Sport News: प्रादेशिक कुश्ती...12 अंतरराष्ट्रीय, 36 राष्ट्रीय खिलाड़ी, इसमें छह वाराणसी के; पढ़ें खबरें
Varanasi News: केदार पहलवान की स्मृति में व्यायामशाला बनियापुर में प्रादेशिक सब जूनियर कुश्ती खेली जाएगी। इसके साथ ही वाराणसी में क्रिकेट, शतरंज, फुटबाॅल सहित कई खेलों के आयोजन हो रहे हैं। इसमें जिले के बाहर से भी आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है।
विस्तार
Sports News in Hindi: यूपी और वाराणसी कुश्ती संघ के समन्वय से प्रादेशिक बालक-बालिका कुश्ती प्रतियोगिता बनियापुर के स्वर्गीय केदार पहलवान व्यायामशाला में सात से नौ फरवरी तक होगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 12 अंतरराष्ट्रीय, 36 राष्ट्रीय खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। इनमें छह काशी के खिलाड़ी शामिल हैं।
वाराणसी जिला कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि खिलाड़ियों के रहने खाने का पूरा इंतजाम कर दिया गया है। खेलने के लिए चार एरिना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तीन एरिना में कुश्ती होगी जबकि एक एरिना में खिलाड़ी वार्मअप कर सकेंगे।
बताया कि अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों में काशी की अंशु यादव, पलक यादव, पीयूष यादव, नेहा पाल, रिया यादव और रिया शामिल हैं। इनमें अलावा गोंडा की राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट नंदिनी नागर, बरेली के राष्ट्रीय पदक विजेता अभिनव यादव, नोएडा की राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट रिया नागर और नोएडा की राष्ट्रीय पदक विजेता वंशिका नागर और मोनू यादव प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यवाहक अध्यक्ष ने बताया कि सात फरवरी को अपराह्न तीन बजे कोच व टीम मैनेजर की मीटिंग के बाद 4 बजे ऑफिशियल मीटिंग होगी। आठ फरवरी को सुबह 7 बजे से खिलाड़ियों के प्रमाणपत्रों का वेरिफिकेशन होगा। 7:30 से 9 बजे तक वजन कराया जाएगा। इसके बाद 10 बजे से कुश्ती प्रतियोगिता होगी। बालिका वर्ग का वजन 40, 46, 53, 61 और 69 किलो, जबकि बालक वर्ग की ग्रीको रोमन फ्रीस्टाइल कुश्ती 45, 51, 60, 71 और 92 किलो वर्ग में होगी। नौ फरवरी को सुबह सात बजे वेरिफिकेशन, 7:30 से नौ बजे तक वजन कराने के बाद 10 से कुश्ती शुरू होगी।
बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 43, 49, 57, 65 और 73 किलो भारवर्ग में खेली जाएगी। बालक वर्ग ग्रीको रोमन फ्रीस्टाइल कुश्ती 45, 55, 65, 80 और 110 किलो भारवर्ग में खेली जाएगी। कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू के मुताबिक पहले दिन बालक-बालिका दोनों के पांच-पांच वर्ग की कुश्ती खेली जाएगी और दूसरे दिन भी अन्य पांच पांच वर्गों में कुश्ती कराई जाएगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू करेंगे। आयोजन समिति में ब्लॉक प्रमुख हरहुआ विनोद कुमार उपाध्याय, बृजेश राय, शिव धनी पहलवान, दयाराम मास्टर, नत्थू पहलवान, बृजेश यादव, सुभाष यादव, सूबेदार पहलवान और अखिलेश यादव शामिल हैं।
काशी के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने प्रखर
वाराणसी। रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-15 आयु वर्ग में काशी के पहले कैंडिडेट मास्टर प्रखर त्रिपाठी ने लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में विजेता बनकर जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ में 4 और 5 फरवरी को 9 चक्रों की राज्य सीनियर रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं के छात्र प्रखर ने 8.5 अंक अर्जित किए।
इस प्रतियोगिता में कानपुर, लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, सीतापुर और वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों के 200 से अधिक प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। प्रखर ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को हराकर 68 अंतरराष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त करते हुए राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया।
