीजन फीडबैक मशीन के जरिये शौचालयों की सफाई का पता लगाया जा रहा है। नगर निगम की ओर से इसे लागू किया गया है। यह व्यवस्था पारदर्शी तरीके से शौचालयों के रखरखाव को बेहतर बनाने में सहायक होगी। सिटीजन फीडबैक को स्वच्छ सर्वेक्षण में वरीयता मिलती है। इससे शहरों की रैंकिंग पर सीधा असर पड़ता है। इस डेटा का उपयोग निगम प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था को सुधारने, बार-बार आने वाली समस्याओं की पहचान करने और प्राथमिकता के आधार पर सफाई सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है। 

शौचालयों पर बटन दबाकर फीडबैक लिया जा रहा है। इससे सफाई निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय हो सकेगी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अब सार्वजनिक शौचालयों की सफाई का जिम्मा सीधे नागरिकों के फीडबैक पर निर्भर होगा। अधिकारियों ने बताया कि सिटीजन फीडबैक मशीनें शौचालयों के पास लगाई गई हैं। खराब फीडबैक मिलने पर स्थानीय निकायों को सुधार करने को कहा जाता है। 

मंदिर में सजेगी झांकी, 501 महिलाएं करेंगी मंगल पाठ
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड का 18वां स्थापना दिवस आठ फरवरी को मनाया जाएगा। पहली बार तीनों विग्रह श्रीराणी सती दादी, सालासर हनुमान और खाटू श्याम की अलौकिक झांकी स्वर्ण जड़ित सिंहासन पर सजाई जाएगी। भक्त इसके दर्शन कर सकेंगे। 

त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से मंदिर में उत्सव की तैयारी को लेकर बैठक हुई। संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ, मंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने बताया कि सुबह आठ बजे शिव रुद्राभिषेक, नौ बजे से 1001  कन्याओं का पूजन होगा। सुबह 11:30 बजे से सूरत की गायिका सुरभि बिरजु का भजन होगा। 

समाज की 501 महिलाएं संगीतमय दादी का मंगल पाठ करेंगी। शाम को चार बजे भजन संध्या का आयोजन होगा। फतेहाबाद से परविंदर पलक और देवचुंग हनुमानगढ़ राजस्थान व कृष्ण शर्मा रेणुकूट के अलावा श्रीराणी सती श्याम भक्त मंडल के गायक अनूप सराफ संग अन्य कलाकारों भजन गंगा में भक्तों को डुबोएंगे। भोग भक्तों में वितरित होगा। 

बदरीनाथ धाम में निकलने वाली यात्रा में शामिल होंगे शंकराचार्य 
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा में शामिल होंगे। वह इस यात्रा का शुभारंभ करेंगे। बदरीनाथ धाम के पुजारी समुदाय की शीर्ष पंचायत श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ शंकराचार्य को आमंत्रण पत्र दिया और उत्सव में शामिल होने के लिए निवेदन किया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए इसमें शामिल होने का आश्वासन दिया। यह उत्सव सात और आठ अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। 

शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के साथ हुई घटना से बदरीनाथ धाम के पुजारी समुदाय आहत हैं। इस समुदाय के इस उत्सव में शंकराचार्य के शामिल होने से वे आह्लादित होंगे। बदरीनाथ धाम से जुड़ी धार्मिक परंपराओं में गाडू घड़ा यात्रा भी एक है। पुजारी समुदाय डिमरियों के मूल ग्राम डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा अर्चना के बाद कपाट खुलने पर डिमरी पुजारियों द्वारा बद्रीनाथ धाम पहुंचाया जाता है। 

'संस्कृति' में कला, साहित्य, संस्कृति का संगम
बीएचयू के कला संकाय में तीन दिवसीय वार्षिक युवा महोत्सव संस्कृति की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई। सात फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रंजन कुमार ने किया। तीन दिन तक कला, साहित्य और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा। संस्कृति के तहत भारत अध्ययन केंद्र और मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में प्रतियोगिताएं होंगी। मुख्य अतिथि डॉ. रंजन कुमार ने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। 

कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने संस्कृति केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संकाय की विशिष्ट पहचान है। पहले दिन तांडव स्तोत्रम की बेहतर प्रस्तुति देने वाले दिव्यांग संगीतकार इंद्रजीत साकेत का सम्मान किया गया। उन्होंने पारंपरिक सोहर गीत जुग जुग जिया सु ललनवा... गाया। इस दौरान लोक गायिका शारदा सिन्हा को संगीतमय श्रद्धांजलि भी दी गई। उधर, मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सहित अन्य जगहों पर जनरल क्विज के प्रथम चरण, टर्न कोट (हिंदी), वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।संचालन अनुराग राय और अनन्या ने किया। 

