Varanasi News: नेताजी ने गरीबों, किसानों के लिए हमेशा संघर्ष किया; सपा संस्थापक की मनाई पुण्यतिथि
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें याद कर नमन किया। वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर आयोजन हुए। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
विस्तार
Mulayam Singh Yadav: पूर्व रक्षा मंत्री व सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि शुक्रवार को मनाई गई। सपा के जिला कार्यालय अर्दली बाजार में श्रद्धांजलि सभा हुई। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि नेताजी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और पिछड़े समाज के हक, अधिकार और उत्थान के लिए हमेशा संघर्ष किया। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। इस दौरान जिला प्रवक्ता संतोष यादव, आनंद मौर्या, आत्माराम यादव, पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, डाॅ. उमाशंकर यादव ने विचार रखे।
सपा महानगर कार्यालय ललिता सिनेमा भेलूपूर में नेताजी को श्रद्धांजलि दी गई। महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक के सफर पर विस्तृत चर्चा की। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने छात्र संघ की गठन की परिकल्पना पर जोर देते हुए कहा कि आज की नौजवान पीढ़ी नेताजी की देन है।
नेताजी की राजनीति पर चर्चा
इस अवसर पर डॉ. सूबेदार सिंह, बहादुर सिंह यादव, रितेश केसरी, राजू यादव, ओपी सिंह आदि ने विचार रखे। संचालन योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। उधर समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व जेल विजिटर उर्जेश कुमार गुप्ता सोनू ने गरीबों में फल बांटे। महानगर अल्पसंख्यक सभा के महानगर अध्यक्ष हैदर ने औरंगाबाद में श्रद्धांजलि सभा की। अध्यक्षता सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने की।
गंगा तट से अखाड़े तक, अनूठे अंदाज में दी श्रद्धांजलि
गंगा के तट से लेकर अखाड़े तक, सपा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को याद किया। सुबह गायघाट पर गंगा किनारे सपा युवजन सभा (सयुस) के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया। मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। शाम को ईश्वरगंगी कुंड के पास व्यायामशाला में श्रद्धांजलि सभा में दंगल का अखाड़ा समाजवादी रंग में रंगा। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दीप प्रज्ज्वलन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। शाम को अखाड़े में पहलवानों ने दीपोत्सव के जरिये श्रद्धांजलि दी।