अब प्रखर राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वाराणसी शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय ने बताया कि प्रखर ने इसी सप्ताह 1 फरवरी को वाराणसी जिला रैपिड और ब्लिट्ज दोनों वर्गों की शतरंज चैंपियनशिप में भी विजेता बनकर प्रदेश चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया था।
बंदियों की टीम से पार नहीं पा सका जेल स्टाफ
शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार में आयोजित जेल प्रिमियर क्रिकेट लीग (जेपीएल-26) बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। फाइनल में बंदियों की टीम ने जेल स्टाफ की टीम को हरा दिया। 13 जनवरी से पांच फरवरी तक यहां पांच टीमों के बीच 24 मैच खेले गए। इसमें 20 लीग और तीन एलिमिनेटर राउंड खेले गए। बंदियों की टीम के जितेंद्र रौनियार ने 21 मैचों में कुल 32 छक्कों की मदद से 272 रन बनाए जबकि जेल वार्डन धमेंद्र कुमार ने 27 विकेट लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फाइनल डिसिप्लिन डेयर डेविल्स और काशी नाइट राइडर्स के मध्य 15 ओवरों का मैच हुआ। काशी नाइट राइडर्स ने निर्धारित 15 ओवर में 156 रन बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिसिप्लिन डेयर डेविल्स की टीम 139 रन पर ऑल आउट हो गई।
कराटे के निर्णायक दिलीप सैनी सम्मानित
69वीं राष्ट्रीय माध्यमिक स्कूली कराटे प्रतियोगिता महाराष्ट्र के पुणे में बारामती पुलिस हेडक्वार्टर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली गई। 9 दिवसीय प्रतियोगिता में वाराणसी कराटे संघ के महासचिव दिलीप सैनी ने मुख्य निर्णायक के रूप में भूमिका निभाई। अविवादित और सर्वमान्य प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए खेल निदेशक जगन्नाथ लकाड़े और महासचिव संदीप घड़े ने प्रतीकचिह्न और प्रमाणपत्र देकर उन्हें पुरस्कृत किया।
15 को होगी जिलास्तरीय बास्केटबॉल निर्णायक परीक्षा
जिला बास्केटबॉल संघ की ओर से जिलास्तरीय बास्केटबॉल निर्णायक परीक्षा 15 फरवरी को जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज में सुबह 11 बजे कराई जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले निर्णायकों को संघ की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। यह परीक्षा वैभव सिंह, मुकेश पांडेय, संतोष सिंह और आशुतोष सिंह की देखरेख में हुई।
विद्यापीठ के विशाल ने जीती योगासन प्रतियोगिता
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में पीजी डिप्लोमा इन नेचुरोपैथी एंड योग प्रथम सेमेस्टर के छात्र विशाल मिश्रा ने ऑल इंडिया योगासन प्रतियोगिता - 2026 में स्वर्ण पदक पाकर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। चिकित्सा विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. पितांबर दास ने बताया कि योगा इंस्टीट्यूट मुंबई में विशाल मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया।
वाराणसी को मिली जीत
डीसीए जालौन की ओर से पुलिस लाइन मैदान में आयोजित चतुर्थ स्वर्गीय मुन्नी देवी सिरौठिया राज्य महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले बुधवार को खेले गए। इसमें वाराणसी ने मुरादाबाद को छह विकेट से हराया। दूसरे मुकाबले में मुरादाबाद ने 18 ओवर में 109 रन बनाए। वाराणसी ने 17.4 ओवर में 112 रन बनाकर मैच जीत लिया।
मुंबई कप ब्लाइंड क्रिकेट की यूपी टीम में बीएचयू की तीन छात्राएं
मुंबई कप ब्लाइंड क्रिकेट प्रतियोगिता में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की तीन छात्राओं ने हिस्सा लिया। तीनों छात्राएं दृष्टि बाधित क्रिकेट प्रतियोगिता की तीन से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। यूपी की घोषित दृष्टि बाधित टीम में बीएचयू की तीन छात्राओं कल्पना कुश्वाहा, ज्योति पाल और सोनाली ने भाग लिया।