काशी में 84 कोस समेत निकलेंगी 20 यात्राएं
धर्मसम्राट स्वामी करपात्री महाराज की परंपरा को कायम रखते हुए उनके शिष्य दंडी स्वामी शिवानंद सरस्वती की ओर से शुरू की गई धार्मिक यात्राएं शुरू हो गई हैं। काशी में चारधाम, 84 कोस, वैजनाथ धाम सहित 20 यात्राएं निकाली जाएंगी। काशी प्रदक्षिणा दर्शन यात्रा समिति के संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि पहली फरवरी को श्रीवेदव्यासेश्वर महादेव यात्रा से शुरुआत है।

अब 14 को पंचक्रोशी परिक्रमा यात्रा, 22 अप्रैल को नव दुर्गा व नव गौरी दर्शन-पूजन यात्रा, 26 को सप्त तीर्थ स्नान, ध्यान, दर्शन-पूजन यात्रा निकलेगी। इसी क्रम में 19 व 21 जून को छप्पन विनायक दर्शन-पूजन यात्रा, 25 को विश्वनाथ कलश यात्रा, दो अगस्त श्री केदारेश्वर अंर्तगृही दर्शन पूजन यात्रा, नौ को द्वादश ज्योर्तिलिंग यात्रा निकलेगी। 16 जूप को त्रिशूल यात्रा, 23 को एकादश महारुद्र लिंग दर्शन यात्रा निकलेगी। 

चंदन शहीद बाबा को चादरपोशी कर पेश की गई खिराजे अकीदत
राजघाट स्थित हजरत चंदन शहीद बाबा का सालाना उर्स बृहस्पतिवार को अकीदत, एहतराम और रूहानियत के साथ मनाया गया। गुलपोशी और चादरपोशी के लिए देर रात तक भीड़ रही। जियारत के साथ मन्नतें मांगने का सिलसिला देर रात तक चला। शायरों ने बाबा की शान में नातिया कलाम पेश किए। फज्र की नमाज के बाद गुस्ल की रस्म अदा की गई।

अकीदतमंदों ने दुआख्वानी कर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। जायरीन ने बाबा को मलीदा चढ़ाया। दरगाह परिसर में दिनभर सूफियाना माहौल बना रहा और सलातो सलाम और फातिहा से फिजा रूहानी बनी रही। इशां की नमाज के बाद नातिया कलाम का सिलसिला रात तक चला। अकीदत पेश करने मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, भदोही से अकीदतमंद पहुंचे थे। 

महंत भारत भूषण महाराज को मिलेगा पूजनीय श्री गुरुजी पुरस्कार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जनकल्याण समिति की ओर से संत रविदास मंदिर के महंत भारत भूषण महाराज को प्रतिष्ठित पूजनीय श्री गुरुजी पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह सम्मान उन्हें सामाजिक समरसता और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके किए गए अविस्मरणीय योगदान के लिए दिया जा रहा है। आगामी 14 फरवरी को पुणे में आयोजित एक भव्य समारोह में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के हाथों उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। 

पुरस्कार के रूप में महंत भारत भूषण को एक लाख रुपये की नकद राशि, एक प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए जनकल्याण समिति के उपाध्यक्ष विश्वनाथ जालनापूरकर और निधि प्रमुख प्रमोद क्षीरसागर स्वयं वाराणसी पहुंचे। उन्होंने महंत भारत भूषण से भेंट कर उन्हें औपचारिक रूप से आमंत्रित किया। इस दौरान काशी प्रांत के सहप्रांत कार्यवाह प्रो. राकेश तिवारी और विभाग कार्यवाह राजेश विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

Varanasi News Today three people killed cross-examination of BHU misdeed victim completed
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में खुली हेल्प डेस्क फ्लाइट और होटल की होगी बुकिंग 
बीएचयू कैंपस का रेलवे रिजर्वेशन काउंटर तो बरसों से बंद है, वहीं दूसरी ओर आईआईटी बीएचयू में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट की टिकट की बुकिंग के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। यहां पर संस्थान के छात्र, शोधकर्ता, प्रोफेसर और कर्मचारियों के ही टिकट बुक हो सकेंगे।

श्रीनिवास देशपांडे पुस्तकालय भवन के पास और प्रशासनिक ब्लॉक के सामने यह बुकिंग केंद्र सप्ताह के छह दिन तक खुलेगा। यहां पर अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई टिकट की बुकिंग के साथ ही वीजा सहायता, यात्रा बीमा, होटल बुकिंग और अन्य यात्रा संबंधी सेवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। सोमवार से शनिवार सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक ये हेल्प डेस्क खुली रहेगी। 

