महिला पहलवान ने की आत्महत्या: कीटनाशक दवा का किया सेवन, पिछले वर्ष चाचा ने की थी खुदकुशी; दादा-दादी पाल रहे थे
Varanasi News: महिला पहलवान की माैत की जानकारी मिलते ही लंका थाने की पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों से बातचीत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, यह बात चर्चा में रही कि निधि ने आखिर क्यों ऐसा कदम उठाया।
विस्तार
Varanasi News: कछवा रोड मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी महिला पहलवान निधि सिंह पुत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह 24 वर्ष ने बुधवार की शाम कीटनाशक दवा का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, निधि के माता-पिता की वर्षों पहले मौत हो चुकी है। निधि तीन बहन और एक भाई में तीसरे नंबर की थी। कुश्ती की पहलवान थी। जिला व प्रदेशस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेती थी। वाराणसी-मिर्जापुर और भदोही क्षेत्र में होने वाले कुश्ती प्रतियोगिता में महिला वर्ग की पहलवानों में विजेता रही है।
महिला पहलवानों में निधि लोकप्रिय थी। पलवानी के साथ-साथ पढ़ाई भी करती थी। वह बसमत्ती देवी महाविद्यालय में बीएससी की छात्रा थी। उसके दादा-दादी का रो-रो कर बुरा हाल है। घर में अचानक बुधवार की शाम कीटनाशक दवा के सेवन करने की सूचना मिलते ही भाई शिवम द्वारा इलाज के लिए बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में ले जाकर भर्ती कराया गया।
परिजनों में मचा कोहराम
शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बड़ी बहन की शादी हो गई है। छोटी बहन हाई स्कूल में पढ़ाई करती है। भाई शिवम प्रयागराज में रहकर तैयारी कर रहा है।
बता दें कि वर्ष 2024 में होली के दिन निधि के चाचा शिव प्रकाश सिंह ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से सिर में गोली मारी थी। परिजनों द्वारा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराए जाने के 6 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
2018 में निधि ने कुश्ती के लिए मिर्जापुर जिले के कछवा स्थित डीआईजी अखाड़े में प्रैक्टिस करना शुरू किया था। दादा माता दयाल सिंह एवं दादी श्यामा देवी बेटे-बहू के निधन के बाद से ही बच्चों की परवरिश कर रहे थे। महिला पहलवान के शव को लंका पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया।
