Varanasi News: समय सीमा बीती, 386 में से 309 नाले ही हो पाए साफ; करीब 20 प्रतिशत कार्य अभी भी अधूरा
Varanasi News: वाराणसी में मानसून पूर्व नाला सफाई का लक्ष्य समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हो सका। नगर निगम 386 में से केवल 309 नालों की ही सफाई करा पाया। आंकड़ों के अनुसार 128 बड़े नालों में से 100 तथा 258 छोटे नालों में से 249 नालों की सफाई हुई है। शेष कार्य पूरा करने का दावा किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून के आगमन से पहले शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाया जा रहा नाला सफाई अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा नहीं हो सका है। नगर निगम 15 जून तक सभी नालों की सफाई का लक्ष्य हासिल करने में असफल रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शहर के कुल 386 नालों में से अब तक केवल 309 नालों की सफाई हो सकी है, जो कुल लक्ष्य का लगभग 80 प्रतिशत है। करीब 20 प्रतिशत कार्य अभी भी अधूरा पड़ा है।
नगर निगम के दावों के बावजूद शहर के कई हिस्सों में नाले पूरी तरह साफ नहीं हो पाए हैं। विशेष रूप से संकटमोचन मंदिर मार्ग स्थित नगवां नाले की सफाई अभी अधूरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई पूरी नहीं हुई तो बरसात के दौरान पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है और बैकफ्लो की समस्या उत्पन्न हो सकती है। बाहरी क्षेत्रों के कई नालों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।
नगर निगम के अनुसार शहर के 128 बड़े नालों में से 100 की सफाई पूरी कर ली गई है, जबकि 258 छोटे नालों में से 249 नालों की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। सफाई कार्य की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर नजर रखी जा सके।
वहीं जलकल विभाग भी मानसून की तैयारियों में जुटा हुआ है। विभाग ने अब तक 72 किलोमीटर लंबी स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन में से लगभग 20 किलोमीटर की सफाई पूरी कर ली है। इसके अलावा शहर की सीवर लाइनों की सफाई सुपर सकर और बकेट मशीनों की मदद से कराई जा रही है।
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम नाला सफाई को लेकर पूरी तरह गंभीर है और शेष बचे नालों की सफाई इसी माह पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही समीक्षा बैठक कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देशों के अनुरूप जलभराव की समस्या से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई टीम गठित करने की भी तैयारी की जा रही है।