Varanasi Accident: नगर निगम के ठेकेदार को 30 मीटर तक घसीटता गया वाहन, मौत; खून से लथपथ हो गया था शरीर
UP Road Accident: सड़क हादसे की सूचना मिलते ही माैके पर सारनाथ थाने की पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम के एक ठेकेदार की मौत हो गई। हादसा चंद्रा चौराहे से बलुआ मार्ग पर लेढ़ुपुर इलाके में हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार ठेकेदार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक वाहन में फंस गया और करीब 30 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार माधोपुर, सिगरा निवासी 32 वर्षीय अमित यादव नगर निगम में ठेकेदारी का कार्य करते थे। मंगलवार को वह स्कूटी से चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे समारोह से लौटते समय जैसे ही वह लेढ़ुपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि अमित वाहन में फंसकर काफी दूर तक घसीटते रहे।
परिजनों में मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अमित ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर के दौरान हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि अमित यादव की शादी तीन वर्ष पूर्व साधना से हुई थी। उनकी डेढ़ वर्ष की एक बेटी काशवी है। वह दो भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के साढ़ू अरविंद यादव की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।