वाइवा के लिए परीक्षकों की यात्रा, सीनेट, बोर्ड, वित्त समिति की बैठकें और संस्थान द्वारा आमंत्रित विदेशी प्रतिनिधियों की यात्रा के लिए भी यहीं से बुकिंग होगी। इस बुकिंग के लिए संबंधित विभागाध्यक्ष, स्कूल समन्वयक, डीन, संयुक्त रजिस्ट्रार, उप रजिस्ट्रार, सहायक रजिस्ट्रार, निदेशक के सचिव, रजिस्ट्रार के पीए आदि के आधिकारिक संस्थागत ई-मेल आईडी से अनुरोध होना जरूरी होगा। 

इसके लिए @iitbhu.ac.in का डोमेन होना चाहिए। बीएचयू में नरिया गेट पर रेलवे रिजर्वेशन काउंटर था, जो कि बीते कुछ वर्षों से सक्रिय नहीं है। यहां भी रेलवे के नियमों के अनुसार ही सुबह 10 बजे से रिजर्वेशन काउंटर से टिकट की बुकिंग होती थी। लेकिन, कई बार मारपीट और तोड़फोड़ के कारण इसे बंद कर दिया गया। 

सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड का हुआ वार्षिक समारोह 
बनारस रेल इंजन कारखाना के सेंट जाॅन्स एंबुलेंस ब्रिगेड का वार्षिक निरीक्षण समारोह बृहस्पतिवार को बरेका के केंद्रीय खेलकूद मैदान में हुआ। कार्यक्रम में ब्रिगेड के प्रशिक्षित सदस्यों ने आपातकालीन परिस्थितियों में राहत व बचाव कार्यों से जुड़ी विभिन्न तकनीकों का प्रभावी प्रदर्शन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि कोर कमांडर (मेडिकल) सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड व प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। 

इसके बाद मुख्य अतिथि ने कोर कमांडर राजकुमार पटेल के मार्गदर्शन में ब्रिगेड की ओर से प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान फायरमैन लिफ्ट, मानव बैसाखी, पिक ए बैक, टू हैंड शीट, थ्री हैंड शीट, फोर हैंड शीट, स्ट्रेचर ड्रील एवं सीपीआर जैसी प्राथमिक सहायता तकनीकों का सफल प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर कोर कमांडर एवं उप मुख्य सामग्री प्रबंधन (आयात एवं डीजल) अभिषेक पांडेय ने ब्रिगेड की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। 

कैंट रेलवे स्टेशन पर टिकट निरीक्षक सम्मानित
कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य टिकट निरीक्षक(इंचार्ज) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में टिकट निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किया गया। मुख्य टिकट निरीक्षक जर्नादन सिंह ने भूपेंद्र द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। इस दौरान एसके पांडेय, प्रशांत सिंह, प्रवीन कुमार, वाइके मिश्रा, समीर आदि मौजूद रहे। 

किसान मेला 10 को, जुटेंगे 2000 किसान
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत किसान मेला व कृषक संगोष्ठी 10 फरवरी को संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र कलेक्ट्री फार्म में होगी। यहां कृषि उत्पादों और उपकरणों की प्रदर्शनी लगेगी। कृषि वैज्ञानिक आधुनिक खेती और तकनीकी से किसानों को रूबरू कराएंगे। उप कृषि निदेशक (शोध) शिव कुमार ने बताया कि मेले का शुभारंभ सुबह 11 बजे से होगा। संगोष्ठी में कृषि विश्वविद्यालय, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, कृषि विज्ञान केंद्र, अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान के वैज्ञानिक भाग लेंगे। किसानों के उत्पादों व कंपनियों के स्टॉल लगेंगे। 

भारत कला भवन देखने पहुंचे स्कूली छात्र
बीएचयू के भारत कला भवन में बृहस्पतिवार को भगवानपुर स्थित सनबीम स्कूल के विद्यार्थी पहुंचे। यहां उन्होंने भवन में रखी ऐतिहासिक धरोहरों (कलाकृतियों, सिक्कों, दुर्लभी अभिलेखों आदि) को देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। डॉ. दीपक भरथन अलथुर ने छात्र-छात्राओं को कलाकृतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 108 विद्यार्थियों की टीम ने फ्रेड पिन गैलरी को देख भारत की विशाल सांस्कृतिक विविधता के बारे जानकारी हासिल की। 