यूपी क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड के शौकत अली ने बताया कि तीनों छात्राओं ने यह सफलता अपने खेल जुनून की वजह से हासिल की है। उन्होंने बताया कि मुंबई कप में खेल रही छह टीमों को तीन ग्रुपों में बांटा गया था, जिसमें यूपी को ग्रुप ए में रखा गया। ग्रुप ए में यूपी का मुकाबला गुजरात और महाराष्ट्र से हुआ और यूपी को दोनों मुकाबलों में शिकस्त मिली।
अंतरराष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण ले चुकी है सोनाली
सोनाली एक अंतरराष्ट्रीय शिविर और दो नेशनल (गोवा में पर्पल फेस्टिवल और वर्ल्ड कप शिविर) में हिस्सा ले चुकी हैं। ज्योति ने दो नेशनल (केरल और भुवनेश्वर) में खेला। कल्पना दो नेशनल (भुवनेश्वर जनवरी, पर्पल फेस्टिवल और मुंबई कप) में हिस्सा ले चुकी हैं। यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड की ओर से आयोजित की गई थी।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की वार्षिक खेलों की पांच स्पर्धाओं में खेलेंगे 300 खिलाड़ी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की ओर से वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 11 से 14 फरवरी तक परिसर स्थित क्रीड़ांगन में खेली जाएगी। इसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। कुलसचिव राजेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि ये प्रतियोगिताएं डॉ. सत्येंद्र कुमार यादव के संयोजन में खेली जाएंगी। 11 फरवरी को सुबह साढ़े आठ बजे से गोला और चक्का फेंक, 12 फरवरी को योगासन और कबड्डी, 13 को वॉलीबॉल और शतरंज जबकि 14 फरवरी को बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी।
हारी टीम के 10 खिलाड़ी मैन आफ द मैच के दो तिहाई रन नहीं बना सके
पूर्वांचल ट्रॉफी के लिए बृहस्पतिवार को बीएचयू के रूईया मैदान पर क्रिकेट प्रतियोगिता खेली गई। इसके दूसरे दिन के मैच में भदोही रामलीला और वाराणसी-ए की टीम ने आसान जीत दर्ज की। यह प्रतियोगिता आदर्श फाउंडेशन की ओर से खेली जा रही है। दस खिलाड़ी मिलकर भी विजेता टीम के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी के दो तिहाई रन नहीं बना सके। भदोही रामलीला एकेडमी के अनूप यादव ने 75 गेंदों पर 153 रन की बदौलत 20 ओवर में 240 रन बनाए, जबकि विरोधी टीम 90 रन पर सिमट गई। दिन का पहला मुकाबला भदोही रामलीला और चंदौली क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भदोही रामलीला अकादमी ने 20 ओवर में सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। इसमें अनूप यादव ने 75 गेंदों पर 153 रन और कृष्ण ने 51 रनों का योगदान दिया। चंदौली की ओर से गेंदबाजी में हमदान को एकमात्र सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंदौली क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम 15.3 ओवर में सिर्फ 90 रन बना सकी। टीम की ओर से मुदित यादव ने 37 रन और सूर्यांश ने 15 रन बनाए, इसके बाद कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
सेवापुरी ने बलिया को दस विकेट से हराया
उदयनाथ सिंह चुलबुल स्मृति जिलास्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान पर हुई। इसमें सेवापुरी की टीम ने बलिया को दस विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बलिया की टीम ने आठ ओवर में सभी विकेट खोकर 51 रन का स्कोर बनाया। बलिया टीम की ओर से कौसर अली ने 12 गेंद पर 19 रन और प्रशांत तिवारी ने 11 गेंद खेलकर सात रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं छू सके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेवापुरी की टीम ने बिना किसी नुकसान के पांच ओवर में 51 रन बनाकर मैच जीत लिया।