एमएमवी में खाद्य सामग्रियों की लगी प्रदर्शनी
बीएचयू महिला महाविद्यालय में मोटा अनाज से बनीं खाद्य सामग्रियों की प्रदर्शनी लगी। दो दिवसीय प्रदर्शनी के अंतिम दिन रागी ब्रेड, बेक्ड मिलेट मठरी, मिलेट केक, मिलेट ब्राउनी और मिलेट बन आदि बनाने का प्रशिक्षण देने के बाद छात्राओं ने खाद्य सामग्रियों की प्रदर्शनी लगाई। कार्यशाला समन्वयक डॉ. सुकन्या चक्रवर्ती और गृह विज्ञान विभाग की प्रो. ललिता वत्ता ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन की आदतों को प्रोत्साहित करना है। 

कैडेट अनुष्का ने एनसीसी रैली में किया प्रदर्शन
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा में स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा अनुष्का मेहता ने दिल्ली में आयोजित एनसीसी रैली में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की ओर से रैली में शामिल हुईं अनुष्का ने दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड पर पीएम नरेंद्र मोदी के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम में ब्रज का चरकुला नृत्य प्रस्तुत किया। अनुष्का को इस दौरान पीएम रैली का मेडल देकर सम्मानित किया गया। 

पंचगंगा घाट पर शिवालयों में किया गया श्रमदान
पंच नदियों की संगम स्थली पंचगंगा घाट पर बृहस्पतिवार को नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। सदस्यों ने महाशिवरात्रि तक जारी अभियान के तहत प्राचीन शिव कचहरी की सफाई कर गंगाधर की सेवा से गंगा निर्मलता का संदेश दिया। जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में श्रमदान कर जीर्णशीर्ण मंदिरों के संरक्षण, खंडित विग्रहों की देखरेख और नियमित पूजन को लेकर जिला प्रशासन को मांग की। अभियान में सत्यप्रकाश कुशवाहा, जय विश्वकर्मा, किरण पांडेय आदि रहे। 

तीन मई को करौंदी में जुटेंगे इतिहासकार
इतिहासकार परिषद काशी प्रांत के सदस्यों की बृहस्पतिवार को बैठक हुई। इसमें आगामी मई महीने में पार्श्वनाथ विद्यापीठ शोध संस्थान, करौंदी में क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग कराने का निर्णय लिया गया है। तीन मई को होने वाले इस कार्यक्रम में काशी प्रांत सहित विभिन्न प्रांतों के इतिहासकार जुटेंगे। साकेतनगर स्थित आवास पर हुई बैठक में संयोजक प्रो. प्रशांत कश्यप ने बताया कि क्षेत्रीय अभ्यास वर्ग में काशी प्रांत के अतिरिक्त गोरक्ष, उत्तरी बिहार, दक्षिणी बिहार और झारखंड प्रांत के वरिष्ठ इतिहासकार मौजूद रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता प्रो. प्रवेश भारद्वाज ने की। संचालन  प्रो. प्रशांत कश्यप और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. अनुराधा सिंह ने दिया। बैठक में डाॅ. देवी प्रसाद सिंह, डाॅ. बालमुकुंद पांडेय, डाॅ. सुरेश पांडेय आदि मौजूद रहे। 

युवा कलाकार ने सितार से किया मुग्ध
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार आकांक्षा सिंह ने बृहस्पतिवार को सितार वादन से मुग्ध किया। शुभारंभ राग बिलासखानी तोड़ी में विलंबित तीनताल की रचना के बाद मध्य तीनताल में निबद्ध रचना पर धुन से सभी को झूमा दिया। तबले पर पीयूष कुमार पर संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया। 

मानस मंदिर के अधीक्षक को दी श्रद्धांजलि
श्री सत्यनारायण तुलसी मानस मंदिर के अधीक्षक पंडितराज बटुक प्रसाद शर्मा शास्त्री के निधन पर मंदिर के ट्रस्टी संजय सुरेका की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को शोकसभा हुई। वक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सुरेका ने कहा कि मंदिर की स्थापना में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। हमें उनकी अनुपस्थिति हमेशा खलेगी। मंदिर की भित्तियों पर अंकित रामचरित मानस की प्रत्येक पंक्ति का संपादन उन्होंने ही किया था। शोकसभा में बटुक प्रसाद के पुत्र त्रिलोचन शास्त्री, पं. ललित भोजराजका, प्रधान पुजारी काशीनाथ, नित्यानंद तिवारी, शिवशंकर मिश्रा आदि ने श्रद्धांजलि दी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed